-ओटीएस और प्रधानमंत्री आवास योजना के मामलों के निस्तारण को उमड़े आवंटी, तीन दिवसीय कैंप का हुआ शुभारंभ
-रजिस्ट्री, नामांतरण और कब्जा पत्र से जुड़े मामलों पर मौके पर हुई कार्रवाई, लाभार्थियों को मिली राहत
-18 जून तक चलेगा विशेष शिविर, जीडीए ने आवंटियों से अधिकाधिक संख्या में पहुंचने की अपील की
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा आवंटियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और लंबित मामलों के निस्तारण के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय विशेष शिविर का मंगलवार को शुभारंभ हो गया। जीडीए मुख्यालय परिसर में लगाए गए इस शिविर में पहले ही दिन बड़ी संख्या में आवंटी पहुंचे और विभिन्न योजनाओं से जुड़े मामलों के समाधान के लिए आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर के पहले दिन ही दर्जनों लंबित प्रकरणों का निस्तारण कर लाभार्थियों को राहत प्रदान की गई। जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल के निर्देश पर आयोजित इस विशेष शिविर का उद्देश्य एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) से संबंधित लंबित मामलों का त्वरित और पारदर्शी निस्तारण करना है। शिविर में संयुक्त सचिव सुशील कुमार चौबे, श्याम अवध चौहान, एमपी सिंह, अधिशासी अभियंता राजीव सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने आवेदकों की समस्याएं सुनीं तथा उनके समाधान की प्रक्रिया तत्काल शुरू कराई। शिविर के पहले दिन एकमुश्त समाधान योजना के अंतर्गत 21 नए ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए।
वहीं लंबे समय से लंबित 72 आवेदनों को मंजूरी प्रदान की गई। एक आवेदन आवश्यक मानकों को पूरा न करने के कारण निरस्त कर दिया गया। अधिकारियों ने मौके पर ही आवेदनों की जांच कर पात्र आवेदकों को गणना पत्र उपलब्ध कराए, जिससे उन्हें भुगतान और अन्य औपचारिकताओं की स्पष्ट जानकारी मिल सकी। विशेष शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना के लाभार्थियों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई। रजिस्ट्री से संबंधित मामलों को प्राथमिकता देते हुए 20 नए आवेदन प्राप्त किए गए। इनमें से सात मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर रजिस्ट्री के आदेश जारी कर दिए गए। इससे लंबे समय से अपने आवासों की रजिस्ट्री का इंतजार कर रहे लाभार्थियों को बड़ी राहत मिली। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास योजना के एक लाभार्थी का नामांतरण पत्र भी तत्काल जारी किया गया। वहीं एक अन्य आवंटी को उसके आवास का कब्जा पत्र सौंपा गया, जिससे उसे अपने आवंटित मकान पर अधिकार प्राप्त हो सका।
शिविर में त्वरित कार्रवाई और सरल प्रक्रिया को देखकर लाभार्थियों ने संतोष व्यक्त किया। जीडीए सचिव विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि तीन दिवसीय विशेष शिविर का मुख्य उद्देश्य आवंटियों की समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और इसी उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं से जुड़े लंबित मामलों का मौके पर निस्तारण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शिविर 18 जून तक जारी रहेगा और इस दौरान ओटीएस, रजिस्ट्री, नामांतरण, कब्जा पत्र तथा अन्य लंबित मामलों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आवंटियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं और प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का लाभ उठाएं। जीडीए अधिकारियों का मानना है कि इस विशेष पहल से न केवल लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी आएगी, बल्कि नागरिकों और प्राधिकरण के बीच विश्वास भी और अधिक मजबूत होगा। पहले ही दिन मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया ने यह संकेत दिया है कि ऐसी व्यवस्थाएं आम लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही हैं और उन्हें प्रशासनिक प्रक्रियाओं में राहत प्रदान कर रही हैं।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


