Image Slider

Amethi News: अपने क्षेत्र, जिले और गांव के सर्वांगीण विकास की उम्मीद से जनता जिस जनप्रतिनिधि को चुनकर विधानसभा भेजती है, चुनाव नजदीक आते ही उसके कामकाज का हिसाब-किताब शुरू हो जाता है. अमेठी जिले की चर्चित जगदीशपुर विधानसभा सीट (184) पर भी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी चरम पर है. कभी कांग्रेस के मजबूत गढ़ के रूप में पहचानी जाने वाली यह सीट 2017 से भारतीय जनता पार्टी के पास है और वर्तमान में सुरेश पासी यहां से विधायक हैं. 10 वर्षों के कार्यकाल के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी सुविधाओं और कनेक्टिविटी पर करोड़ों रुपये खर्च करने के दावों के बीच लोकल 18 की टीम ने धरातल पर पहुंचकर जनता का मिजाज जाना. ग्राउंड रिपोर्ट में जहां कुछ मतदाता विकास कार्यों की सराहना करते नजर आए, वहीं कुछ ने जर्जर सड़कों और विधायक की जनता से दूरियों पर खुलकर सवाल खड़े किए.

स्थानीय मतदाताओं की राय: विकास से संतोष, लेकिन सड़कों और दूरियों पर सवाल
लोकल 18 की टीम जब जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र में जनता का रुख जानने पहुंची, तो मतदाताओं से बातचीत में मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आईं. स्थानीय नागरिक मोहम्मद मुनीर अहमद ने क्षेत्र की बदहाली पर बात करते हुए कहा कि सड़कों पर लगातार पानी भरा रहता है और जलसंकट दूर करने के लिए नल तक नहीं लगाए गए हैं. उन्होंने विधायक के कामकाज पर असंतोष जताते हुए आरोप लगाया कि वे जनता के बीच पर्याप्त समय नहीं बिताते हैं.

वहीं, मुख्य बाजार के स्थिति पर बात करते हुए एक अन्य स्थानीय मतदाता राकेश कुमार ने कहा कि विधायक द्वारा कराए गए विकास कार्यों से वे संतुष्ट तो हैं, लेकिन कुछ मूलभूत समस्याओं का निस्तारण होना अभी बाकी है. उन्होंने कहा, ‘जगदीशपुर विधानसभा के मुख्य बाजार की सड़क पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो चुकी है. कई बार विधायक जी से शिकायत की गई, लेकिन सड़क का निर्माण नहीं हो सका. हालांकि, जो अन्य विकास कार्य होने चाहिए थे, वे हो रहे हैं.’ 2027 के चुनाव पर उन्होंने कहा कि अभी कुछ तय नहीं किया है, माहौल देखकर ही मतदान करेंगे.

राज्य में शांति और विकास का माहौल, विरोध केवल राजनीतिक
क्षेत्र के विकास को लेकर मोहम्मद जावेद ने कहा कि यहां ऐसा कोई महत्वपूर्ण काम बाकी नहीं बचा है जो न हुआ हो. आवश्यकता के अनुसार काम कराए गए हैं. चुनाव परिणाम के कयासों पर उन्होंने कहा कि विरोध में तो कुछ लोग रहते ही हैं, शत-प्रतिशत लोग कभी सहमत नहीं हो सकते. यदि थोड़ी सड़कें बेहतर हो जाएं और जनता के साथ विधायक जी की नजदीकी बढ़ जाए, तो स्थिति और बेहतर होगी.

बाजार के एक स्थानीय दुकानदार ने सत्ता पक्ष के प्रति विश्वास जताते हुए कहा कि प्रदेश में अमन-चैन और सुरक्षा का माहौल है. उन्होंने दावा किया कि विरोध केवल पार्टी के अंदरूनी या विरोधी लोग कर रहे हैं, धरातल पर सुरेश पासी के अलावा किसी अन्य की स्थिति मजबूत नहीं है.

जनता से दूरी पर उठे सवाल, तो किसी ने गिनाईं उपलब्धियां
स्थानीय निवासी अमरचंद ने विधायक के कामकाज पर सीधा सवाल उठाते हुए कहा कि जब जनप्रतिनिधि जनता से सीधे मिलेंगे ही नहीं, तो विकास की सही स्थिति कैसे तय होगी? उन्होंने कहा कि विधायक जी का जनता के बीच न आना एक बड़ी समस्या है. इसी तरह गुड्डू कुमार ने कहा, ‘केवल चुनाव जीत जाना ही सब कुछ नहीं होता. जनप्रतिनिधि को जनता के बीच लगातार जाना पड़ता है, लेकिन विधायक जी इस मामले में पीछे रहते हैं और जनता से उनकी दूरी बनी हुई है.’

दूसरी ओर, मतदाता ओपी मिश्रा ने विधायक के पक्ष में बात करते हुए कहा कि व्यक्तिगत काम के बजाय सार्वजनिक हित के बड़े प्रोजेक्ट्स पूरे किए गए हैं. उन्होंने बताया कि विधायक सुरेश पासी के कार्यकाल में आईटीआई का निर्माण हुआ, गोमती नदी पर पुल बना, सड़कें बनीं और अस्पताल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं.

विधायक सुरेश पासी ने प्रस्तुत किया 10 वर्षों का रिपोर्ट कार्ड
जनता के बीच जारी चर्चाओं और विधानसभा सत्र की व्यस्तता के बीच विधायक सुरेश पासी ने टेलीफोनिक बातचीत में अपने 10 वर्षों के कार्यकाल का संपूर्ण लेखा-जोखा प्रस्तुत किया. उन्होंने कहा कि वे सदैव जनता की सेवा के प्रति समर्पित रहे हैं. विधायक सुरेश पासी के अनुसार, 184-जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र में विगत 10 वर्षों में निम्नलिखित प्रमुख विकास कार्य संपन्न हुए हैं:

  • शिक्षा एवं कौशल विकास: कठौरा में बालिका डिग्री कॉलेज एवं कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना, महोना व कठौरा में 12 ट्रेड वाले आईटीआई की स्थापना, हालियापुर में मुख्यमंत्री अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय, हरखूमऊ में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय तथा मऊ अतुवारा में इंटर कॉलेज का निर्माण.
  • स्वास्थ्य सुविधाएं: जगदीशपुर सीएचसी में ट्रॉमा सेंटर व ब्लड बैंक की सुविधा; दाखिनवारा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना.
  • सुरक्षा व बुनियादी ढांचा: कठौरा में फायर स्टेशन व उत्सव मैरिज लॉन; भाले सुल्तान में नया थाना भवन और 4 नई पुलिस चौकियां, 3 नए पावर हाउस की स्थापना.
  • सड़क एवं परिवहन मार्ग: जगदीशपुर-अयोध्या 4-लेन मार्ग, जगदीशपुर-बाजार शुक्ल मार्ग, रानीगंज-शुक्ल बाजार मार्ग, रीछघाट-बाजार शुक्ल-इन्हौना मार्ग का चौड़ीकरण व उच्चीकरण, जगदीशपुर बाईपास, पाण्डेयगंज से उरेरमऊ मार्ग का चौड़ीकरण और शिवली से मांझगांव मार्ग का निर्माण.
  • नदी पुल व कनेक्टिविटी: गोमती नदी पर जनसुविधा हेतु पन्ही-मांझगांव पीपा पुल, पाली में पक्का पुल, नांदी पीपा पुल, किशनी पीपा पुल, मड़वा पीपा पुल, पिछूती-मटियारी पीपा पुल तथा थौरी पीपा पुल का निर्माण.
  • धार्मिक व सांस्कृतिक पुनरुद्धार: हरगांव स्थित बाबा सिद्धादास जी की तपोस्थली का जीर्णोद्धार; मांझगांव में माँ कामाख्या देवी धाम का सौंदर्यीकरण व बारादरी निर्माण, हरखूमऊ में पहलवान वीर बाबा हाट बाजार का निर्माण.

विधायक सुरेश पासी ने कहा कि यह सभी कार्य क्षेत्र के विकास और जनसेवा को समर्पित हैं, और यदि जनता पुनः अवसर देती है, तो विकास की यह गति आगे भी जारी रहेगी.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||