सनी देओल की फिल्म ‘गदर: एक प्रेम कथा’ की रिलीज को पूरे 25 साल हो गए हैं. इस खास मौके पर एक्ट्रेस अमीषा पटेल ने एक दिलचस्प खुलासा किया है. अमीषा ने बताया कि जब उन्हें सकीना का रोल ऑफर हुआ, तो सनी देओल संग उम्र के बड़े फासले को देखकर वह खुद दुविधा में थीं. उन्होंने मेकर्स से सीधे पूछ लिया था कि क्या वह इस रोल के लिए बहुत छोटी नहीं हैं? हालांकि, कहानी समझने के बाद उनका यह डर दूर हो गया था.
नई दिल्ली. साल 2001 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘गदर: एक प्रेम कथा’ की रिलीज को 25 साल पूरे हो चुके हैं. इस खास मौके पर फिल्म की लीड एक्ट्रेस अमीषा पटेल ने सकीना के अपने आइकॉनिक किरदार से जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें शेयर की हैं. अमीषा ने खुलासा किया कि शुरुआत में वह सनी देओल के अपोजिट कास्ट होने को लेकर काफी दुविधा में थीं, क्योंकि दोनों के बीच उम्र का एक बड़ा फासला था.
हिन्दुस्तान टाइम्स के साथ इंटरव्यू के दौरान अमीषा ने उस वक्त को याद करते हुए बताया, ‘मैंने मेकर्स से पहला सवाल यही पूछा था कि क्या आपको नहीं लगता कि मैं इस फिल्म के लिए बहुत छोटी हूं? क्योंकि जो हीरो मेरे अपोजिट थे, वह ऑनस्क्रीन रोमांस के लिहाज से मुझसे काफी सीनियर थे. उन्होंने आगे कहा, ‘लेकिन जब मेकर्स ने मुझे पूरी कहानी समझाई, तब मुझे समझ आया कि तारा सिंह के उस रफ-एंड-टफ अंदाज और सकीना की मासूमियत के बीच का यह अंतर ही इस कहानी की असली जान है.
अमीषा ने बताया कि सकीना के इस रोल के लिए करीब 500 लड़कियों ने ऑडिशन दिया था. जब आखिरकार यह रोल उनकी झोली में आया, तो उन्होंने इसके लिए जी-जान से तैयारी शुरू कर दी. उन्होंने किरदार में ढलने के लिए काफी रिसर्च की, जिसमें उर्दू भाषा और उसके सही लहजे को सीखना भी शामिल था.
Add News18 as
Preferred Source on Google
एक्ट्रेस ने कहा, ‘हमने मस्जिदों का दौरा किया, वहां नमाज पढ़ने के तौर-तरीकों को करीब से देखा, ब्रिटिश राज के बारे में पढ़ा और उस दौर के इतिहास को अच्छे से समझा. डायरेक्टर अनिल शर्मा जी ने सकीना के किरदार की हर बारीकी और गहराई को समझने में मेरी बहुत मदद की.’
सनी देओल के साथ अपने तालमेल को याद करते हुए अमीषा ने कहा, ‘वह सेट पर मेरे साथ बहुत धैर्य रखते थे और उन्होंने मुझे हमेशा सपोर्ट किया. कई बार ऐसा होता था जब डायरेक्टर अनिल शर्मा जी मुझसे कोई शॉट निकलवाने की कोशिश कर रहे होते थे, तो सनी जी उनसे कहते थे कि आप बाहर जाइए, मैं इससे बात करता हूं. इसके बाद वह मुझे बड़े प्यार से सीन समझाते थे. उन्होंने कभी गुस्सा नहीं किया, कभी आपा नहीं खोया. वह अच्छे से जानते थे कि मैं इंडस्ट्री में नई हूं और सकीना का किरदार निभाना कोई आसान काम नहीं था.’
उन्होंने फैंस का शुक्रिया अदा करते हुए कहा, ‘मैं अपने फैंस को दिल से धन्यवाद देना चाहती हूं, जिन्होंने यह पक्का किया कि चाहे कितनी भी फिल्में आएं और जाएं, लेकिन गदर का बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड न टूटे. अमीषा ने इस बात पर भी हैरानी जताई कि आज भी गदर’ और गदर 2 का कुल कलेक्शन कई बड़ी फ्रेंचाइजी फिल्मों से बहुत आगे है. तारा और सकीना को मिलाकर ही गदर बनती है. अगर आप इनमें से किसी एक को भी हटा देंगे, तो फिर वो गदर नहीं रह जाएगी.’
अमीषा ने कहा, ‘फिल्म की कमाई और सिनेमाघरों में उमड़ी भीड़ ने खुद ब खुद सब साबित कर दिया था. जब हमने गदर बनाई थी, तब सोशल मीडिया जैसा कोई कॉन्सेप्ट नहीं था, वहां सिर्फ काम बोलता था. लेकिन आज की एक पूरी नई पीढ़ी इस फिल्म को पसंद कर रही है. जिन लोगों का गदर की रिलीज के वक्त जन्म भी नहीं हुआ था, उन्होंने भी यह फिल्म देखी है और वे तारा-सकीना के प्यार में पड़ गए हैं.’
उन्होंने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, ‘गदर को हिट कराने के लिए हमें किसी हथकंडे, आइटम सॉन्ग, अंग प्रदर्शन या कंप्यूटर ग्राफिक्स का सहारा नहीं लेना पड़ा. फिल्म के सेकेंड हाफ में तारा सिंह लगभग एक ही कपड़े में नजर आए, तो वहीं सकीना भी सिर से पैर तक ढकी हुई थीं. हमने इस कहानी पर पूरे दिल और आत्मा से काम किया था, यही वजह है कि यह लोगों के दिलों को छू गई.’
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



