ट्रिपल लेयर सुरक्षा प्लानिंग लागू
कांवड़ यात्रा 2026 के दौरान बड़े शिवालयों पर 7 लेयर सुरक्षा और कांवड़ मार्गों पर ट्रिपल लेयर सुरक्षा प्लानिंग लागू की गई है. आतंकी इनपुट और पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के गैंग की सक्रियता को लेकर भी अलर्ट जारी है. ऐसे में एटीएस और बाकी एजेंसी की तैनाती की गई है. शिवालय के अंदर, गेट और मंदिर परिसर पर एटीएस की टीम घेरा बनाकर सुरक्षा करेगी. वहीं, बाकी सुरक्षा का जिम्मा पुलिस के हाथ रहेगी. खुफिया एजेंसियों की टीम भी अलर्ट मोड पर है.
एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर एटीएस और एसटीएफ समेत बाकी टीम को भी उत्तराखंड से लेकर दिल्ली बार्डर तक तैनात किया गया है. दूसरी ओर, बड़े शिवालय में मंदिर परिसर के गेट और अंदर बनाया गया चार लेयर का सुरक्षा घेरा एटीएस के हवाले रहेगा. इसके बाहर ट्रिपल लेयर में पुलिस की टीम सड़क, बैरिकेड और एंट्री प्वाइंट पर तैनात रहेगी. इसके अलावा कांवड़ मार्गों पर भी ट्रिपल लेयर सुरक्षा दी जाएगी. किसी भी अप्रिय स्थिति में तुरंत मदद पहुंचेगी. वहीं जलाशय पर बैरिकेड, नाविक और पीएसी समेत एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम को भी तैनात किया जाएगा. प्रशिक्षित गोताखोर भी लगाए गए हैं.
मोदी-योगी और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ प्रिंट टी-शर्ट की सबसे ज्यादा डिमांड
प्रयागराज में कांवड़ यात्रा को लेकर बाजार पूरी तरह सज गए हैं.कांवड़ियों के लिए भगवा रंग की टी-शर्ट, हाफ पैंट, गमछे और अन्य पोशाकों की खूब बिक्री हो रही है. इस बार पीएम मोदी, सीएम योगी, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और ‘बाबा बुलडोजर’ प्रिंट वाली टी-शर्ट सबसे ज्यादा पसंद की जा रही हैं. वहीं पहली बार 3D प्रिंटेड टी-शर्ट भी बाजार में आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं. बढ़ती मांग के चलते दुकानदारों को लगातार नया स्टॉक मंगाना पड़ रहा है, लेकिन मांग पूरी करना मुश्किल हो रहा है.
शिवजी का जलाभिषेक करते
कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्त केसरिया रंग के वस्त्र पहनकर भारी संख्या में गंगाजल लेने निकल जाते हैं. वहीं, सावन शिवरात्रि के दिन वापस आकर शिवलिंग पर जल अर्पित करते हैं और इसी के साथ ही कांवड़ यात्रा समाप्त हो जाती है. कांवड़िये इस दौरान गंगोत्री, हरिद्वार आदि पवित्र स्थानों से कांवड़ में गंगाजल भरकर अपने घर के पास वाले शिवमंदिर में शिवजी का जलाभिषेक करते हैं. इस यात्रा को बहुत ही शुभ फलदायी माना जाता है और भक्तों के लिए कांवड़ यात्रा बहुत ही खास और महत्वपूर्ण है.
यहां किए गए रूट डायवर्जन
भारी संख्या को देखते हुए उत्तराखंड, यूपी से लेकर हिमाचल-हरियाणा तक रूट डायवर्जन किया गया है. हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि सहारनपुर की ओर से आने वाले कांवड़ वाहन मंडावर, अब्दुल कलाम चौक, नगला ईमरती, लक्सर और एसएम तिराहा होते हुए बैरागी कैंप पार्किंग में पहुंचेंगे. अगर यातायात का दबाव बढ़ता है तो दिल्ली, मेरठ और मुजफ्फरनगर से आने वाले कांवड़ वाहनों को रामपुर तिराहा, कोलकी टोल प्लाजा, बड़कलां, मंडावर, सालियर चौक, अब्दुल कलाम चौक, नगला ईमरती, लक्सर और एसएम तिराहा होकर बैरागी कैंप पार्किंग भेजा जाएगा. यमुनानगर और सहारनपुर से आने वाले कांवड़ वाहन भी मंडावर, सालियर चौक, अब्दुल कलाम चौक, नगला ईमरती, लक्सर और एसएम तिराहा होते हुए बैरागी कैंप पार्किंग में पहुंचेंगे. यहां से वाहनों की निकासी श्मशान घाट पुल, श्रीयंत्र पुल, बुड्ढी माता तिराहा, देश रक्षक और सिंहद्वार होते हुए एनएच-334 से होगी.
ये नया रूट डायवर्जन
- मुरादाबाद, बिजनौर और नजीबाबाद की ओर से आने वाले कांवड़ वाहनों को चिड़ियापुर, गैंडीखाता और 4.2 डायवर्जन से गौरीशंकर तथा नीलधारा पार्किंग में भेजा जाएगा.
- देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले कांवड़ वाहन नेपाली तिराहा, सप्तऋषि तिराहा और दूधाधारी फ्लाईओवर से चमगादड़ टापू व लालजीवाला पार्किंग पहुंचेंगे.
- दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे कांवड़ वाहनों के लिए प्रतिबंधित रहेगा.
पैदल कांवड़ियों के लिए रास्ता
दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और हरियाणा की ओर जाने वाले पैदल कांवड़ियों को हरकी पैड़ी से रोडीबेलवाला रैंप, केशव आश्रम तिराहा, ओम पुल, रेगुलेटर पुल, शंकराचार्य चौक, सिंहद्वार, आर्यनगर चौक, लाल पुल, पुल जटवाड़ा और बहादराबाद नहर पटरी से भेजा जाएगा. मुरादाबाद और नजीबाबाद की ओर जाने वाले श्रद्धालु हरकी पैड़ी, सीसीआर चौक, दीनदयाल पार्किंग अंडरपास, आनंद वन समाधि पार्किंग, चंडी चौक, 4.2 तिरछा पुल और नहर पटरी होते हुए आगे बढ़ेंगे. देहरादून और ऋषिकेश की ओर जाने वाले कांवड़िए हरकी पैड़ी, भीमगोड़ा, खड़खड़ी, सूखी नदी बैरियर और दूधाधारी तिराहे से राष्ट्रीय राजमार्ग-34 के रास्ते जाएंगे.
बसों के लिए अलग व्यवस्था
- देहरादून और ऋषिकेश से आने-जाने वाली रोडवेज बसें नेपाली तिराहा, रायवाला और दूधाधारी तिराहा होते हुए मोतीचूर पार्किंग में खड़ी होंगी.
- दिल्ली, पंजाब और हरियाणा से आने वाली रोडवेज बसों को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे, मंडावर और अब्दुल कलाम चौक से ऋषिकुल मैदान पार्किंग भेजा जाएगा.
- नजीबाबाद रूट की बसों को लाडपुर, 4.2 तिरछा पुल से नीलधारा और गौरीशंकर पार्किंग में रोका जाएगा.
- वहीं देहराबाद, ऋषिकेश और हरिद्वार से बिजनौर, नजीबाबाद, मुरादाबाद और नैनीताल जाने वाली रोडवेज बसें अपने निर्धारित मार्ग से संचालित होंगी.
- प्राइवेट बसों के लिए भी लगभग यही व्यवस्था लागू रहेगी.
- दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, पंजाब और हरियाणा से आने वाली बसें बैरागी कैंप पार्किंग में खड़ी होंगी, जबकि नजीबाबाद रूट की बसों को नीलधारा और गौरीशंकर पार्किंग भेजा जाएगा.
- यात्रियों की सुविधा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने सभी बस संचालकों को निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का पालन करने के निर्देश दिए हैं.
भारी वाहनों के लिए भी व्यवस्था
आज से 11 अगस्त तक मुरादाबाद, बिजनौर और नजीबाबाद की ओर जाने वाले भारी वाहन चिड़ियापुर और कांगड़ी पार्किंग में खड़े किए जाएंगे, जबकि दिल्ली और मेरठ की ओर से आने वाले भारी वाहन मंडावर में रोके जाएंगे. 29 जुलाई से चार अगस्त तक भारी वाहनों का संचालन रात 12 बजे से सुबह चार बजे तक होगा, जबकि पांच से 11 अगस्त तक इनका संचालन पूरी तरह बंद रहेगा. चारधाम यात्रा के लिए दिल्ली, मेरठ और मुजफ्फरनगर से केदारनाथ एवं बदरीनाथ जाने वाले वाहन मेरठ, गढ़मुक्तेश्वर, नजीबाबाद, कोटद्वार, पौड़ी और श्रीनगर मार्ग से संचालित होंगे तथा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का उपयोग करेंगे. गंगोत्री और यमुनोत्री जाने वाले वाहनों के लिए भी यही व्यवस्था लागू रहेगी.
मुजफ्फरनगर में भारी वाहनों पर रोक
मुजफ्फरनगर. कांवड़ यात्रा के मद्देनजर मुजफ्फरनगर पुलिस ने यातायात डायवर्जन लागू कर दिया है. एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि 29 जुलाई की मध्यरात्रि से 12 अगस्त तक एनएच-58 पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. 29 जुलाई से 4 अगस्त तक हाईवे की बाईं लेन कांवड़ियों के लिए आरक्षित रहेगी, जबकि हल्के वाहन एक लेन से संचालित होंगे. 4 अगस्त से हाईवे की दोनों लेन केवल कांवड़ियों के लिए आरक्षित रहेंगी. सहारनपुर, हरिद्वार और अन्य जिलों से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं. इसके लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है.
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



