Sunlight Benefits : गर्मी अपने चरम पर है. लोग धूप में निकलना पसंद नहीं कर रहे. सेहत के लिए ये ठीक भी है, लेकिन इसका अति होना घातक हो सकता है. रामपुर के आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहम्मद इकबाल लोकल 18 से बताते हैं कि शरीर को मजबूत और स्वस्थ रखने के लिए विटामिन D बेहद जरूरी है. यह हमारे शरीर में तब बनता है जब त्वचा पर सूरज की रोशनी पड़ती है. पहले लोग सुबह जल्दी उठकर टहलते थे, धूप में बैठते थे. अब ज्यादातर लोगों की सुबह मोबाइल देखने, ऑफिस की तैयारी करने या दूसरे कामों में निकल जाती है. ऐसे में शरीर को पर्याप्त धूप नहीं मिल पाती.
रूटीन ने बढ़ाई मुसीबत
डॉ. इकबाल लोकल 18 से बताते हैं कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों की दिनचर्या काफी बदल गई है. पहले लोग सुबह जल्दी उठकर टहलते थे, धूप में बैठते थे और खुले वातावरण में समय बिताते थे, लेकिन अब ज्यादातर लोगों की सुबह मोबाइल देखने, ऑफिस की तैयारी करने और दूसरे कामों में निकल जाती है. ऐसे में शरीर को पर्याप्त धूप नहीं मिल पाती. धूप से मिलने वाला विटामिन D शरीर में कैल्शियम और फॉस्फोरस के अवशोषण में मदद करता है. ये दोनों तत्व हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाने के लिए जरूरी हैं. यदि शरीर में लंबे समय तक विटामिन D की कमी बनी रहे तो हड्डियां कमजोर होने लगती हैं और कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं पैदा हो सकती हैं.
डॉ. इकबाल के अनुसार, विटामिन D की कमी होने पर व्यक्ति को हड्डियों और जोड़ों में दर्द की शिकायत हो सकती है. मांसपेशियों में कमजोरी महसूस होना, जल्दी थक जाना और बार-बार गिरने या चोट लगने का खतरा भी बढ़ सकता है. बुजुर्गों और महिलाओं में यह समस्या ज्यादा देखने को मिलती है. लंबे समय तक कमी रहने पर ऑस्टियोपोरोसिस जैसी बीमारी का खतरा भी बढ़ जाता है, जिसमें हड्डियां कमजोर और भुरभुरी हो जाती हैं.
कमी होने पर क्या करें
सवाल यह है कि धूप में कितनी देर बैठना चाहिए? डॉ. इकबाल का कहना है कि सुबह और शाम की हल्की धूप शरीर के लिए फायदेमंद मानी जाती है. आमतौर पर 15 से 20 मिनट तक धूप में रहना पर्याप्त है. बहुत तेज धूप में लंबे समय तक रहने से त्वचा को नुकसान भी पहुंच सकता है इसलिए संतुलन बनाए रखना जरूरी है. अगर किसी व्यक्ति को लगातार थकान, हड्डियों में दर्द या कमजोरी महसूस हो रही है तो उसे डॉक्टर से सलाह लेकर विटामिन D की जांच करानी चाहिए. जरूरत पड़ने पर डॉक्टर सप्लीमेंट्स भी दे सकते हैं.
धूप के अलावा और क्या जरूरी
धूप के अलावा खानपान पर ध्यान देना भी जरूरी है. अंडे की जर्दी, मशरूम, फैटी फिश और डेयरी उत्पाद विटामिन D के अच्छे स्रोत माने जाते हैं. इन्हें नियमित रूप से भोजन में शामिल करके भी शरीर में इसकी कमी को काफी हद तक पूरा किया जा सकता है. डॉ. इकबाल के मुताबिक, गर्मी से बचना जरूरी है लेकिन धूप से पूरी तरह दूरी बनाना सही नहीं है. रोजाना कुछ समय सुरक्षित तरीके से धूप लेना, संतुलित आहार और सक्रिय जीवनशैली हड्डियों को लंबे समय तक मजबूत बनाए रखते हैं.
About the Author
प्रियांशु गुप्ता बीते 10 साल से भी ज्यादा समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म का ककहरा सीख अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. य…और पढ़ें
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



