-अवैध पार्किंग और मनमानी वसूली किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं : नगर आयुक्त
-पार्किंग प्रबंध समिति की पहली बैठक में बड़े फैसले, जाम और अवैध वसूली पर लगेगी लगाम
-हर जोन में चिन्हित होंगे नए पार्किंग स्थल, मनमानी वसूली करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर को जाममुक्त, व्यवस्थित और सुगम यातायात व्यवस्था प्रदान करने की दिशा में नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की अध्यक्षता में पार्किंग प्रबंध समिति की पहली बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर में संचालित पार्किंग व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक का मुख्य उद्देश्य अवैध पार्किंग, मनमाने शुल्क की वसूली और यातायात अव्यवस्था जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान तलाशना रहा। बैठक में अपर जिलाधिकारी (नगर) विकास कश्यप, पार्किंग प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के सचिव प्रदीप सिंह, यातायात पुलिस विभाग के प्रतिनिधि, पार्षदगण, विभिन्न जोनों के प्रभारी अधिकारी तथा यातायात समिति के सदस्य उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने शहर में पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने और अवैध वसूली पर रोक लगाने के लिए विस्तृत चर्चा की। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि शहर के विभिन्न बाजारों, व्यावसायिक क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर अव्यवस्थित पार्किंग के कारण लगातार जाम की समस्या उत्पन्न होती है। इसके अलावा कई स्थानों से पार्किंग की आड़ में अवैध रूप से अधिक शुल्क वसूले जाने की शिकायतें भी प्राप्त हो रही हैं।
ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए पार्किंग प्रबंध समिति का गठन किया गया है, जो शहर में पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने का कार्य करेगी। बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर के सभी जोनों में छोटे-बड़े पार्किंग स्थलों का सर्वे कराया जाएगा। समिति के सदस्य संभावित स्थलों का चयन कर उनकी सूची तैयार करेंगे, जिसके आधार पर नई पार्किंग विकसित की जाएंगी। इससे बाजारों और प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव कम होगा तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने में मदद मिलेगी। नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समिति द्वारा निर्धारित शुल्क ही मान्य होगा और उससे अधिक राशि वसूलने वाले व्यक्तियों या संस्थाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि नागरिकों को सुविधा देना नगर निगम की प्राथमिकता है और पार्किंग व्यवस्था भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। वर्तमान में नगर निगम शहर के 16 स्थानों पर पार्किंग का संचालन कर रहा है, जबकि अन्य विभागों द्वारा भी अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग संचालित की जा रही है। बैठक में इन सभी पार्किंग स्थलों पर शुल्क व्यवस्था में एकरूपता लाने का निर्णय लिया गया। अब शहर में संचालित पार्किंग स्थलों पर समान शुल्क प्रणाली लागू करने की दिशा में कार्य किया जाएगा, जिससे नागरिकों को भ्रम और अनावश्यक आर्थिक बोझ से राहत मिल सके।
अधिकारियों का मानना है कि व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था न केवल जाम की समस्या को कम करेगी, बल्कि सड़क सुरक्षा और यातायात संचालन को भी अधिक प्रभावी बनाएगी। समिति द्वारा लिए गए निर्णयों के बाद आने वाले समय में शहर की पार्किंग व्यवस्था में व्यापक बदलाव देखने को मिल सकते हैं। बैठक के अंत में नगर आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि गाजियाबाद को जाममुक्त और व्यवस्थित शहर बनाने के लिए पार्किंग प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा और बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


