-20 जून को महासफाई अभियान, 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शहरभर में होंगे योग कार्यक्रम; पार्कों से लेकर निगम मुख्यालय तक होगी सहभागिता
-प्रमुख सचिव आयुष ने वर्चुअल बैठक में दिए दिशा-निर्देश, जनभागीदारी बढ़ाने और व्यापक प्रचार-प्रसार पर दिया जोर
-हर वार्ड में पार्षद करेंगे योग आयोजन, सार्वजनिक स्थलों पर लगेंगे होर्डिंग; अभियान से जुड़ेंगे हजारों वरिष्ठ नागरिक
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और विशेष स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 20 जून को पूरे शहर में महासफाई अभियान चलाया जाएगा, जबकि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नगर निगम मुख्यालय सहित शहर के विभिन्न पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए बुधवार को महापौर सुनीता दयाल, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, पार्षदों और निगम अधिकारियों ने संयुक्त रूप से रणनीति तैयार की। उत्तर प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव, आयुष विभाग रंजन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित वर्चुअल बैठक में योग दिवस एवं स्वच्छता अभियान को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में नगर विकास निदेशक अनुज कुमार झा ने सभी नगर निकायों को योग दिवस की व्यापक तैयारियां सुनिश्चित करने तथा अब तक की गई कार्यवाही से अवगत कराने के निर्देश दिए। महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने संयुक्त रूप से बैठक में भाग लिया तथा नगर निगम की तैयारियों की जानकारी साझा की। बैठक में पार्षदों एवं निगम अधिकारियों की भी सहभागिता रही।
महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि गाजियाबाद नगर निगम मुख्यालय में भी भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी पार्षद, निगम अधिकारी और कर्मचारी भाग लेंगे। इसके साथ ही स्वेच्छा से आने वाले नागरिकों का भी स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर के सभी वार्डों में स्थानीय पार्षदों के नेतृत्व में योग कार्यक्रम आयोजित होंगे, ताकि अधिक से अधिक नागरिक योग से जुड़ सकें। विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों को योग के महत्व और उसके स्वास्थ्य लाभों के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा शहरभर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर आकर्षक होर्डिंग और प्रचार सामग्री लगाकर लोगों को योग दिवस में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। वहीं उद्यान विभाग को सभी पार्कों की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे नागरिक स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण में योग कर सकें।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने वर्चुअल बैठक में प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार तथा उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपते हुए कहा कि 20 जून को पूरे शहर के 100 वार्डों में जनसहभागिता के साथ विशेष महासफाई अभियान चलाया जाए। उन्होंने सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा सफाई मित्र प्रोत्साहन कार्यक्रम आयोजित करने के भी निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने कहा कि स्वच्छता और योग दोनों स्वस्थ समाज की आधारशिला हैं। इसलिए दोनों अभियानों को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाया जाएगा। नगर निगम का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि नागरिकों में स्वच्छ जीवनशैली और नियमित योग के प्रति जागरूकता विकसित करना है। इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


