-बिना आवेदन किए योग्य डॉक्टर भी चयन की दौड़ में शामिल हो सकते हैं
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। देश के सबसे प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों में शामिल एम्स दिल्ली के अगले निदेशक की तलाश तेज हो गई है। निदेशक पद के लिए अब तक 65 डॉक्टरों ने आवेदन किया है। इनमें 36 डॉक्टर एम्स दिल्ली के हैं, जबकि 29 डॉक्टर देश के दूसरे बड़े चिकित्सा संस्थानों से हैं। सूत्रों के अनुसार, सर्च-कम-सिलेक्शन कमेटी को अधिकार है कि वह आवेदन करने वालों के अलावा किसी अन्य योग्य डॉक्टर के नाम पर भी विचार कर सकती है। ऐसे में बिना आवेदन किए योग्य डॉक्टर भी चयन की दौड़ में शामिल हो सकते हैं।
25 साल का अनुभव जरूरी
एम्स निदेशक पद के लिए उम्मीदवार के पास मेडिसिन, सर्जरी या पब्लिक हेल्थ में पोस्टग्रेजुएट डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा कम से कम 10 साल का शिक्षण और रिसर्च का अनुभव व पेशे में कुल 25 साल का अनुभव जरूरी है। उम्मीदवार के पास किसी बड़े चिकित्सा संस्थान के प्रमुख या विभागाध्यक्ष के तौर पर प्रशासनिक अनुभव भी होना चाहिए। आवेदन के लिए अधिकतम उम्र 62 साल तय की गई है।
रिकॉर्ड की भी होगी जांच
चयन के दौरान उम्मीदवारों की योग्यता और अनुभव के साथ उनके पिछले रिकॉर्ड को भी देखा जाएगा। पिछले 10 साल की गोपनीय रिपोर्ट, सतर्कता रिकॉर्ड और पूरे सेवा काल का इंटीग्रिटी रिकॉर्ड जांच का हिस्सा होगा। चयन के लिए गठित समिति में सरकार के पूर्व प्रमुख वैज्ञानिक सलाहकार डॉ. के विजय राघवन, डीजीएचएस के डॉ. लवनीश के कृष्णा, स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग के सचिव डॉ. राजीव बहल, बायोटेक्नोलॉजी विभाग के सचिव डॉ. राजेश एस. गोखले और सरकार के प्रमुख वैज्ञानिक सलाहकार प्रो. अजय कुमार सूद शामिल हैं। वहीं, नए निदेशक का कार्यकाल पांच साल या 65 साल की उम्र तक, जो भी पहले हो, रहेगा।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



