Image Slider

नई दिल्ली (NEET UG 2026 Exam Guidelines LIVE). नीट यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा कल, 21 जून को देश-विदेश में होगी. नीट यूजी पेपर लीक और धांधली के आरोपों के बाद दोबारा हो रही परीक्षा को पारदर्शी, निष्पक्ष और नकल विहीन बनाने के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी और राज्य प्रशासनों ने सुरक्षा चक्र तैयार किया है. देशभर के केंद्रों पर परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए इस बार CCTV कैमरों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ हाई-टेक जैमर्स लगाए गए हैं.

NEET UG 2026 LIVE: यूपी में अभ्यर्थियों के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

नीट यूजी 2026 लाइव: उत्तर प्रदेश में नीट यूजी को लेकर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है. राजधानी लखनऊ के 75 केंद्रों पर 35 हजार 494 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए आज ही सभी केंद्रों पर तैयारियों की मॉक ड्रिल की जा रही है. परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस और PAC बल के साथ खुफिया एजेंसियों को भी एक्टिव किया गया है. सभी केंद्रों पर अतिरिक्त CCTV कैमरे लगाकर निगरानी रखी जाएगी. नीट प्रश्न पत्र और ओएमआर शीट को सख्त सुरक्षा के बीच सीधे लॉकर से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा. दूर-दराज से आने वाले परीक्षार्थियों के लिए कल 4 स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी और शहर के 22 प्रमुख रास्तों पर ई-सिटी बसों का संचालन किया जाएगा.

NEET UG 2026 LIVE: रायपुर में नीट परीक्षा से पहले सियासी घमासान

नीट यूजी 2026 लाइव: रायपुर में नीट परीक्षा से ठीक पहले सियासत गरमा गई है. भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने छात्रों से मुलाकात करने पहुंचे पीसीसी चीफ दीपक बैज पर तीखा हमला बोला है. दीपक बैज की इस सक्रियता पर तंज कसते हुए विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के पास अब कोई काम नहीं बचा है. वह अपने पूरे कार्यकाल में अपनी पार्टी की कार्यकारिणी तक का गठन नहीं कर सके. उन्होंने बैज के दौरों और मुलाकातों को बेअसर बताते हुए कहा कि वह अब जहां भी जाएं, उनकी इन गतिविधियों का राजनीति में कोई मतलब या प्रभाव नहीं रहने वाला है.

NEET UG 2026 LIVE: जयपुर में री-नीट से पहले पुलिस की मॉक ड्रिल

नीट यूजी 2026 लाइव: जयपुर में री-नीट परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था परखने के लिए आज पुलिस ने परीक्षा केंद्रों पर सघन मॉक ड्रिल की.  माणकचौक थानाधिकारी राकेश ख्यालिया की मौजूदगी में पुलिस टीम ने माणकचौक स्थित केंद्र के हर परीक्षा कक्ष में जाकर इंतजाम चेक किए. साथ ही सीसीटीवी कैमरों और मॉनिटरिंग रूम का सिस्टम भी बारीकी से चेक किया. रविवार को होने वाली नीट यूजी परीक्षा से ठीक 5 घंटे पहले पुलिस सभी केंद्रों को अपने सुरक्षा घेरे में ले लेगी. इसके बाद केंद्र से 300 मीटर के दायरे में साइबर कैफे के संचालन या किसी भी अन्य संदिग्ध गतिविधि पर रोक रहेगी. परीक्षार्थियों के परिजनों को भी इस सीमा में आने की अनुमति नहीं होगी. परीक्षा के दौरान सुरक्षा जवान सेंटर के अंदर और बाहर तैनात रहेंगे. परीक्षा शुरू होते ही हाई-टेक जैमर्स के जरिए इंटरनेट नेटवर्क को जाम कर दिया जाएगा.

NEET UG 2026 LIVE: रायपुर में कल 25 केंद्रों पर होगी नीट परीक्षा

नीट यूजी 2026 लाइव: कल होने जा रही देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट को लेकर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. शहर के 25 केंद्रों पर कुल 9,050 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. इस बार कुल परीक्षार्थियों में महिला अभ्यर्थियों की संख्या ज्यादा है. कल 5,665 महिलाएं, 3,348 पुरुष और 37 दिव्यांग अभ्यर्थी नीट यूजी परीक्षा देंगे. दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलने वाली इस परीक्षा के लिए प्रशासन ने समय और नियमों को लेकर निर्देश जारी किए हैं. दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र के अंदर एंट्री नहीं दी जाएगी. इसलिए सभी अभ्यर्थियों को समय से पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है.

NEET UG 2026 LIVE: कोटा में 92 केंद्रों पर परीक्षा देंगे 32,715 अभ्यर्थी

नीट यूजी 2026 लाइव: राजस्थान के कोटा में कल होने वाली री-नीट यूजी परीक्षा को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए हैं. इसके तहत शहर के 92 परीक्षा केंद्रों पर कुल 32,715 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए हैं. परीक्षा को पारदर्शी, निष्पक्ष और नकल विहीन बनाने के लिए 6 सिटी को-ऑर्डिनेटर और ऑडिटर नियुक्त किए गए हैं. सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों और जैमर के जरिए इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर लगाम कसी जाएगी. साथ ही लोकल पुलिस की निगरानी में मुस्तैद व्यवस्था रहेगी. नियमों के मुताबिक, किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए केंद्रों पर अभ्यर्थियों का गहन बायोमेट्रिक सत्यापन (थम्ब इंप्रेशन और चेहरा मिलान) किया जाएगा और सख्त फ्रिस्किंग प्रक्रिया से गुजरने के बाद ही परीक्षा कक्ष में एंट्री मिलेगी.

NEET UG 2026 LIVE: पश्चिम बंगाल पुलिस ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

नीट यूजी 2026 लाइव: पश्चिम बंगाल में 21 जून 2026 को होने वाली नीट यूजी की पुनर्परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रूप से कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा और ट्रैफिक के पुख्ता इंतजाम किए हैं. राज्य पुलिस ने परीक्षार्थियों की सुरक्षा, सुविधा और केंद्रों तक बिना किसी बाधा के पहुंचने के लिए शानदार प्रबंध किए हैं. किसी भी आपातकालीन सहायता या असुविधा की स्थिति में उम्मीदवारों की मदद के लिए स्टेट कंट्रोल रूम के 2 हेल्पलाइन नंबर (+91 91478 90146 और +91 91478 90145) भी जारी किए हैं. इस परीक्षा से ठीक पहले पश्चिम बंगाल पुलिस ने परीक्षा में शामिल होने जा रहे सभी अभ्यर्थियों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.

NEET UG 2026 LIVE: जयपुर समेत देशभर में NEET UG री-एग्जाम की मॉक ड्रिल

नीट यूजी 2026 लाइव: जयपुर सहित पूरे देश में 21 जून को आयोजित होने जा रही नीट यूजी री-एग्जाम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं. आज नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) देशव्यापी मॉक ड्रिल कर रही है. इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य सभी परीक्षा केंद्रों पर जमीनी स्तर की तैयारियों को बारीकी से परखना है, जिससे कल किसी भी तरह की चूक या तकनीकी गड़बड़ी न हो. इस समीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के इंतजामों, प्रश्न पत्रों की सुरक्षा और गोपनीयता बनाए रखने की कड़ियों के साथ-साथ परीक्षा के संचालन से जुड़े हर बिंदु को परखा और सुनिश्चित किया जाएगा.

NEET UG 2026 LIVE: एडमिट कार्ड पर जरूरी है फोटो

नीट यूजी 2026 लाइव: परीक्षा के लिए जरूरी दस्तावेजों पर ट्वीट करते हुए NTA ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को ऑफिशियल वेबसाइट से डाउनलोड किया गया नया एडमिट कार्ड ही साथ लाना होगा. उसके साथ दिए गए प्रोफार्मा पर अपनी 4”x6” साइज की पोस्टकार्ड फोटो को घर से ही चिपकाकर लाना अनिवार्य है. इसके अलावा अटेंडेंस शीट पर चिपकाने के लिए एक एक्सट्रा पासपोर्ट साइज फोटो भी साथ रखें, जो आपके आवेदन फॉर्म में अपलोड की गई फोटो से बिल्कुल मैच खाती हो.

NEET UG 2026 LIVE: दोपहर 1:30 बजे बंद हो जाएंगे मुख्य गेट

नीट यूजी 2026 लाइव: एनटीए ने उम्मीदवारों को समय का पाबंद रहने की चेतावनी देते हुए ट्वीट किया है कि परीक्षा दोपहर 2:00 बजे शुरू होगी, लेकिन केंद्रों पर एंट्री सुबह 11:30 बजे से ही शुरू हो जाएगी. सबसे जरूरी बात है कि दोपहर 1:30 बजे परीक्षा केंद्र के मेन गेट बंद कर दिए जाएंगे. इसके बाद किसी भी कीमत पर, चाहे कोई भी वजह हो, किसी भी अभ्यर्थी को अंदर जाने की इजाजत नहीं मिलेगी. इसलिए ट्रैफिक और दूरी का अंदाजा लगाकर घर से निकलें.

NEET UG 2026 LIVE: दोहरी जांच से गुजरेगा हर उम्मीदवार

नीट यूजी 2026 लाइव: एनटीए के लेटेस्ट ट्वीट के अनुसार, परीक्षा केंद्र में एंट्री के वक्त हर उम्मीदवार का बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन किया जाएगा. इस बार न सिर्फ परीक्षा शुरू होने से पहले डिजिटल फिंगरप्रिंट और फेशियल रिकग्निशन (चेहरे की पहचान) की जाएगी, बल्कि परीक्षा के दौरान भी इनविजिलेटर दोबारा उम्मीदवारों की उपस्थिति और बायोमेट्रिक डेटा का मिलान करेंगे. एजेंसी ने साफ किया है कि इस दोहरे सुरक्षा घेरे का मकसद परीक्षा में किसी भी तरह के फर्जी छात्र (इम्पर्सोनेटर) के बैठने की कोशिश को नाकाम करना है.

NEET UG 2026 LIVE: दिल्ली मुख्यालय से होगी सेंटर्स की लाइव निगरानी

नीट यूजी 2026 लाइव: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी है कि दिल्ली स्थित मेन ऑफिस में अल्ट्रा मॉडर्न सेंट्रल कंट्रोल रूम बनाया गया है. इसके जरिए देशभर के सभी 5000 से ज्यादा परीक्षा केंद्रों की पल-पल की लाइव वीडियो स्ट्रीमिंग देखी जाएगी. NTA के सीनियर अधिकारी खुद इस मॉनिटरिंग टीम का हिस्सा हैं, जो किसी भी केंद्र पर होने वाली संदिग्ध गतिविधि या तकनीकी गड़बड़ी पर तुरंत एक्शन लेंगे और परीक्षा में पारदर्शिता सुनिश्चित करेंगे.

NEET UG 2026 LIVE: एनटीए ने किए सुरक्षा के गजब इंतजाम

नीट यूजी 2026 लाइव: NTA ने ट्वीट के जरिए देशभर के परीक्षार्थियों को भरोसा दिलाया है कि कल होने वाली परीक्षा को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए खास इंतजाम किए गए हैं. एजेंसी ने इस बार सुरक्षा व्यवस्था में ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई है. सभी परीक्षा केंद्रों पर एडवांस्ड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल, हाई-टेक जैमर्स और सीसीटीवी कैमरों के जरिए लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी, जिससे पेपर लीक या किसी भी तरह की डिजिटल चोरी की गुंजाइश को खत्म किया जा सके.

NEET UG 2026 LIVE: फ्री ट्रांसपोर्ट के साथ सादे कपड़ों में एलआईयू के जवान रहेंगे मुस्तैद

नीट यूजी 2026 लाइव: भीषण गर्मी को देखते हुए यूपी समेत कई राज्यों में फ्री ट्रांसपोर्ट, बिजली, पानी और एम्बुलेंस की विशेष व्यवस्था की गई है. रेलवे, रोडवेज, एआरटीओ और सिटी मजिस्ट्रेट की टीमें स्टेशनों पर रहेंगी, जिससे बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों को पर्याप्त बसें-ट्रेनें मिलती रहें. होटलों और लॉज मालिकों को भी सेंसिटाइज किया गया है. इसके अलावा, जिलों में बने मुख्य कंट्रोल रूम से लाइव मॉनिटरिंग होगी और अफवाह फैलाने वालों पर सोशल मीडिया सेल नजर रखेगी.

NEET UG 2026 LIVE: बिहार के 35 शहरों के 331 केंद्रों पर 1.56 लाख उम्मीदवार

नीट यूजी 2026 लाइव: बिहार की बात करें तो इस बार राज्यभर से कुल 1.56 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं, जिसमें से अकेले राजधानी पटना में 46 हजार परीक्षार्थी एग्जाम देंगे. अभ्यर्थियों की सहूलियत के लिए सूबे के 35 शहरों में 331 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. सभी सेंटर इंचार्जों को सख्त निर्देश दिए गए हैं. हर केंद्र पर डिजिटल फ्रिस्किंग और बायोमेट्रिक चेकिंग के बाद ही अभ्यर्थियों को हॉल में एंट्री मिलेगी.

NEET UG 2026 LIVE: प्रयागराज में 47 केंद्रों पर सुबह हुई मॉक ड्रिल, नोडल अफसर ने संभाली कमान

नीट यूजी 2026 लाइव: यूपी के प्रयागराज में कल 47 केंद्रों पर लगभग 23 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी दोपहर 2:00 से शाम 5:15 बजे तक परीक्षा देंगे. इसे लेकर आज सुबह 8:00 से 9:00 बजे के बीच डीएम और पुलिस कमिश्नर की निगरानी में पैरामिलिट्री फोर्स के साथ विशेष मॉक ड्रिल की गई. इस ड्रिल में ओएमआर शीट और पेपर्स को सुरक्षित पहुंचाने की प्रैक्टिस की गई. केंद्रीय विद्यालय न्यू कैंट के प्रिंसिपल को नोडल अधिकारी बनाया गया है और सेंटर्स पर मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे.

NEET UG 2026 LIVE: बिहार में एयरफोर्स का एक्शन, देर रात तक 34 जिलों में पहुंचेगा नीट का प्रश्न पत्र

नीट यूजी 2026 लाइव: बिहार में इस बार सुरक्षा को मिलिट्री ग्रेड का बनाया गया है, जहां 3 दिन पहले ही भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से प्रश्न पत्रों को सुरक्षित पटना लाया गया था. आज देर रात तक इन पेपर्स को सूबे के सभी 34 जिलों के मुख्य कोषागारों में पहुंचा दिया जाएगा. सबसे खास बात यह है कि पटना से जिलों में पेपर्स ले जाने के दौरान गाड़ियों की ऑनलाइन लाइव जीपीएस ट्रैकिंग की जाएगी, जिससे पेपर लीक माफियाओं के मंसूबों पर पानी फेर दिया जाए.

NEET UG 2026 LIVE: NTA का अलर्ट, सोशल मीडिया के फर्जी दावों से रहें दूर

नीट यूजी 2026 लाइव: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर अभ्यर्थियों को सोशल मीडिया पर चल रहे फर्जी दावों से बचने की सख्त हिदायत दी है. NTA ने साफ किया है कि कुछ असामाजिक तत्व टेलीग्राम और एक्स पर नकली प्रश्नपत्र और अफवाहें फैलाकर उम्मीदवारों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं. एजेंसी ने उम्मीदवारों और अभिभावकों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी भ्रामक दावे या मेसेज पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई जानकारी को ही सच मानें.

NEET UG 2026 LIVE: कंट्रोल रूम से लाइव मॉनिटरिंग और भ्रामक खबरों पर जेल की तैयारी

नीट यूजी 2026 लाइव: भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर पीने के पानी और छांव में बैठने की व्यवस्था की गई है. बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए रेलवे, रोडवेज और एआरटीओ की टीमें पर्याप्त बसों-ट्रेनों का इंतजाम देख रही हैं, जबकि होटलों और लॉज मालिकों को भी सेंसिटाइज किया गया है. जिले के मुख्य कंट्रोल रूम से सेंटर्स की लाइव मॉनिटरिंग होगी, वहीं सादे कपड़ों में लोकल इंटेलिजेंस के जवान तैनात रहेंगे. भ्रामक या झूठी सूचना फैलाने वालों पर सोशल मीडिया सेल तुरंत एक्शन लेगी.

NEET UG 2026 LIVE: 5500 सेंटर्स पर पहली बार थ्री-लेयर सिक्योरिटी और जैमर्स

नीट यूजी 2026 लाइव: देशभर के 5000 से ज्यादा सेंटर्स को हाई-सिक्योरिटी जोन में तब्दील कर पहली बार तीन-स्तरीय सुरक्षा घेरा लागू किया गया है. इसके लिए 2.5 लाख पुलिसकर्मी, 15 हजार अर्द्धसैनिक बल, 1.5 लाख अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे और 15 हजार जैमर्स तैनात किए गए हैं. कुल 22.80 लाख अभ्यर्थियों में से 18 लाख से ज्यादा उम्मीदार एडमिट कार्ड डाउनलोड कर चुके हैं और सभी सेंटर इंचार्ज को प्रॉपर फ्रिस्किंग के सख्त निर्देश हैं.

NEET UG 2026 LIVE: पैरामिलिट्री फोर्स और डीएम की निगरानी में मॉक ड्रिल

नीट यूजी 2026 लाइव: नीट यूजी पेपर और ओएमआर शीट को सुरक्षित सेंटर्स तक पहुंचाने की प्रैक्टिस करने के लिए आज सुबह 8:00 से 9:00 बजे के बीच सभी केंद्रों पर स्पेशल मॉक ड्रिल की गई. डीएम और पुलिस कमिश्नर की सीधी निगरानी में हुए इस अभ्यास में पैरामिलिट्री फोर्स की मदद ली गई. इस बार प्रश्न पत्रों को लाने-ले जाने के लिए पुलिस के साथ-साथ अर्द्धसैनिक बलों का सख्त पहरा रहेगा, जिससे पारदर्शिता के साथ नकल विहीन परीक्षा आयोजित की जा सके.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||