‘रामायण’ के ट्रेलर से इम्प्रेस नहीं हुए गजेंद्र चौहान
गजेंद्र चौहान ने कहा, ‘मैंने ‘रामायण’ का ट्रेलर देखा है और सच कहूं तो मुझे यह कुछ खास नहीं लगा.’ उन्होंने फिल्म में कैकेयी (लारा दत्ता) के लुक और उस सीन पर खासतौर से सवाल उठाए, जिसमें वह भगवान राम के लिए 14 वर्ष का वनवास मांगती हैं. साल 2002 में बीआर चोपड़ा की ‘रामायण’ में राजा दशरथ का किरदार निभा चुके गजेंद्र चौहान ने अपने उस अनुभव से इस नए सीन की तुलना भी की. उन्होंने कहा, ‘कैकेयी वाला वो सीन मुझे बिल्कुल प्रभावित नहीं कर पाया. सबसे पहली बात तो उनका पहनावा बहुत आधुनिक लगा, उन्हें बेहद मॉडर्न साड़ी पहनाई गई है.’
कैकेयी वाले सीन में नहीं दिखी भावात्मक गहराई
दिग्गज एक्टर का मानना है कि इस नए वर्जन में उस ऐतिहासिक सीन की असल भावनात्मक गहराई ही गायब थी. रवि चोपड़ा की ‘रामायण’ के दिनों को याद करते हुए उन्होंने बताया कि कैकेयी और दशरथ के उस पूरे सीक्वेंस को शूट करने में करीब डेढ़ दिन का वक्त लगा था. उनके मुताबिक, यह सीन पूरी रामायण का एक बेहद अहम मोड़ है, क्योंकि मंथरा के भड़काने के बाद यहीं से पूरे परिवार के टूटने और बिखरने का भावुक सफर शुरू होता है.
‘महाभारत’ पर बन रहे पुराने प्रोजेक्ट का किया जिक्र
अपनी बात को सही आगे बढ़ाते हुए उन्होंने ‘महाभारत’ के एक पुराने प्रोजेक्ट का उदाहरण दिया, जो बड़े-बड़े सितारों से सजा हुआ था. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उस प्रोजेक्ट में अमिताभ बच्चन को भीष्म पितामह, ऋतिक रोशन को कर्ण, आमिर खान को श्रीकृष्ण और अजय देवगन को एक अन्य अहम किरदार के लिए चुना गया था. गजेंद्र चौहान ने ध्यान दिलाया कि लगभग दो साल तक काम चलने के बाद आखिरकार उस प्रोजेक्ट को बंद करना पड़ा था.
गजेंद्र चौहान ने की रणबीर कपूर की तारीफ
रणबीर कपूर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘रणबीर की अपनी एक अलग इमेज है, वह बहुत बड़े स्टार हैं और अब भगवान राम का किरदार निभा रहे हैं.’ हालांकि, उन्होंने एक्टर की तारीफ करने में भी कोई कसर नहीं छोड़ी. उन्होंने आगे कहा कि इसमें कोई शक नहीं कि वह इस लुक में बेहद शानदार लग रहे हैं. गेटअप उन पर काफी जंच रहा है. बता दें कि नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ दिवाली 2026 के मौके पर सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है, जबकि इसका दूसरा भाग दिवाली 2027 पर रिलीज होगा.
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



