Image Slider

नई दिल्ली (Total Papers in UPSC Exam). अगर आप आईएएस या आईपीएस अफसर बनने के लिए यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं तो इसका एग्जाम पैटर्न समझना बहुत जरूरी है. अक्सर नए एस्पिरेंट्स के मन में यह सवाल जरूर आता है कि आखिर यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा की पूरी प्रक्रिया में कुल कितने पेपर देने होते हैं? क्या सभी पेपर्स के नंबर फाइनल मेरिट लिस्ट में जुड़ते हैं या कुछ सिर्फ पासिंग मार्क्स वाले होते हैं?

संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा की यात्रा 3 चरणों बांटी गई है- प्रीलिम्स, मेंस और पर्सनैलिटी टेस्ट यानी इंटरव्यू. लिखित परीक्षा की बात करें तो प्रीलिम्स और मेंस मिलाकर कुल 11 पेपर देने होते हैं. प्रीलिम्स में ऑब्जेक्टिव टाइप यानी एमसीक्यू वाले 2 पेपर होते हैं, जबकि मेंस में लिखकर उत्तर देने वाले 9 पेपर होते हैं. यूपीएससी सीएसई की तैयारी शुरू करने से पहले हर स्टेज के पेपर्स को समझना जरूरी है. इससे आप अपने पहले ही अटेंप्ट में सफल होकर सरकारी अफसर बन सकते हैं.

यूपीएससी सीएसई परीक्षा पैटर्न

किसी भी परीक्षा की तैयारी शुरू करने से पहले उसका पैटर्न समझना जरूरी है. इससे कहीं भी गलती की गुंजाइश नहीं बचती है. आईएएस, आईपीएस परीक्षा देने से पहले जानिए यूपीएससी सीएसई परीक्षा पैटर्न.

स्टेज 1: प्रीलिम्स परीक्षा – पहली सीढ़ी के 2 पेपर

यूपीएससी परीक्षा की शुरुआत प्रीलिम्स से होती है. इसमें एक ही दिन में दो पेपर कराए जाते हैं. ये दोनों पेपर ऑब्जेक्टिव (MCQ) टाइप के होते हैं:

  • पेपर-1 (जनरल स्टडीज / GS): इसमें 100 सवाल (200 नंबर) होते हैं. इतिहास, भूगोल, राजनीति, अर्थव्यवस्था और करंट अफेयर्स जैसे विषय पूछे जाते हैं. मेंस में पहुंचने के लिए कटऑफ इसी के आधार पर बनती है.
  • पेपर-2 (CSAT): इसमें मैथ्स, रीजनिंग और कॉम्प्रिहेंशन के 80 सवाल (200 नंबर) होते हैं. यह केवल क्वॉलिफाइंग पेपर होता है.. यानी इसमें बस 33% (लगभग 66 नंबर) लाने होते हैं.

स्टेज 2: मेंस परीक्षा – 9 डिस्क्रिप्टिव पेपर

प्रीलिम्स पास करने वाले अभ्यर्थी मेंस परीक्षा में बैठते हैं. इसमें उत्तर विस्तार से लिखने होते हैं. यूपीएससी मेंस परीक्षा में कुल 9 पेपर होते हैं:

क्वॉलिफाइंग भाषा के 2 पेपर:

  • पेपर A: कोई भी एक भारतीय भाषा (जैसे हिंदी).
  • पेपर B: अंग्रेजी.

ये दोनों 300-300 नंबर के होते हैं. इनमें सिर्फ 25% नंबर लाकर पास होना जरूरी है, इनके मार्क्स फाइनल मेरिट में नहीं जुड़ते.

मेरिट वाले 7 पेपर (250 अंक प्रति पेपर):

  • निबंध (Essay): इसमें दिए गए विषयों पर 2 निबंध लिखने होते हैं.
  • GS Paper 1: भारतीय संस्कृति, इतिहास, भूगोल और समाज.
  • GS Paper 2: संविधान, शासन व्यवस्था (Polity) और अंतर्राष्ट्रीय संबंध.
  • GS Paper 3: इकोनॉमी, साइंस-टेक्नोलॉजी, पर्यावरण और सुरक्षा.
  • GS Paper 4: नीतिशास्त्र (Ethics), Integrity and Aptitude.
  • ऑप्शनल विषय: इसके लिए एक विषय चुनना होता है, जिसके 2 पेपर (ऑप्शनल पेपर 1 और पेपर 2) होते हैं.

स्टेज 3: यूपीएससी पर्सनैलिटी टेस्ट (इंटरव्यू)

यूपीएससी मेंस के 7 मेरिट पेपर्स (कुल 1750 अंक) क्लियर करने के बाद 275 अंकों के इंटरव्यू राउंड के लिए बुलाया जाता है. यहां ज्ञान से ज्यादा पर्सनैलिटी, सोचने की क्षमता और फैसले लेने की काबिलियत को परखा जाता है. इसमें कहीं से भी कुछ भी पूछा जा सकता है. इंटरव्यू के सवाल आपके आउटफिट, हॉबी से लेकर होमटाउन तक.. कहीं से भी हो सकते हैं. ज्यादातर एक्सपर्ट इसके सवाल बनाने के लिए अभ्यर्थी का डीएएफ फॉर्म चेक करते हैं.

फाइनल सिलेक्शन का गणित: 1750 + 275 = 2025 अंक

संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में कुल लिखित पेपर्स 11 होते हैं (2 प्रीलिम्स + 9 मेंस). हालांकि, किसी भी अभ्यर्थी की फाइनल रैंक और सर्विस का फैसला केवल मेंस के 7 पेपर्स (1750 मार्क्स) और इंटरव्यू (275 मार्क्स) यानी कुल 2025 अंकों में से हासिल किए गए नंबरों के आधार पर किया जाता है. सर्विस के लिए प्राथमिकता लिस्ट के आधार पर अपनी चॉइस भरनी होती है.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||