Image Slider




संवाद न्यूज एजेंसी









पलवल। साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना साइबर क्राइम पुलिस ने फर्जी सिम और बैंक खातों के जरिए ऑनलाइन ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हथीन क्षेत्र के गांव चिल्ली निवासी जाफरान के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और दो फर्जी सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।

थाना साइबर क्राइम प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार ने बताया कि मुख्य सिपाही निखिल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम हथीन बाईपास पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि जाफरान केएमपी पुल के पास मौजूद है और फर्जी सिम व खातों के माध्यम से गाय, पेपर और वाहन बेचने का झांसा देकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करता है।

सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से ओप्पो कंपनी का मोबाइल मिला, जिसमें दो फर्जी सिम कार्ड सक्रिय थे। जांच में मोबाइल से साइबर ठगी से जुड़े संदिग्ध चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिले। राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर जांच करने पर संबंधित मोबाइल नंबर के खिलाफ पहले से शिकायत दर्ज मिली। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर उसके नेटवर्क और ठगी की रकम के संबंध में पूछताछ करेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं और साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन 1930 या साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||