Image Slider

नई दिल्ली. देश की सबसे बड़ी जीवन बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) ने चालू वित्तवर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में बंपर कमाई की है.कंपनी ने गुरुवार को शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि अप्रैल-जून तिमाही में उसका कुल शुद्ध लाभ 23 फीसदी बढ़कर 13,492 करोड़ रुपये हो गया. इससे पहले वित्तवर्ष 2025-26 की समान तिमाही में एलआईसी का शुद्ध लाभ 10,987 करोड़ रुपये रहा था.

एलआईसी ने बताया कि जून तिमाही में उसकी कुल कमाई बढ़कर 2,37,848 करोड़ रुपये हो गई, जो 2025-26 की समान अवधि में 2,22,864 करोड़ रुपये थी. पहले साल के प्रीमियम से हुई कमाई जून तिमाही में बढ़कर 9,217 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 7,525 करोड़ रुपये थी. इसके अलावा रिन्यू कराने वाली पॉलिसी के प्रीमियम की कमाई बढ़कर 61,833 करोड़ रुपये हो गई, जबकि एक साल पहले यह 59,885 करोड़ रुपये थी.

सिंगल प्रीमियम से भी मोटी कमाई
एलआईसी ने बताया कि जून तिमाही के दौरान सिंगल प्रीमियम से कमाई भी बढ़कर 56,369 करोड़ रुपये रही, जो वित्तवर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में 51,923 करोड़ रुपये थी. इससे कंपनी की शुद्ध प्रीमियम से कमाई बढ़कर 1,27,250 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले की समान अवधि में 1,19,200 करोड़ रुपये थी. हालांकि, इस दौरान कंपनी का कुल खर्च भी बढ़कर 2,25,573 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की जून तिमाही में 2,11,928 करोड़ रुपये था.

बीमा क्लेम निपटाने में भी सुधार
एलआईसी ने बताया कि चालू वित्तवर्ष की पहली तिमाही में एलआईसी के क्लेम निपटाने में भी सुधार आया है. क्लेम निपटाने का अनुपात सुधारकर 2.42 गुना हो गया है, जो एक साल पहले की समान तिमाही में 2.17 गुना था. इसका मतलब है कि कंपनी ने अपने ग्राहकों के बीमा दावों का सेटलमेंट करने में भी तेजी हासिल की है. इस अनुपात का मतलब है कि क्लेम रिजेक्ट करने की तुलना में उसका निपटारा करने की दर दोगुने से भी ज्यादा है.

शेयरों में दिखी गिरावट
एलआईसी के दमदार प्रदर्शन के बावजूद निवेशकों का सेंटिमेंट गुरुवार को कमजोर दिखा और कंपनी के शेयरों में गिरावट दिखी. एनएसई पर एलआईसी के स्टॉक्स 1.4 फीसदी की गिरावट के साथ 387.50 रुपये के भाव पर बंद हुए. इससे पहले सरकार ने एलआईसी में ऑफर फॉर सेल के जिरये अपनी करीब 7 फीसदी हिस्सेदारी बेच दी और 32 हजार करोड़ रुपये का फंड जुटाया. इस डील की वजह से ही निवेशकों का सेंटिमेंट कमजोर दिख रहा है.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||