Image Slider

PM Modi Foreign Visit LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए फ्रांस के एवियन में पहुंच गए हैं. फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने गले लगकर पीएम मोदी का स्वागत किया. इसके बाद G7 फैमिली के ग्रुप फोटो के लिए सभी नेता जमा हुए. इस दौरान, 16 महीने बाद पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात हुई. दोनों ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया और कुछ बातचीत भी की. इसके बाद सभी ने फोटो खिंचाई. मोदी से इस दौरान कई नेता आकर मिलते रहे.

दुनिया की सबसे प्रभावशाली अर्थव्यवस्थाओं के नेताओं के बीच होने वाला G7 शिखर सम्मेलन वैश्विक राजनीति, अर्थव्यवस्था, सुरक्षा और पर्यावरण से जुड़े अहम मुद्दों पर केंद्रित है. प्रधानमंत्री मोदी ने अपने आगमन की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए कहा कि वह विश्व नेताओं के साथ बातचीत और महत्वपूर्ण वैश्विक विषयों पर विचारों के आदान-प्रदान को लेकर उत्साहित हैं. उन्होंने दोहराया कि भारत टिकाऊ विकास और समृद्ध भविष्य के लिए सामूहिक वैश्विक प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

तीन दिन तक चलने वाले जी7 सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्त्ज, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची समेत कई बड़े नेता शामिल हो रहे हैं. सम्मेलन में वैश्विक सुरक्षा, आर्थिक चुनौतियों, ऊर्जा, जलवायु परिवर्तन और अमेरिका-ईरान समझौते जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है.

PM Modi G7 Summit LIVE: एक मंच पर पीएम मोदी और ट्रंप

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और G7 देशों के अन्य नेता फ्रांस के एवियन में G7 शिखर सम्मेलन में ग्रुप फोटो के लिए एक साथ खड़े हुए. 16 महीने बाद यह मौका आया है जब पीएम मोदी और अमेरिकी राष्‍ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक मंच पर हैं.

PM Modi G7 Summit LIVE: G7 में मोदी-ट्रंप आमने-सामने! 16 महीने बाद एक मंच पर दिखे दोनों नेता, कल होगी अहम मुलाकात

फ्रांस में जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान दुनिया के बड़े नेताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है. मेजबान राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों सभी नेताओं का आधिकारिक स्वागत कर रहे हैं. इसी दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी गर्मजोशी से स्वागत किया गया. मैक्रों ने पीएम मोदी को गले लगाकर उनका अभिनंदन किया.

सम्मेलन का सबसे बड़ा आकर्षण प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक मंच पर आना रहा. करीब 16 महीने बाद दोनों नेता किसी अंतरराष्ट्रीय मंच पर साथ नजर आए हैं. जानकारी के अनुसार, कल मोदी और ट्रंप के बीच द्विपक्षीय बातचीत भी होगी, जिस पर दुनियाभर की नजरें टिकी हैं.

G7 Summit 2026 LIVE: G7 में जेलेंस्की का बड़ा हमला! रूस को शांति के लिए मजबूर करने की मांग, ट्रंप ने भी बढ़ाया दबाव

फ्रांस में चल रहे जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रूस पर दबाव बढ़ाने की जोरदार मांग की. उन्होंने जी7 नेताओं के समर्थन की सराहना करते हुए कहा कि रूस को शांति की दिशा में बढ़ने के लिए मजबूर करना जरूरी है. जेलेंस्की ने वायु रक्षा मिसाइलों की आपूर्ति बढ़ाने, सर्दियों के लिए सहायता पैकेज तैयार करने और रूस पर प्रतिबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया. वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के हजारों सैनिक हर महीने मारे जा रहे हैं और यह स्थिति पागलपन जैसी है. ट्रंप ने रूस से समझौता करने की अपील करते हुए युद्ध जल्द खत्म करने की जरूरत बताई.

PM Modi G7 Summit LIVE: G7 समिट में आज पीएम मोदी का कार्यक्रम क्या है?

  • जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज तीन महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठकों में हिस्सा लेंगे. उनकी मुलाकात कनाडा, यूनाइटेड किंगडम और संयुक्त अरब अमीरात के नेताओं के साथ होगी. इन बैठकों में व्यापार, निवेश, ऊर्जा सुरक्षा और रणनीतिक साझेदारी प्रमुख एजेंडा रहेंगे.
  • कनाडा के प्रधानमंत्री के साथ बातचीत में भारत-कनाडा व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते को आगे बढ़ाने और दोनों देशों के संबंधों को सामान्य तथा मजबूत बनाने पर जोर रहेगा. सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होगी.
  • ब्रिटेन के प्रधानमंत्री के साथ हाल ही में हुए भारत-यूके व्यापार समझौते के क्रियान्वयन और रोडमैप 2030 के तहत सहयोग बढ़ाने पर विचार होगा. वहीं यूएई के साथ व्यापार, निवेश, ऊर्जा और पश्चिम एशिया की सुरक्षा स्थिति पर चर्चा होने की संभावना है.

G7 में पीएम मोदी LIVE: दुनिया के बड़े नेताओं से करेंगे सीधी बात, वैश्विक मुद्दों पर रखेंगे भारत का पक्ष

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस के एवियन पहुंच गए हैं, जहां वह जी7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि वह दुनिया के प्रमुख नेताओं के साथ अहम वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श को लेकर उत्साहित हैं. पीएम मोदी ने कहा कि भारत टिकाऊ विकास और समृद्ध भविष्य के लिए सामूहिक वैश्विक प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है. जी7 सम्मेलन के दौरान जलवायु परिवर्तन, वैश्विक अर्थव्यवस्था, ऊर्जा सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है. इस मंच पर भारत अपनी प्राथमिकताओं और विकास मॉडल को दुनिया के सामने मजबूती से रखेगा.

(Pic: PM Narendra Modi/X)
(Pic: PM Narendra Modi/X)

Trump G7 Summit LIVE: ईरान पर ट्रंप का बड़ा दावा- समझौता पूरा, हमले रोके, अब दूसरे चरण की तैयारी

फ्रांस के एवियन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका और ईरान के बीच समझौता पूरा हो चुका है और इसके सफल होने की उम्मीद है. ट्रंप ने कहा कि अब यह प्रक्रिया दूसरे चरण में जाएगी, जो उनके अनुसार पहले चरण की तुलना में आसान हो सकती है. ट्रंप ने खुलासा किया कि पिछले सप्ताह वह ईरान पर हमला नहीं करना चाहते थे, लेकिन परिस्थितियों के कारण ऐसा करना पड़ा. उन्होंने कहा कि अमेरिका ने दो बार कार्रवाई की और तीसरी बार की तैयारी भी थी, लेकिन आखिरकार उस कदम की जरूरत नहीं पड़ी. ट्रंप के मुताबिक, मौजूदा समझौता दोनों पक्षों के लिए निष्पक्ष और अच्छा है.

हालांकि उन्होंने साफ किया कि अमेरिका ईरान में कोई निवेश नहीं करेगा और न ही उस पर कोई वित्तीय जिम्मेदारी लेगा. ट्रंप ने कहा कि भविष्य में जरूरत पड़ने पर अमेरिका के पास हस्तक्षेप करने का अधिकार रहेगा, लेकिन फिलहाल किसी आर्थिक निवेश की योजना नहीं है.

G7 Summit LIVE: ईरान को ट्रंप की चेतावनी- परमाणु हथियार बनाया तो भुगतने होंगे ‘अंतिम परिणाम’

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ्रांस के एवियन में मीडिया से बातचीत के दौरान ट्रंप ने साफ कहा कि उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि ईरान कभी परमाणु हथियार हासिल न करे. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि ईरान न तो परमाणु हथियार विकसित करेगा, न खरीदेगा और न ही किसी अन्य तरीके से उसे हासिल करेगा. ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान ऐसा करने की कोशिश करता है तो उसे “अकल्पनीय और अंतिम परिणाम” भुगतने होंगे.

ट्रंप ने कहा कि उनके लिए सबसे अहम मुद्दा सिर्फ ईरान का परमाणु कार्यक्रम है. उन्होंने कहा कि इसी वजह से उन्होंने इस मुद्दे में हस्तक्षेप किया और समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए सहमति दी. हालांकि उन्होंने संभावित कार्रवाई या परिणामों का खुलासा नहीं किया, लेकिन संकेत दिया कि अमेरिका इस मामले में कोई ढील देने के मूड में नहीं है.

दिलचस्प बात यह रही कि ट्रंप ने ईरान में सत्ता परिवर्तन की मांग को पूरी तरह खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि वह कभी भी “रेजीम चेंज” के समर्थक नहीं रहे हैं. ट्रंप के मुताबिक, ईरान के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करने वाले लोग व्यवहारिक, मजबूत और समझदार हैं. उन्होंने कहा कि ईरानी नेतृत्व अपने देश की मदद करना चाहता है और वह उन्हें कट्टरपंथी नहीं मानते.

ट्रंप ने यह भी कहा कि वह भविष्य में ईरान के साथ अच्छे संबंधों की उम्मीद रखते हैं. हालांकि उन्होंने दोहराया कि किसी भी बेहतर रिश्ते की बुनियाद यही होगी कि ईरान परमाणु हथियारों से दूर रहे.

PM Modi Foreign Visit LIVE: स्लोवाकिया के सर्वोच्च सम्मान से नवाजे गए पीएम मोदी, एनडीए नेताओं ने कहा- 140 करोड़ भारतीयों का बढ़ा मान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्लोवाकिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)’ से सम्मानित किए जाने पर एनडीए नेताओं ने इसे पूरे देश के लिए गौरव का क्षण बताया है. केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि यह सम्मान केवल प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है. उन्होंने इसे भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की अंतरराष्ट्रीय स्वीकार्यता का प्रतीक बताया.

वहीं, जदयू सांसद संजय झा ने भी कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत की साख दुनिया में मजबूत हुई है और यह सम्मान उसी का प्रमाण है. नेताओं ने इसे देश की कूटनीतिक सफलता और वैश्विक प्रभाव का बड़ा संकेत माना.

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि जब किसी देश का सर्वोच्च सम्मान प्रधानमंत्री मोदी को मिलता है तो वह सम्मान पूरे भारत और 140 करोड़ नागरिकों का सम्मान बन जाता है. चिराग पासवान ने कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, विश्व स्तर पर भारत की मजबूत होती पहचान और वैश्विक शांति व मानव कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को मिला यह 33वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान बताता है कि आज दुनिया में भारत की आवाज पहले से अधिक प्रभावशाली और सम्मानित है.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के विकास को नई गति दी है. यही वजह है कि दुनिया के कई देश भारत की उपलब्धियों और नीतियों की सराहना कर रहे हैं. अमेरिका-ईरान समझौते पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि सभी देश चाहते थे कि तनाव जल्द समाप्त हो, क्योंकि इसका असर वैश्विक अर्थव्यवस्था और व्यापार पर पड़ रहा था.

जदयू सांसद संजय झा ने भी प्रधानमंत्री मोदी को मिले सम्मान का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत की प्रतिष्ठा दुनिया भर में बढ़ी है. 30 से अधिक देशों द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिए जाना इस बात का प्रमाण है कि भारत आज वैश्विक मंच पर मजबूत स्थिति में है. उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि पूरे देश के सम्मान और गौरव से जुड़ा हुआ है.

PM Modi G7 Summit LIVE: G7 समिट के लिए फ्रांस रवाना हुए पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्विट्जरलैंड के जिनेवा दौरे के बाद अब फ्रांस के एवियन के लिए रवाना हो गए हैं. जिनेवा पहुंचने पर उनका स्वागत स्विस राष्ट्रपति गाय पार्मेलिन ने किया. इस दौरान दोनों देशों के संबंधों और आपसी सहयोग से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई. प्रधानमंत्री मोदी अब फ्रांस के एवियन में आयोजित होने जा रहे G7 Summit में हिस्सा लेंगे. इस शिखर सम्मेलन में दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के नेता वैश्विक अर्थव्यवस्था, सुरक्षा, ऊर्जा और भू-राजनीतिक चुनौतियों पर मंथन करेंगे. भारत भले ही जी7 का सदस्य नहीं है, लेकिन एक महत्वपूर्ण साझेदार देश के रूप में प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी पर दुनिया की नजर रहेगी.

ब्रातिस्लावा में बनारस का जुड़ाव! स्लोवाक कलाकारों की प्रदर्शनी के मुरीद हुए पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को ब्रातिस्लावा के प्रेसिडेंशियल पैलेस में वाराणसी पर आधारित एक प्रदर्शनी देखी. यह पेंटिंग प्रदर्शनी देखने के बाद प्रधानमंत्री ने भारत और स्लोवाकिया के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव पर जोर देते हुए कहा कि कला और संस्कृति में लोगों तथा देशों को एक-दूसरे के करीब लाने की अद्भुत शक्ति होती है.

इस प्रदर्शनी में हाल ही में वाराणसी की यात्रा करने वाले स्लोवाक कलाकारों की कृतियां भी शामिल थीं. प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपना अनुभव साझा करते हुए लिखा, ‘ब्रातिस्लावा में बनारस का जुड़ाव! कल ब्रातिस्लावा के प्रेसिडेंशियल पैलेस में राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी और मैंने वाराणसी पर आधारित एक शानदार प्रदर्शनी देखी, जिसमें हाल ही में शहर की यात्रा करने वाले स्लोवाक कलाकारों के कार्य भी शामिल थे. कला और संस्कृति में सचमुच लोगों को करीब लाने की अनोखी क्षमता होती है. इस प्रदर्शनी में जिन लोगों के कार्य प्रदर्शित किए गए, उन सभी को मेरी शुभकामनाएं.’

PM Modi G7 Summit Live Updates: ‘युवाओं को योग अपनाते देखना बहुत अच्छा लगा’ स्लोवाकिया के स्कूली बच्चों को देख बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वह और स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी स्लोवाक के स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत विशेष योग प्रदर्शन को देखकर बेहद प्रसन्न हुए. उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले आयोजित इस प्रस्तुति ने दुनिया भर में योग के बढ़ते आकर्षण और उसकी व्यापक स्वीकार्यता को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया.

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘राष्ट्रपति पेलेग्रिनी और मैं स्लोवाकिया के स्कूली बच्चों का खास योग प्रदर्शन देखकर बहुत खुश हुए. जैसे-जैसे दुनिया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के करीब आ रही है, युवाओं को योग अपनाते देखना बहुत अच्छा लग रहा है. यह देखकर भी खुशी हो रही है कि योग लोगों को सेहत की साझा कोशिश में साथ ला रहा है.’

PM Modi G7 Summit Live Updates: पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात पर सबकी नजर

पीएम मोदी के इस फ्रांस दौरे के दौरान सबसे ज्यादा नजरें 17 जून को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ होने वाली मुलाकात पर टिकी हैं. पश्चिम एशिया में बदलते घटनाक्रम, अमेरिका-ईरान समझौता, होर्मुज संकट, वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा और व्यापारिक संबंधों पर दोनों नेताओं के बीच महत्वपूर्ण चर्चा होने की संभावना है.

PM Modi G7 Summit Live Updates: कनाडा, यूके, यूएई… पीएम मोदी की आज ताबड़तोड़ बैठकें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसके बाद 8:50 बजे (भारतीय समय) कनाडा के प्रधानमंत्री के साथ बैठक करेंगे. फिर रात 9:25 बजे यूनाइटेड किंगडम और रात 10:05 बजे संयुक्त अरब अमीरात के नेताओं के साथ अलग-अलग बातचीत होगी. इन बैठकों में व्यापार, निवेश, तकनीक, ऊर्जा और रणनीतिक सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है.

फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों की ओर से आयोजित विशेष गाला डिनर में भी प्रधानमंत्री मोदी शामिल होंगे. यह कार्यक्रम भारतीय समयानुसार 17 जून की मध्यरात्रि 12 बजे शुरू होगा, जहां दुनिया के कई शीर्ष नेता अनौपचारिक माहौल में बातचीत करेंगे.

PM Modi G7 Summit Live Updates: जी-7 समिट में भारत की धमक

प्रधानमंत्री मोदी जी-7 समिट में शामिल होने के लिए फ्रांस के एवियन शहर पहुंचने वाले हैं. भारतीय समयानुसार शाम 6:15 बजे फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों उनका आधिकारिक स्वागत करेंगे. खास बात यह है कि G7 देशों के बाद आमंत्रित साझेदार देशों में सबसे पहले भारत के प्रधानमंत्री का स्वागत किया जाएगा, जो वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती अहमियत को दर्शाता है.

इसके बाद शाम 6:45 बजे से रात 8:45 बजे तक वर्क मीटिंग होगी, जिसमें G7 देशों के नेता, साझेदार देश, विश्व बैंक और अफ्रीकी विकास बैंक के प्रतिनिधि शामिल होंगे. बैठक का मुख्य विषय नई वैश्विक साझेदारियां और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करना रहेगा.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||