बॉलीवुड में सलमान खान के शादी न करने की चर्चा अकसर होती रहती है. लेकिन क्या आप उस हसीना को जानते हैं, जो 60 साल तक सिंगल रही. फेसबुक पर एक सजेशन ने ऐसी जिंदगी बदली कि फिर बुढ़ापे में दिल लगा बैठीं. दोनों के बीच दोस्ती इतनी अच्छी हो गई कि 75 दिनों में ही उन्होंने तय कर लिया कि शादी तो इसी से करूंगी. कौन है ये एक्ट्रेस और क्या है उनकी लव स्टोरी चलिए बताते हैं…
नई दिल्ली. बॉलीवुड में अकसर शादियों, रिश्तों और कलाकारों के अकेलेपन को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहती हैं. आए दिन सलमान खान जैसे बड़े सितारों के शादी न करने के फैसले पर सुर्खियां बनती हैं और लोग इसके पीछे की वजहें तलाशते हैं. लेकिन मनोरंजन जगत में एक ऐसी हसीना भी हैं, जिन्होंने किसी मजबूरी में नहीं, बल्कि अपने सिद्धांतों के कारण अपनी 60 साल तक अकेले बिताए. यह कहानी है ‘लगान’ और ‘जोधा अकबर’ जैसी फिल्मों में अपनी दमदार अदाकारी से पहचान बनाने वाली राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता एक्ट्रेस सुहासिनी मुले की. जिन्होंने 60 साल की उम्र में फेसबुक के जरिए प्यार पाया और महज 75 दिनों के भीतर शादी के बंधन में बंध गईं.
‘सुहाना सफर’ से बात करते हुए 75 साल की हो चुकीं सुहासिनी मुले ने अपनी अनोखी प्रेम कहानी को शेयर किया है. उन्होंने कहा, ‘मैंने 60 साल की उम्र में पहली बार शादी की. इससे पहले मुझे सही जीवनसाथी नहीं मिला था. मेरे पति अतुल गुर्तु एक जाने-माने वैज्ञानिक हैं. जब वह विज्ञान पर बात करते हैं तो मुझे कुछ समझ नहीं आता लेकिन वह एक अद्भुत इंसान हैं. फोटो साभार-@IMDb
इस प्रेम कहानी की शुरुआत किसी फिल्मी सेट पर नहीं, बल्कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर हुई थी. सुहासिनी ने बताया कि उन्होंने फेसबुक केवल इसलिए जॉइन किया था क्योंकि एक को-स्टार ने उन्हें सलाह दी थी. एक दिन जब वह फेसबुक स्क्रॉल कर रही थीं, तो उन्हें ‘पीपुल यू मे नो’ में अतुल गुर्तु की प्रोफाइल सजेशन में दिखी. फोटो साभार-@IMDb
Add News18 as
Preferred Source on Google
सुहासिनी बताती हैं, ‘मैंने अतुल की प्रोफाइल देखी और सोचा क्या भौतिक वैज्ञानिक भी फेसबुक पर होते हैं? वह उस समय स्विट्जरलैंड में दुनिया के सबसे बड़े विज्ञान प्रयोग ‘लार्ज हैड्रॉन कोलाइडर’ प्रोजेक्ट पर काम कर रहे थे. चूंकि मुझे हमेशा से विज्ञान में रुचि रही है, इसलिए मैंने उन्हें कौतूहलवश एक मैसेज भेज दिया- ‘एलएचसी क्या है?’ यही एक साधारण-सा सवाल दोनों के बीच बातचीत की शुरुआत बन गया. धीरे-धीरे ईमेल और मैसेज का आदान-प्रदान बढ़ा और दोनों एक-दूसरे को समझने लगे. फोटो साभार-@IMDb
बातचीत के दौरान अतुल ने बेहद सहजता से जिक्र किया कि वह अपने लिए एक जीवनसाथी की तलाश कर रहे हैं. सुहासिनी ने बताया, ‘उन्होंने कभी मुझे सीधे प्रपोज नहीं किया, लेकिन हिंट जरूर दिया. जब मुझे एहसास हुआ कि वह पार्टनर ढूंढ रहे हैं तो मैं खुद पर हंस पड़ी. मैंने सोचा कि जब मुझे 60 साल तक कोई सही इंसान नहीं मिला, तो अब अचानक इंटरनेट पर कैसे मिल जाएगा?’ सुहासिनी ने इस बारे में अपनी एक दोस्त को बताया. फोटो साभार-रेडिट
उनकी दोस्त ने कहा, ‘इस उम्र में तुम्हारे पास विकल्प वैसे ही बहुत कम हैं. दरवाजा खोलने से पहले ही उसे बंद मत करो. बातचीत आगे बढ़ाओ, अगर वह पसंद न आए तो तुम हमेशा पीछे हट सकती हो. कोशिश करने में कोई बुराई नहीं है.’ इसके बावजूद सुहासिनी बेहद सतर्क थीं. जब अतुल ने उनसे फोन नंबर मांगा तो उन्होंने साफ कह दिया, ‘अच्छी लड़कियां अजनबियों को अपना नंबर नहीं देतीं. इंटरनेट की दुनिया में आप किससे मिल रहे हैं, यह जानने से ज्यादा जरूरी यह देखना है कि सामने वाला सच बोल रहा है या नहीं.’ फोटो साभार- वीडियो ग्रैब
अपनी सुरक्षा और तसल्ली के लिए सुहासिनी ने छानबीन शुरु की. उन्होंने अतुल की फेसबुक फोटो का मिलान टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च (TIFR) की वेबसाइट पर मौजूद उनकी आधिकारिक तस्वीर से किया, जहां वह काम करते थे. जब सब कुछ सही पाया गया, इसके बाद उनकी एक बचपन की सहेली ने उनकी हिम्मत बांधी और कहा- ‘तुम जिंदगी भर अकेले निडर होकर रही हो, अब किस बात का डर है?’ फोटो साभार-वीडियो ग्रैब
दोनों के बीच बातचीत जुलाई के महीने में शुरू हुई थी. अतुल जल्द मिलना चाहते थे, लेकिन सुहासिनी के बिजी शेड्यूल के कारण दोनों की पहली मुलाकात दिवाली के अगले दिन तय हुई. सुहासिनी वहां भी जानबूझकर थोड़ी देर से पहुंचीं ताकि वह दूर से देख सकें कि अतुल अपनी तस्वीरों जैसे ही दिखते हैं या नहीं. एबीपी लाइव को दिए एक इंटरव्यू में सुहासिनी ने बताया था कि उन्होंने शादी के लिए एक सख्त चेकलिस्ट तैयार की थी. उनकी सबसे बड़ी शर्त थी ‘समानता’. वह ऐसे पुरुष से शादी नहीं करना चाहती थीं जो महिलाओं को कमतर समझे. इसके अलावा, उनकी शर्त थी कि सामने वाला व्यक्ति अत्यधिक धार्मिक न हो, दूसरों की जीवनशैली को लेकर रूढ़िवादी विचार न रखता हो और बिना किसी जजमेंट के साथ रहने की समझ रखता हो. डॉ. अतुल गुर्तु उनकी इस चेकलिस्ट पर पूरी तरह खरे उतरे. फोटो साभार- रेडिट
नवंबर के अंत में दोनों पहली बार आमने-सामने मिले और लंबी बातचीत की. दोनों को एक-दूसरे का साथ इतना पसंद आया कि उन्होंने देर न करने का फैसला किया. 16 जनवरी को दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली यानी पहली मुलाकात के महज 75 दिनों के भीतर दोनों हमेशा के लिए एक हो गए. सुहासिनी ने जब अपनी मां को फोन करके कहा, ‘मुझे लगता है मुझे एक लड़का मिल गया है’. बेटी के मुंह से ये बात सुन उनकी मां को यकीन ही नहीं हुआ. उन्होंने दोबारा चैक करने के लिए फोन किया था. बाद में जब सुहासिनी की मां पुणे में अतुल के एक लेक्चर के दौरान उनसे मिलीं, तो उन्होंने सुहासिनी से कहा, ‘तुमने एक बहुत ही बुद्धिमान व्यक्ति को चुना है.’ फोटो साभार- रेडिट
जब सुहासिनी की मां ने अतुल से पूछा था कि वह इस उम्र में शादी क्यों करना चाहते हैं? तो अतुल का जवाब बेहद दिल छू लेने वाला था. उन्होंने कहा था, ‘सुहासिनी जिंदगी भर अकेली रही है और आगे भी रह सकती है. मैं भी अकेला रह सकता हूं. लेकिन मैं अपनी जिंदगी में ‘खुशी को एक मौका’ देना चाहता हूं. अगर यह काम नहीं किया तो हम बस यह मान लेंगे कि हमसे गलती हुई.’ इस सोच ने सुहासिनी की मां का दिल जीत लिया. फोटो साभार- रेडिट
शादी के रजिस्ट्रेशन के वक्त एक बेहद मजेदार वाकया हुआ. जब दोनों मैरिज रजिस्ट्रार के दफ्तर पहुंचे, तो वहां मौजूद अधिकारी को लगा कि यह बुजुर्ग महिला अपनी पुरानी शादी का सर्टिफिकेट लेने आई है. जब सुहासिनी ने कहा कि वे शादी का रजिस्ट्रेशन कराने आए हैं तो अधिकारी ने दोनों की तरफ देखा और हैरानी से पूछा ‘आप और अंकल?’ इस बात पर दोनों दफ्तर में ही ठहाका मारकर हंस पड़े थे. फोटो साभार- रेडिट
सुहासिनी मानती हैं कि समाज कभी खुश नहीं रहता. जब वह 26 साल की थीं और उन्होंने शादी न करने का फैसला किया, तब भी समाज उनकी मां को ताने देता था. लोग कहते थे कि लड़की हाथ से निकल गई है और आजाद हो गई है. वहीं जब उन्होंने 60 साल की उम्र में शादी की, तब भी लोगों ने उन्हें जज करना नहीं छोड़ा. लेकिन सुहासिनी को अपनी मां का पूरा समर्थन मिला. आज 75 वर्ष की उम्र पार कर चुकीं सुहासिनी मुले, डॉ. अतुल गुर्तु के साथ पिछले 15 से अधिक सालों से एक बेहद खुशहाल और आदर्श शादीशुदा जिंदगी जी रही हैं. उनकी कहानी यह साबित करती है कि प्यार और खुशियों की कोई एक्सपायरी डेट नहीं होती. फोटो साभार-@IMDb
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



