Image Slider


दिल्ली के निहाल विहार में 31 साल के सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय गुप्ता की मौत मामले में नए खुलासे हुए हैं। जांच में सामने आया कि 21 अगस्त को घटना से पहले विनय की पत्नी रेखा ने घर के अंदर लगा CCTV कैमरा बंद कर दिया था। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद रेखा के भाई और भाभी घर पहुंचे और विनय के साथ मारपीट की। गंभीर रूप से घायल विनय ने अस्पताल जाते समय दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में रेखा समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। विनय लक्ष्मी पार्क के रहने वाले थे और नोएडा की एक मल्टीनेशनल कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे। करीब साढ़े तीन साल पहले उनकी शादी 31 साल की रेखा से हुई थी। दोनों के चार महीने के जुड़वां बच्चे हैं। बच्चे को दवा लगाने को लेकर हुआ था विवाद पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह विनय ने पत्नी से उनके बेटे के शरीर पर हुए छालों पर दवा लगाने को कहा था। रेखा के मना करने पर दोनों में बहस हुई। इसके बाद रेखा घर से निकल गई और अपने भाई राजू, वेदप्रकाश और भाभी पूनम को बुलाया। पिता बोले- बात करने आए, फिर मारपीट शुरू कर दी विनय के पिता प्रेमचंद और मां रेणु गुप्ता उसी घर में रहते हैं, जहां विनय की हत्या हुई। पिता प्रेमचंद के मुताबिक, रेखा के रिश्तेदारों ने कहा था कि वे विनय से बात करने आए हैं। वह उनके लिए पानी लेने अंदर गए। वापस लौटे तो बेटे के साथ मारपीट हो रही थी। उनकी पत्नी ने आरोपियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने उसकी बात नहीं मानी। विनय की मां के मुताबिक, वह और उनके पति रेखा के मायके वालों से बार-बार कहते रहे कि बेटे को मत मारो और शांति से बात करो, लेकिन उन्होंने बिल्कुल नहीं सुनी। मां के मुताबिक, आरोपियों ने उनके बेटे को जमीन पर धक्का दिया, बेड पर पटका और गर्दन पकड़कर पेट में लात-घूंसे मारे। बचाने के दौरान उन्हें भी धक्का दिया। विनय की मां बचाव के लिए पड़ोसियों को बुलाने बाहर गईं और लौटकर आईं तो विनय गंभीर हालत में था। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। पत्नी, उसके दोनों भाई और भाभी गिरफ्तार पुलिस ने बताया कि इस मामले में रेखा, राजू, वेदप्रकाश और पूनम को गिरफ्तार किया गया है। निहाल विहार पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) हत्या और धारा 3(5) कई लोगों की साझा मंशा से किए गए काम के तहत केस दर्ज किया गया है। जांच अधिकारी CCTV फुटेज के साथ पड़ोसियों और परिवार के सदस्यों के बयान भी देख रहे हैं। इनसे घटना का पूरा क्रम पता करने की कोशिश की जा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||