ऑनलाइन दान के बाद तुरंत मिलेगी डिजिटल रसीद
ट्रस्ट ने अपनी वेबसाइट के डोनेशन सेक्शन को अपडेट करते हुए यह व्यवस्था लागू की है. ऑनलाइन दान करने के दौरान श्रद्धालुओं को अपना नाम, दान का उद्देश्य, पैन नंबर, दान की तिथि, दान राशि, पता, राज्य, जिला, देश, पिनकोड, ई-मेल आईडी और मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा. भुगतान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सिस्टम स्वतः डिजिटल रसीद जारी करेगा, जिसे श्रद्धालु तुरंत डाउनलोड कर सुरक्षित रख सकेंगे. इसके अलावा ट्रस्ट ने दान संबंधी सहायता के लिए अपनी वेबसाइट पर आधिकारिक मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी भी उपलब्ध कराई है, ताकि किसी भी प्रकार की समस्या या जानकारी के लिए श्रद्धालु सीधे संपर्क कर सकें.
श्रद्धालुओं की शिकायतों के बाद लागू हुई नई व्यवस्था
राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले के बाद कई राम भक्तों ने समय पर दान की रसीद न मिलने की शिकायत की थी. इसी फीडबैक को ध्यान में रखते हुए ट्रस्ट ने यह नई डिजिटल व्यवस्था लागू की है. साथ ही मंदिर परिसर में ऑफलाइन माध्यम से दान करने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को भी अनिवार्य रूप से रसीद उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है. ट्रस्ट का मानना है कि इससे दान प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और भविष्य में दान संबंधी रिकॉर्ड का सत्यापन भी आसानी से किया जा सकेगा.
हर दिन 10 लाख से ज्यादा दान मिलने का अनुमान
नई व्यवस्था लागू होने के बाद श्रद्धालुओं का भरोसा दोबारा मजबूत होता दिखाई दे रहा है. सूत्रों के मुताबिक, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से प्रतिदिन 10 लाख से अधिक का दान प्राप्त हो रहा है. मंदिर परिसर में स्थापित दान पात्रों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु नकद राशि अर्पित कर रहे हैं, जबकि ऑनलाइन दान का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है. हालांकि, ट्रस्ट ने अभी तक दैनिक दान की राशि को लेकर कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है.
पारदर्शी और जवाबदेह बनेगी दान व्यवस्था
ट्रस्ट का कहना है कि डिजिटल रसीद प्रणाली से न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि दान व्यवस्था अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनेगी. इससे प्रत्येक दान का रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर उसका सत्यापन भी आसानी से किया जा सकेगा. नई पहल को श्रद्धालुओं के विश्वास को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



