Image Slider

नई दिल्ली: श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले टीम इंडिया ने तीन दिन का एक प्रैक्टिस मैच खेला. इस मैच में भारतीय टीम ने अपनी बैटिंग और बॉलिंग दोनों को अच्छे से टेस्ट किया, लेकिन इस दौरान टीम इंडिया का एक खिलाड़ी ऐसा था, जो सिर्फ एक ही पारी के दौरान एक्शन में दिखाई दिया. ये कोई और नहीं बल्कि कुलदीप यादव थे. कुलदीप ने सिर्फ पहली पारी में गेंदबाजी की. ऐसे में चर्चा तेज हो गई क्या कुलदीप पूरी तरह से फिट नहीं हैं, जिसके कारण उन्हें दूसरी पारी में गेंदबाजी नहीं दी गई.

इस पूरे मामले पर टीम इंडिया के स्पिन बॉलिंग कोच साईराज बहुतुले ने एक बड़ा अपडेट दिया. उन्होंने बताया कि प्रैक्टिस मैच की दूसरी पारी में कुलदीप को इसलिए गेंदबाजी नहीं दी क्योंकि वह लगातार ज्यादा गेंदबाजी के बाद अपने शरीर की स्थिति को समझना चाहते थे. उन्होंने साफ किया कि बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर की फिटनेस को लेकर कोई चिंता नहीं है.

कुलदीप यादव ने मैच में की 18 ओवर की गेंदबाजी

कुलदीप ने तीन दिवसीय मैच में 18 ओवर गेंदबाजी की थी. मैच से पहले भी उन्होंने दो तीन ओवर गेंदबाजी की थी. बहुतुले ने कहा कि उन्हें आराम देने का फैसला सिर्फ सावधानी के तौर पर लिया गया था. बहुतुले ने कहा, ‘‘कुलदीप ने मैच में 18 ओवर और मैच से पहले करीब दो तीन ओवर गेंदबाजी की. उनका प्रदर्शन अच्छा रहा. इसके बाद वह थोड़ा ब्रेक लेकर यह समझना चाहते थे कि उनका शरीर कैसा महसूस कर रहा है. ’’

अन्य स्पिनरों रविंद्र जडेजा, मानव सुथार और सारांश जैन को ज्यादा गेंदबाजी का मौका दिया गया. भारत ने इस अभ्यास मैच के जरिए श्रीलंका के खिलाफ गॉल में होने वाले पहले टेस्ट के लिए अपनी तैयारियों को परखा. बहुतुले ने कहा, ‘‘मानव और जडेजा ने करीब 14-15 ओवर गेंदबाजी की. उन्हें पिच को समझने का अच्छा मौका मिला. यह उनके लिए काफी अच्छी तैयारी रही. ’’

कंडिशन को समझने के लिए जडेजा-मानव से कराई ज्यादा बॉलिंग

शुरुआत में पिच से स्पिन गेंदबाजों को ज्यादा मदद नहीं मिली, लेकिन मैच आगे बढ़ने के साथ गेंद ज्यादा घूमने लगी. इससे भारतीय स्पिनरों को काफी फायदा हुआ. बहुतुले ने कहा, ‘‘पहले दिन पिच थोड़ी सपाट थी, लेकिन जैसे-जैसे दिन बीतते गए, गेंद ज्यादा घूमने लगी. स्पिनरों के लिए यह अच्छा अभ्यास रहा.’’ भारत ने स्थानीय परिस्थितियों को समझने के लिए इस अभ्यास मैच में मजबूत टीम उतारी थी. बहुतुले के मुताबिक खिलाड़ियों ने इस मौके का अच्छा फायदा उठाया.

उन्होंने कहा, ‘‘ज्यादातर खिलाड़ी यहां आ चुके हैं, अनुभवी खिलाड़ी हैं जैसे जड्डू यहां पहले भी खेल चुके हैं. लेकिन मानव और सारांश जैन जैसे नए खिलाड़ियों को बस यह समझना होगा कि सही लाइन और लेंथ क्या होगी. और क्षेत्ररक्षण कैसे सजाना है जो बहुत जरूरी है. ’’

शुभमन गिल की फिटनेस को लेकर अब चिंता की बात नहीं

भारतीय टीम प्रबंधन शुभमन गिल की चोट से उबरने को लेकर भी संतुष्ट है. गिल को गुरुवार को प्रैक्टिस सेशन में बल्लेबाजी के दौरान दाहिने हाथ पर चोट लगी थी. सावधानी के तौर पर गिल ने अभ्यास मैच के पहले दिन बल्लेबाजी नहीं की. बाद में उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी की और कैचिंग अभ्यास में भी हिस्सा लिया.

बहुतुले ने कहा, ‘‘यह सिर्फ एहतियात के लिए किया गया. वह बिल्कुल ठीक हैं और लगातार ट्रेनिंग कर रहे हैं. इसलिए प्रबंधन ने पहले दिन उन्हें बल्लेबाजी से दूर रखने का फैसला किया. ’’ उन्होंने गिल की तैयारी की भी तारीफ की. बहुतुले ने बताया कि गिल श्रीलंका के स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ खेलने की खास तैयारी कर रहे हैं.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||