Image Slider

नई दिल्ली (NEET UG 2026 Exam Day LIVE). देश के लाखों युवाओं और उनके माता-पिता की धड़कनें बढ़ी हुई हैं. देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी आज आयोजित की जाएगी. नीट यूजी पेपर लीक विवाद के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी और देशभर के जिला प्रशासन ने सुरक्षा के ऐसे पुख्ता इंतजाम किए हैं कि परिंदा भी पर न मार सके. दोपहर 2 बजे से देश-विदेश के हजारों केंद्रों पर परीक्षा शुरू होगी. हर क्लासरूम में AI कैमरे, जैमर्स और बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन का इस्तेमाल किया जा रहा है.

NEET UG 2026 LIVE: पाली में 5 केंद्रों पर 2079 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

नीट यूजी 2026 लाइव: राजस्थान के पाली शहर में 5 केंद्रों पर 2,079 परीक्षार्थी मेडिकल प्रवेश परीक्षा देंगे. परीक्षा को निष्पक्ष और लीक-प्रूफ बनाने के लिए बेहद सख्त सुरक्षा घेरे और पुलिस बल की मौजूदगी में गोपनीय प्रश्न पत्रों को परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाया गया है. दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलने वाली इस परीक्षा के सफल संचालन के लिए पांचों केंद्रों पर भारी पुलिस तैनात की गई है. अभ्यर्थियों को फ्रिस्किंग और आइडेंटिटी वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही एंट्री की अनुमति दी जा रही है.

NEET UG 2026 LIVE: गुरुग्राम में 18 केंद्रों पर धारा 163 लागू

नीट यूजी 2026 लाइव: हरियाणा के गुरुग्राम जिले में 18 केंद्रों पर 6,804 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे. जिलाधीश और डीसी उत्तम सिंह ने परीक्षा को पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए सख्त कदम उठाए हैं. सभी केंद्रों के आस-पास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है. इसके तहत परीक्षा केंद्रों के पास सभी कोचिंग सेंटर्स और फोटो स्टेट की दुकानें बंद रखने के आदेश हैं. प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए 8 ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं. प्रशासन ने परीक्षार्थियों की सहूलियत के लिए हरियाणा राज्य परिवहन की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी है.

NEET UG 2026 LIVE: अजमेर में 15 केंद्रों पर बीएसएफ, सीआरपीएफ और पुलिस का पहरा

नीट यूजी 2026 लाइव: राजस्थान के अजमेर जिले में 15 केंद्रों पर 6,000 से अधिक पंजीकृत अभ्यर्थी नीट परीक्षा देंगे. सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जिसके तहत BSF और CRPF के आला अधिकारियों सहित 300 से अधिक पुलिसकर्मी सभी केंद्रों पर पैनी नजर रख रहे हैं. धांधली और पेपर लीक जैसी गड़बड़ियां रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त नियम लागू किए हैं. परीक्षा केंद्रों के 300 मीटर के दायरे में आने वाले सभी ई-मित्र और फोटोकॉपी की दुकानें बंद रखी गई हैं. प्रश्न पत्रों को लाने-ले जाने से लेकर परीक्षा केंद्रों के अंदर की प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और रिकॉर्डिंग कराई जा रही है.

NEET UG 2026 LIVE: दौसा में री-नीट परीक्षा को लेकर ग्राउंड पर उतरे कलेक्टर-एसपी: 12 केंद्रों पर धारा 163 लागू, त्रिस्तरीय सुरक्षा जांच के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश

नीट यूजी 2026 लाइव: राजस्थान के दौसा जिले में नीट यूजी पुनर्परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन बेहद सख्त है. जिला कलेक्टर सौम्या झा और एसपी पीयूष दीक्षित सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने फील्ड में उतरे हुए हैं. जिले के कुल 12 केंद्रों पर परीक्षा होगी. किसी भी तरह की गड़बड़ी या बाहरी दखल को रोकने के लिए जिले में धारा 163 (निषेधाज्ञा) लागू कर दी गई है. इसके तहत सभी केंद्रों के 300 मीटर के दायरे में आम लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध है. केंद्रों पर सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही परीक्षार्थियों को एंट्री मिलेगी. मेटल डिटेक्टर और दस्तावेजों की ‘त्रिस्तरीय’ गहन जांच और सत्यापन प्रक्रिया से गुजरने के बाद ही परीक्षा कक्ष के अंदर जाने की अनुमति मिल रही है.

NEET UG 2026 LIVE:सीएपीएफ की निगरानी में बंटे प्रश्न पत्र

नीट यूजी 2026 लाइव: परीक्षा को पारदर्शी और सुरक्षित माहौल में कराने के लिए CAPF की निगरानी में प्रश्न पत्रों का वितरण सुनिश्चित किया गया है. पहले परीक्षा में धांधली कराने वाले गिरोहों और नकल माफिया से जुड़े रहे लोगों पर पुलिस ने विशेष शिकंजा कसा है और उनकी हर गतिविधि की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है. परीक्षा के दिन शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और दूर-दराज से आने वाले छात्रों की सहूलियत के लिए रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों और प्रमुख टेंपो स्टैंडों पर भारी पुलिस फोर्स को अलर्ट मोड पर रखा गया है, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु रहे और परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर गड़बड़ी की कोई गुंजाइश न रहे.

NEET UG 2026 LIVE: कानपुर में 40 से ज्यादा टीमें मुस्तैद

नीट यूजी 2026 लाइव: नीट को लेकर कानपुर कमिश्नरेट पुलिस अलर्ट मोड पर है. परीक्षा केंद्रों के साथ-साथ शहर के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और टेंपो स्टैंड पर भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है. परीक्षा में नकल और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को रोकने के लिए इतिहास में पहली बार अत्याधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है. 60 से ज्यादा हाईटेक ड्रोन कैमरों से केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है. किसी भी आपात स्थिति से निपटने या त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस की 40 से अधिक विशेष टीमें लगातार मुस्तैद और एक्टिव मोड में हैं.

NEET UG 2026 LIVE: कानपुर में 41 केंद्रों पर नीट परीक्षा, 20 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल

नीट यूजी 2026 लाइव: उत्तर प्रदेश के कानपुर में नीट यूजी 2026 के लिए दुरुस्त सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं. जिले के कुल 41 परीक्षा केंद्रों पर 20,484 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं. इस बार नीट के इतिहास में पहली बार परीक्षा केंद्रों और उनके आस-पास के संवेदनशील इलाकों की निगरानी हाईटेक ड्रोन कैमरों से की जा रही है. इसके साथ ही पुलिस ने केंद्रों के पास स्थित हाईराइज (बहुमंजिला) इमारतों की छतों पर भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया है. इससे किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जा सकेगी. परीक्षा की तैयारियों और इन सुरक्षा इंतजामों को लेकर न्यूज़18 संवाददाता अमित गंजू ने जॉइंट पुलिस कमिश्नर विपिन टाडा से खास बातचीत की, जिसमें उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.

NEET UG 2026 LIVE: राजस्थान में 27 जिलों के 577 केंद्रों पर परीक्षा

नीट यूजी 2026 लाइव: राजस्थान के 27 जिलों में नीट यूजी के 577 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. राजधानी जयपुर में सबसे अधिक 103 और कोचिंग हब कोटा में 92 सेंटर बनाए गए हैं. नकल और पेपर लीक जैसी अनियमितताओं को रोकने के लिए प्रशासन ने बेहद सख्त उपाय किए हैं. परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षकों (SPs) को मैदान में उतारा गया है. चुनाव की तर्ज पर निगरानी के लिए खास ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं. सभी केंद्रों पर हाई-क्वॉलिटी CCTV कैमरे, सिग्नल जैमर, मेटल डिटेक्टर से गहन जांच और अनिवार्य बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन की व्यवस्था की गई है. सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए केंद्रों के 300 मीटर के दायरे में आने वाले सभी साइबर कैफे और फोटोकॉपी की दुकानों को परीक्षा खत्म होने तक बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं.

NEET UG 2026 LIVE: परीक्षार्थियों के लिए नागपुर में मुफ्त एसी बस सेवा

नीट यूजी 2026 लाइव: नागपुर महानगरपालिका ने अनोखी पहल करते हुए ‘आपली बस’ सेवा में विद्यार्थियों को नीट प्रवेश पत्र दिखाने पर मुफ्त यात्रा की सुविधा दी है. शहर के सभी 30 केंद्रों के लिए एसी बसों का संचालन किया है. दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलने वाली नीट यूजी परीक्षा के सफल संचालन के लिए अहिल्यानगर के उपजिलाधिकारी दादासाहेब गीते को नोडल अधिकारी बनाया गया है. प्रशासन ने दावा किया है कि सभी पुख्ता इंतजाम पूरे हैं. उन्होंने उम्मीदवारों से सोशल मीडिया की भ्रामक अफवाहों से दूर रहकर शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा देने की अपील की है.

NEET UG 2026 LIVE: पेपर लीक के एपीसेंटर महाराष्ट्र में नीट परीक्षा को लेकर हाई अलर्ट

नीट यूजी 2026 लाइव: नीट पेपर लीक और कथित अनियमितताओं का एपीसेंटर रहे महाराष्ट्र में आज परीक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क है. परीक्षा को सुरक्षित, पारदर्शी और कदाचार मुक्त बनाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है. नागपुर जिले के 30 केंद्रों पर 12,512 अभ्यर्थी CCTV निगरानी, फ्रिस्किंग और सुरक्षा जांच के बीच परीक्षा देंगे. अहिल्यानगर में 12 केंद्रों पर 5,385 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं. यहां प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन के लिए लोकल पुलिस के साथ CRPF का बंदोबस्त किया गया है. निर्बाध बिजली और मेडिकल टीमें भी तैनात की गई हैं. लातूर जिले में निगरानी को मजबूत करने के लिए केंद्रों की संख्या 34 से घटाकर 24 कर दी गई है. करीब 14 हजार परीक्षार्थियों के लिए भारी पुलिस बल के साथ ड्यूटी मजिस्ट्रेट और स्टेट ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं. खुद जिलाधिकारी ने केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया है.

NEET UG 2026 LIVE: चंडीगढ़ में 7 केंद्रों पर 3800 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

नीट यूजी 2026 लाइव: पिछले वर्षों में पेपर लीक और परीक्षा संबंधी विवादों के बाद आज आयोजित हो रही नीट यूजी 2026 परीक्षा को लेकर चंडीगढ़ प्रशासन और NTA ने सुरक्षा और पारदर्शिता के इंतजाम किए हैं. इसके तहत शहर के 7 केंद्रों पर करीब 3,800 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे. डीसी निशांत कुमार यादव के अनुसार, सभी केंद्रों पर 300 से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ संबंधित थाना प्रभारी और एरिया डीएसपी खुद सुरक्षा की कमान संभालेंगे. परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी के लिए हर केंद्र पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं. गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए CRPF और चंडीगढ़ पुलिस के पहरे में प्रश्नपत्रों और गोपनीय सामग्री को बैंकों से केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा.

NEET UG 2026 LIVE: भिवानी में नीट परीक्षा को लेकर हाई अलर्ट पर पुलिस

नीट यूजी 2026 लाइव: हरियाणा के भिवानी में नीट परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित संपन्न कराना पुलिस के लिए साख का सवाल बन गया है. डीएसपी अनूप सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने शहर के हर होटल, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर सर्च ऑपरेशन चलाकर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है. जिले के 7 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देने वाले 3,842 छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए हर केंद्र पर 20-20 पुलिसकर्मियों और CRPF के जवान तैनात किए गए हैं. इसकी कमान खुद 5 DSP संभालेंगे और लगातार निगरानी के लिए हर केंद्र पर पेट्रोलिंग पार्टियां मुस्तैद रहेंगी. परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए जिले के सभी कोचिंग सेंटर्स और फोटो स्टेट की दुकानें बंद रखने का आदेश दिया गया है.

NEET UG 2026 LIVE: सीसीटीवी और इलेक्ट्रॉनिक जैमर्स से निगरानी

नीट यूजी 2026 लाइव: परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और जैमर स्थापित किए गए हैं. बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया में बाधा से बचने के लिए जैमर्स को परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले दोपहर 1:45 बजे एक्टिव किया जाएगा. कुरुक्षेत्र पुलिस ने सुरक्षा और यातायात के शानदार प्रबंध किए हैं. डीएसपी सुनील कुमार ने बताया कि सभी केंद्रों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था को बेहद मजबूत किया गया है, जिससे अभ्यर्थी बिना किसी मानसिक तनाव या परेशानी के परीक्षा दे सकें. परीक्षार्थियों और अभिभावकों की सहूलियत के लिए केंद्रों के बाहर ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ वाहनों के लिए खास पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है.

NEET UG 2026 LIVE: कुरुक्षेत्र में 5 केंद्रों पर 1980 परीक्षार्थी देंगे नीट यूजी

नीट यूजी 2026 लाइव: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में नीट यूजी 2026 को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए जिला प्रशासन तैयार है. उपायुक्त (DC) विश्राम कुमार मीणा ने अधिकारियों को निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने की हिदायत दी है. जिले में बनाए गए 5 केंद्रों पर कुल 1,980 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. शाहाबाद के एसडीएम शंभू राठी को नोडल ऑफिसर नियुक्त किया गया है. यह परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी. इसके लिए सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही केंद्रों में एंट्री मिलेगी.

NEET UG 2026 LIVE: कांगड़ा जिले के 12 केंद्रों पर आज नीट परीक्षा

नीट यूजी 2026 लाइव: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में नीट यूजी 2026 के सफल संचालन के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है. उपायुक्त (DC) हेमराज बैरबा ने बताया कि जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर स्थानीय पुलिस के साथ ITBP के जवानों को तैनात किया गया है. दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलने वाली इस परीक्षा में दिव्यांग परीक्षार्थियों को नियमानुसार अतिरिक्त समय दिया जाएगा. उनकी परीक्षा शाम 6:20 बजे खत्म होगी. भीड़ से बचने के लिए अभ्यर्थियों को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे के बीच ही केंद्रों में एंट्री दी जाएगी. पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर CCTV कैमरे और जैमर लगाने के साथ ही वीडियो रिकॉर्डिंग सुनिश्चित की गई है. प्रश्नपत्रों और OMR शीट्स के सुरक्षित ट्रांसफर की पल-पल की मॉनिटरिंग मोबाइल ऐप के जरिए की जा रही है.

NEET UG 2026 LIVE: कपड़ों में सिंपल टी-शर्ट या शर्ट ही चलेगी

नीट यूजी 2026 लाइव: नीट यूजी ड्रेस कोड की बात करें तो लड़कों और लड़कियों, दोनों को बहुत ही साधारण कपड़े पहनने की सलाह दी जाती है. आप आधी आस्तीन की टी-शर्ट या शर्ट पहन सकते हैं. पूरी आस्तीन यानी फुल स्लीव्स के कपड़े पहनकर जाने पर सेंटर के अंदर एंट्री नहीं मिलेगी. यह नियम सुरक्षा जांच को आसान बनाने और किसी भी तरह की चीटिंग की गुंजाइश को खत्म करने के लिए बनाया गया है.

NEET UG 2026 LIVE: पीडब्ल्यूबीडी (PwBD) सर्टिफिकेट वालों को मिलेगी छूट

नीट यूजी 2026 लाइव: अगर कोई उम्मीदवार दिव्यांग (PwBD) कैटेगरी के तहत आता है और उसने परीक्षा में छूट या स्क्रैब (लेखक) की मांग की है तो उसे सक्षम प्राधिकारी की तरफ से जारी किया गया ओरिजिनल मेडिकल सर्टिफिकेट साथ लाना होगा. इसके बिना परीक्षा में एक्स्ट्रा टाइम या अन्य सुविधाएं नहीं मिल पाएंगी. संबंधित छात्रों को इस दस्तावेज को बहुत सावधानी से साथ रखना चाहिए.

NEET UG 2026 LIVE: उम्मीदवारों के लिए एनटीए की शुभकामनाएं

नीट यूजी 2026 लाइव: एनटीए ने नीट यूजी 2026 के सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दी हैं. एनटीए ने सोशल मीडिया पर लिखा- इसी दिन के लिए आपने इतनी मेहनत की है. इसलिए खुद पर भरोसा रखें, शांत रहें और अपना बेस्ट दें. परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए एनटीए ने समय और जरूरी नियमों की घोषणा की है. परीक्षा केंद्र पर सुबह 11:00 बजे दोपहर 1:30 बजे तक ही एंट्री मिलेगी. उम्मीदवारों को अपने साथ एडमिट कार्ड, एक वैध फोटो पहचान पत्र और 2 पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य है. किसी भी तरह की प्रतिबंधित वस्तुएं लाने की सख्त मनाही है. इसके साथ ही एनटीए ने अभ्यर्थियों को हाइड्रेटेड रहने और ट्रैफिक को ध्यान में रखते हुए समय से पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी है.

NEET UG 2026 LIVE: परीक्षा केंद्रों पर एनटीए की विशेष दीवार घड़ियां

नीट यूजी 2026 लाइव: एनटीए ने आज आयोजित हो रहे नीट री-एग्जामिनेशन को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए बेहद सख्त सुरक्षा इंतजाम किए हैं. इसके तहत परीक्षा केंद्रों के हर क्लासरूम के लिए एनटीए ने खुद अपनी तरफ से दीवार घड़ियां भेजी हैं. इस बार परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए न सिर्फ अभ्यर्थियों, बल्कि ड्यूटी पर तैनात इन्विजिलेटर्स और अन्य स्टाफ के लिए भी किसी भी तरह की हाथ की घड़ी पहनकर आने पर सख्त पाबंदी लगा दी गई है. परीक्षा केंद्र में मौजूद सभी लोग सिर्फ एनटीए की दीवार घड़ी से ही समय देख सकेंगे. इसके साथ ही सुरक्षा नियमों को सख्त करते हुए परीक्षा केंद्र के अंदर वीक्षकों और स्टाफ को मोबाइल फोन ले जाने की भी अनुमति नहीं दी गई है.

NEET UG 2026 LIVE: दुबई और शारजाह के परीक्षा केंद्रों पर एनटीए का अहम अपडेट

नीट यूजी 2026 लाइव: एनटीए नीट यूजी 2026 री-एग्जामिनेशन संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई और शारजाह शहरों में भी होगा. इसके लिए दुबई में ‘द इंडियन हाई स्कूल’ (The Indian High School) और शारजाह में ‘शारजाह इंडियन स्कूल’ (Sharjah Indian School) को परीक्षा केंद्र बनाया गया है. एनटीए ने सभी उम्मीदवारों को ऑफिशियल वेबसाइट neet.nta.nic.in से एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की सलाह दी है. परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड, पासपोर्ट साइज तस्वीरें और वैध फोटो पहचान पत्र लेकर पहुंचें.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||