शाहदरा जिला के गांधी नगर इलाके में शनिवार शाम एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतका की शिनाख्त रुखसार (34) के रूप में हुई है। हत्या का आरोप महिला के पति खालिद पर लगा है। वारदात के बाद सीसीटीवी फुटेज में आरोपी भागता हुआ दिखा है। उसके आधार पर पुलिस पति पर ही हत्या का शक जता रही है।
क्राइम टीम व एफएसएल ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया गया है। पुलिस आरोपी खालिद की तलाश कर रही है। परिजनों का कहना है कि पिछले करीब दो साल से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। इस वजह से पति अलग रहता था।
शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि रुखसार अपने परिवार के साथ चंदरपुरी झुग्गी, कैलाश नगर, गांधी नगर में रहती थी। करीब 15 साल पहले रुखसार की खालिद से शादी हुई थी। इनके यहां दो बेटे और एक बेटी है। रुखसार छोटा-मोटा काम करती थी। खालिद नशे का आदी है। इस बात पर पति-पत्नी के बीच झगड़ा होता था। करीब दो साल पहले विवाद के बाद खालिद ने घर छोड़कर अलग रहनाा शुरू कर दिया था।
अक्सर वह पत्नी और बच्चों से मिलने के लिए आता था। शनिवार भी वह घर आया था। इसके बाद वह फरार हो गया। करीब 4.30 बजे लोगों ने रुखसार को घर में मृृत पड़ा देखा। मामले की सूचना पेट्रोलिंग कर रहे स्टाफ को दी गई। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। रुखसार के जीजा ने उसके पति पर ही हत्या करने का आरोप लगाया। वारदात के समय बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। पुलिस बाकी लोगों का बयान लेकर मामले की जांच कर रही है।
पार्किंग के विवाद में ट्रक चालक की ले ली जान
समयपुर बादली इलाके में पार्किंग के दौरान हुए विवाद में ट्रक चालक की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। आरोपी कैंटर चालक पवन ने ट्रक चालक बबलू की लात घूंसों से पिटाई कर दी। पेट में दर्द होने की शिकायत पर परिवार वालों ने उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी कैंटर चालक को गाजियाबाद यूपी से गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त शोभित डी सक्सेना ने बताया कि 6 जून की देर रात समयपुर बादली थाना पुलिस को अंबेडकर अस्पताल से सूचना मिली कि चंदन पार्क सिरसपुर निवासी 35 साल के बबलू को पेट में चोट लगने के कारण भर्ती कराया है। वह बयान देने की हालत में नहीं था। 10 जून को इलाज के दौरान बबलू ने दम तोड़ दिया।
मृतक के चचेरे भाई वीरेश ने पुलिस को बताया कि 6 जून रात करीब 8.30 बजे बबलू ने उसे बताया था कि सिरसपुर के महादेव धर्म कांटा पार्किंग में पार्किंग को लेकर हुए विवाद में एक कैंटर चालक ने उस पर हमला किया था। हमले के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर उसपर घूंसे और लात मारी। जिससे उसके पेट में गंभीर चोटें आईं।
बबलू को पहले पास के अस्पताल ले जाया गया और बाद में अंबेडकर अस्पताल रेफर किया गया। जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान घटनास्थल के सीसीटीवी कैमरे फुटेज की जांच की। जिसमें आरोपी मृतक को लात और घूंसे मारता हुआ दिख रहा था। थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी की पहचान की।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



