- लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गणतंत्र दिवस-2025 पर घोषित पदक से किया सम्मानित
- कर्तव्य के दौरान अदम्य साहस और वीरता दिखाने वाले प्रदेश के 16 पुलिसकर्मी सम्मानित
उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्धनगर/लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस के वीर जवानों के अदम्य साहस, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा को राजधानी लखनऊ में आयोजित समारोह में सम्मान मिला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गणतंत्र दिवस-2025 के अवसर पर राष्ट्रपति वीरता पदक के लिए चयनित उत्तर प्रदेश पुलिस के 16 कार्मिकों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया। इनमें गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त के पद पर तैनात स्वतंत्र कुमार सिंह भी शामिल रहे। मुख्यमंत्री के हाथों वीरता पदक प्राप्त करने के बाद पुलिस अधिकारियों और जवानों में उत्साह दिखाई दिया। समारोह में स्वतंत्र कुमार सिंह की वीरता और कर्तव्य के प्रति समर्पण को विशेष रूप से सराहा गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीरता पदक प्राप्त करने वाले पुलिसकर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुलिस बल के जवान विपरीत परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटते। देश और प्रदेश की सुरक्षा के लिए उनका साहस, त्याग और समर्पण समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा पूरे उत्तर प्रदेश पुलिस बल का गौरव है।
समारोह में स्वतंत्र कुमार सिंह के अलावा हरदोई के पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, लखनऊ कमिश्नरेट की पुलिस उपायुक्त डॉ. दीक्षा शर्मा, नौवीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद के सेनानायक निपुण अग्रवाल समेत प्रदेश के अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को वीरता पदक प्रदान किए गए। कमिश्नरेट गाजियाबाद के आरक्षी नीरज कुमार पाल और संदीप कुमार को भी इस सम्मान से नवाजा गया। वीरता पदक पाने वाले पुलिसकर्मियों में एसटीएफ के आरक्षी देवदत्त सिंह, राजन कुमार, रितुल कुमार वर्मा, निरीक्षक अमित और उपनिरीक्षक अंगद सिंह यादव के अलावा मेरठ के उपनिरीक्षक मुन्ने सिंह, संभल के पुलिस उपाधीक्षक कुलदीप कुमार, शाहजहांपुर के निरीक्षक गीतेश कपिल और सहारनपुर के आरक्षी प्रवीण अहलावत भी शामिल हैं। वहीं कमिश्नरेट लखनऊ की पुलिस उपायुक्त डॉ. दीक्षा शर्मा और निरीक्षक रिपुदमन सिंह को भी वीरता पदक से सम्मानित किया गया।
समारोह में मुख्यमंत्री ने पुलिस सेवा के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले एसटीएफ के शहीद निरीक्षक सुनील कुमार को भी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शहीद निरीक्षक की पत्नी मुनेश देवी को नगद धनराशि और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। निरीक्षक सुनील कुमार ने 20 जनवरी 2025 को शामली के झिंझाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में चार अपराधियों को मार गिराने में अदम्य साहस का परिचय दिया था। कर्तव्य पालन के दौरान वह वीरगति को प्राप्त हुए थे। स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर निरीक्षक सुनील कुमार को मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किए जाने की घोषणा भी की गई है। मुख्यमंत्री ने उनके बलिदान को पुलिस सेवा के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए परिवार के प्रति सम्मान व्यक्त किया। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक प्रकाश सिंह की पुस्तक ‘संघर्ष’ का विमोचन भी किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस बल की कार्यशैली में साहस, अनुशासन और कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। वीरता पदक समारोह में सम्मानित स्वतंत्र कुमार सिंह सहित सभी पुलिसकर्मियों के सम्मान से पुलिस बल का मनोबल बढ़ा। समारोह में मौजूद अधिकारियों और जवानों ने वीर पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन किया। स्वतंत्र कुमार सिंह को मिले इस सम्मान को गौतमबुद्धनगर पुलिस के लिए भी गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। उनके सम्मान से जिले के पुलिसकर्मियों में भी उत्साह का माहौल रहा और कर्तव्य के प्रति समर्पण की भावना को नई मजबूती मिली।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



