Image Slider

नई दिल्ली. ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा और उनके पति निक जोनस की केमिस्ट्री अकसर फैंस का दिल जीत लेती है. इस बार भी दोनों का एक मजेदार बातचीत वाला वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है. बातचीत के दौरान निक ने शादीशुदा जिंदगी से जुड़ा ऐसा राज खोला, जिसे सुनकर प्रियंका भी अपनी हंसी नहीं रोक पाईं. इतना ही नहीं, एक्टर-सिंगर ने बॉलीवुड से जुड़े अपने खास शौक का भी खुलासा किया, जबकि प्रियंका ने उनकी आदत को लेकर ऐसी बात कह दी, जिसने फैंस की एक्साइटमेंट को और बढ़ा दिया.

सिंगर-एक्टर निक जोनास ने बताया है कि ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा से शादी के बाद उन्हें जो चीज सबसे ज्यादा पसंद है, वह है बॉलीवुड गॉसिप से अपडेट रहना. जोनास ब्रदर्स की नई पॉडकास्ट सीरीज ‘हे जोनास!’ के एक एपिसोड में, जिसमें निक, प्रियंका चोपड़ा, केविन जोनास और जो जोनास शामिल थे. सिंगर ने मजाक में कहा कि उनकी लगभग आठ साल की शादी का सबसे बड़ा फायदा यह रहा है कि उन्हें बॉलीवुड की ताजा खबरों और गॉसिप के बारे में पता चलता रहता है.

प्रियंका चोपड़ा संग शादी में सबसे अच्छी क्या है?

निक ने कहा, ‘इन आठ सालों में मुझे जो चीज सबसे ज्यादा पसंद आई, वह है बॉलीवुड की गॉसिप जो मुझे सुनने को मिली.’ प्रियंका ने अपने पति की टांग खींचते हुए कहा, “हमारी पूरी शादी में तुम्हें यही सबसे ज्यादा पसंद आया? उनका पूरा फीड गॉसिप से भरा रहता है.’

बॉलीवुड के हर ब्रेकअप की निक को होती है पहले खबर

उन्होंने आगे बताया कि निक को अकसर बॉलीवुड में ब्रेकअप के बारे में उनसे पहले ही पता चल जाता है. प्रियंका ने कहा, ‘मुझे पता नहीं चलता कि किसका किसके साथ ब्रेकअप हो गया है और तुम ही मुझे बताते हो. अकसर ऐसा तब होता है जब मैं किसी को टेक्स्ट कर रही होती हूं और कहती हूं, ‘अरे, फलां-फलां को मेरा प्यार देना.’ और वह कहते हैं, ‘नहीं, उनका ब्रेकअप हो गया है.’ और मैं कहती हूं, ‘ओह, तो तुम गॉसिप पर नजर रखते हो.’ निक ने हंसते हुए माना, ‘हां, मैं रखता हूं’. केविन और जो ने उनसे खुलकर पूछा कि वह किसके अपडेट्स और गॉसिप को फोलो करते हैं, लेकिन निक ने नाम बताने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा, ‘मैं नाम नहीं बता सकता. वे हमारे दोस्त हैं.’

बॉलीवुड गॉसिप पर पैनी नजर रखते हैं निक जोनास

सिंगर ने यह भी माना कि वह चुपके से कुछ बॉलीवुड गॉसिप पेजों को फॉलो करते हैं. उन्होंने आगे कहा, ‘कुछ ऐसे अकाउंट्स हैं जिन्हें मैं ‘घोस्ट फॉलो’ करता हूं, जानते हो? वहां कुछ अच्छी गॉसिप मिलती है. ऐसी कई कहानियां होती हैं जिन्हें फॉलो करना पड़ता है.’

2017 में मुलाकात, 2018 में शादी

निक और प्रियंका की बात करें तो, दोनों की पहली मुलाकात 2017 में ऑस्कर की आफ्टर-पार्टी में हुई थी और 2018 में उन्होंने एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया. उसी साल उनकी सगाई हुई और दिसंबर 2018 में जोधपुर के उम्मेद भवन पैलेस में उन्होंने शादी की, जिसमें ईसाई और हिंदू दोनों रीति-रिवाजों का पालन किया गया. 2022 में, सरोगेसी के जरिए उनकी बेटी मालती मैरी चोपड़ा जोनास का जन्म हुआ.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||