- क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं बेहद जरूरी : पं. राजकुमार तिवारी
- मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य सचिव से तत्काल शासनादेश जारी करने की मांग
- जनहित की मांग पर स्थानीय जनता के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी श्री केदार सभा
उदय भूमि संवाददाता
केदारनाथ धाम, रुद्रप्रयाग। ऊखीमठ स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के उच्चीकरण की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों द्वारा पिछले 20 दिनों से जारी आमरण अनशन को श्री केदार सभा ने अपना पूर्ण समर्थन दिया है। तीर्थ पुरोहित समाज श्री केदारनाथ की प्रतिनिधि संस्था श्री केदार सभा ने शासन-प्रशासन से जनहित की इस मांग पर तत्काल सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। सभा का कहना है कि पर्वतीय क्षेत्र की विषम भौगोलिक परिस्थितियों और दूर-दराज के गांवों को देखते हुए ऊखीमठ में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का होना बेहद आवश्यक है। श्री केदार सभा के अध्यक्ष पं. राजकुमार तिवारी ने कहा कि ऊखीमठ और इसके आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए कई बार लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क और भौगोलिक परिस्थितियों के कारण गंभीर मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना कई बार चुनौती बन जाता है।
ऐसे में स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ऊखीमठ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण की मांग कोई नई मांग नहीं है। क्षेत्र की जनता लंबे समय से इसे उठाती आ रही है। इसके बावजूद अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों में नाराजगी है। इसी मांग को लेकर क्षेत्रवासी पिछले 20 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि इतने लंबे समय तक आमरण अनशन पर बैठना आंदोलनकारियों के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर चिंता का विषय है। शासन और प्रशासन को आंदोलनकारियों की स्थिति को संवेदनशीलता से लेते हुए तत्काल पहल करनी चाहिए।
पं. राजकुमार तिवारी ने कहा कि स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधा को लेकर क्षेत्रवासियों को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना चिंता का विषय है। सरकार को जनता की मांग को गंभीरता से लेते हुए व्यावहारिक समाधान निकालना चाहिए। ऊखीमठ क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से न केवल स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की जनता को भी इसका सीधा फायदा मिलेगा।
मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य सचिव से तत्काल कार्रवाई की मांग
श्री केदार सभा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य सचिव, उत्तराखंड शासन से मांग की है कि ऊखीमठ पीएचसी के उच्चीकरण के संबंध में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए और आवश्यक शासनादेश जारी किया जाए। सभा का कहना है कि शासन स्तर से स्पष्ट निर्णय होने पर क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी और आमरण अनशन समाप्त कराने की दिशा में भी रास्ता खुलेगा।
सभा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ऐसे में ऊखीमठ पीएचसी के उच्चीकरण की मांग पर भी सकारात्मक पहल की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध कराना सरकार और प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
जनता के साथ मजबूती से खड़ी है सभा
पं. राजकुमार तिवारी ने स्पष्ट किया कि श्री केदार सभा जनहित से जुड़ी इस मांग में स्थानीय जनता के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। सभा आंदोलनकारियों की मांग का समर्थन करती है और आवश्यकता पडऩे पर आगे भी अपना सहयोग जारी रखेगी। उन्होंने शासन-प्रशासन से अपील की कि मामले को और लंबा खींचने के बजाय तत्काल वार्ता और सकारात्मक निर्णय के माध्यम से समाधान निकाला जाए, ताकि आंदोलन समाप्त हो और क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


