Image Slider

TMC Crisis Live Updates: तृणमूल कांग्रेस यानी TMC अपने सबसे बड़े राजनीतिक संकट से गुजर रही है. जिस पार्टी ने बंगाल की राजनीति में सालों तक मजबूत पकड़ बनाए रखी, अब उसी पार्टी के ममता बनर्जी के खिलाफ बगावत के सुर मजबूत हो गए हैं. हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि पार्टी के कई सांसद अब खुद को ‘असली TMC’ बताने की तैयारी में हैं. सोमवार को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से होने वाली मुलाकात को सिर्फ एक औपचारिक बैठक नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे ममता बनर्जी की राजनीति के लिए सबसे कठिन परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है. वहीं अभिषेक बनर्जी के घर शनिवार सुबह को पुलिस पहुंची. साथ ही नगर पालिका भर्ती घोटाले की जांच के तहत प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने तृणमूल कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री मदन मित्रा से जुड़े सात ठिकानों पर छापेमारी की है. इस छापेमारी में बेड के नीचे से कुछ नकदी और कई अहम दस्तावेज बरामद किए.

दिलचस्प बात यह है कि यह बगावत सिर्फ संगठन तक सीमित नहीं है. सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के बीच असंतोष लगातार बढ़ता दिख रहा है. कई नेता खुले मंच से अभिषेक बनर्जी की कार्यशैली पर सवाल उठा चुके हैं. पार्टी के अंदर चल रही खींचतान अब सार्वजनिक लड़ाई में बदलती नजर आ रही है. ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर ‘रियल TMC’ कौन है और पार्टी पर असली नियंत्रण किसका रहेगा?

तृणमूल कांग्रेस के भीतर यह संकट उस समय और गहरा गया जब वरिष्ठ नेता और वकील कल्याण बनर्जी ने सार्वजनिक रूप से अभिषेक बनर्जी पर निशाना साधा. उन्होंने अभिषेक पर अहंकारी रवैया अपनाने का आरोप लगाया और यहां तक कह दिया कि वह अब उनका कानूनी प्रतिनिधित्व नहीं करेंगे. कल्याण बनर्जी ने ममता बनर्जी के सामने भी सीधी चुनौती रख दी. उन्होंने कहा कि पार्टी को अब तय करना होगा कि वह उनके साथ खड़ी है या फिर अभिषेक बनर्जी के साथ.

दूसरी तरफ काकोली घोष दस्तिदार के नेतृत्व में एक बड़ा गुट खुलकर सामने आ गया है. इस गुट का दावा है कि करीब 20 सांसद उनके साथ हैं और वही असली तृणमूल कांग्रेस का प्रतिनिधित्व करते हैं. यही गुट सोमवार को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मिलकर आधिकारिक मान्यता की मांग करेगा.

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह संकट ममता बनर्जी के लिए सिर्फ संगठनात्मक चुनौती नहीं है, बल्कि उनकी राजनीतिक विरासत से भी जुड़ गया है. अगर बड़ी संख्या में सांसद अलग गुट बनाते हैं तो इसका असर 2026 के बंगाल चुनावों पर भी पड़ सकता है.

अब सबकी नजर सोमवार को होने वाली स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात पर टिकी है. यही बैठक तय कर सकती है कि तृणमूल कांग्रेस में असली ताकत किसके पास है और बंगाल की राजनीति किस दिशा में जाएगी.

TMC Crisis Live: TMC का पलटवार: अभिषेक बनर्जी के घर सर्च को बताया BJP का ‘ऑपरेशन लोटस’

टीएमसी संकट लाइव: तृणमूल कांग्रेस सांसद सागरिका घोष ने अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित आवास पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर BJP पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरी कार्रवाई राजनीतिक बदले की भावना से की गई और तलाशी में कोई सबूत नहीं मिला. सागरिका घोष ने X पर पोस्ट कर दावा किया कि 13 जून की रात करीब 3 बजे पुलिस अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित घर पहुंची, सुबह 5 बजे डिजास्टर मैनेजमेंट टीम को ताले तोड़ने के लिए बुलाया गया और करीब 6:30 बजे सर्च ऑपरेशन शुरू हुआ, जो लगभग 90 मिनट तक चला. उन्होंने कहा कि तलाशी दूसरी मंजिल से लेकर छत तक की गई, लेकिन जब्ती रिपोर्ट में ‘NIL’ दर्ज है, यानी कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई. सागरिका घोष ने इसे ‘डराने और मानसिक प्रताड़ना’ की कार्रवाई बताते हुए कहा कि BJP के सामने झुकने से इनकार करने वाले विपक्षी नेताओं को ‘ऑपरेशन लोटस’ के जरिए निशाना बनाया जा रहा है. उन्होंने जांच एजेंसियों के राजनीतिक इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए इसे विपक्षी नेताओं पर ‘शर्मनाक हमला’ बताया.

TMC Crisis Live: मैं ममता के साथ, काकोली गुट ‘मौकापरस्त’: कल्याण बनर्जी

टीएमसी संकट लाइव: तृणमूल कांग्रेस में जारी बगावत के बीच वरिष्ठ नेता कल्याण बनर्जी ने साफ कर दिया है कि वह ममता बनर्जी के साथ खड़े हैं. News18 से बातचीत में उन्होंने कहा कि पार्टी की प्राथमिकता BJP नेतृत्व वाले NDA से लड़ना होना चाहिए, न कि अंदरूनी विवादों में उलझना. अभिषेक बनर्जी का बचाव करते हुए कल्याण ने कहा, ‘मैंने अभिषेक को बचपन से बड़ा होते देखा है. अब हमें NDA के खिलाफ लड़ाई लड़नी है.’ कल्याण बनर्जी ने बागी सांसदों, खासकर काकोली घोष दस्तीदार के नेतृत्व वाले गुट पर तीखा हमला बोला. उन्होंने सवाल उठाया कि जो नेता अलग ब्लॉक बना रहे हैं, क्या वे कभी अपने संसदीय क्षेत्रों में जनता के बीच गए? उन्होंने कहा, ‘काकोली घोष दस्तीदार अपने क्षेत्र में क्यों नहीं जा रहीं?’ कल्याण ने बागी नेताओं को ‘मौकापरस्त’ बताते हुए कहा कि पार्टी उन्हीं लोगों के साथ लड़ाई जारी रखेगी जो TMC के प्रति वफादार हैं. उन्होंने देर रात पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि BJP नेतृत्व वाला प्रशासन एजेंसियों का इस्तेमाल कर विपक्षी नेताओं को निशाना बना रहा है. कल्याण बनर्जी ने कहा, ‘रात के बीच पुलिस पहुंच रही है, यह साफ राजनीतिक प्रतिशोध है.’

TMC Crisis Live: अभिषेक बनर्जी के घर देर रात पुलिस पहुंचना राजनीतिक बदले की कार्रवाई: TMC

टीएमसी संकट लाइव: तृणमूल कांग्रेस ने अभिषेक बनर्जी के आवास पर देर रात पुलिस पहुंचने की घटना को लेकर कड़ा विरोध जताया है. पार्टी ने इसे ‘रेड कम घुसपैठ’ बताते हुए आरोप लगाया कि इसके बाद पुलिस सूत्रों के हवाले से गलत और भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है. TMC ने उन दावों को पूरी तरह खारिज किया है जिनमें अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक से जुड़े कथित वित्तीय लेनदेन की बात कही जा रही थी. पार्टी सूत्रों ने कहा कि अभिषेक बनर्जी या उनके सहयोगी से जुड़ा कोई संदिग्ध लेनदेन या आर्थिक गतिविधि नहीं हुई है. TMC ने आरोप लगाया कि BJP शासित प्रशासन राजनीतिक मकसद से पार्टी नेतृत्व को निशाना बना रहा है और मीडिया के कुछ हिस्सों में चुनिंदा लीक के जरिए गलत नैरेटिव बनाने की कोशिश की जा रही है. पार्टी ने इस पूरे घटनाक्रम को ‘राजनीतिक प्रतिशोध’ करार देते हुए कहा कि वह कानूनी विकल्पों पर विचार कर रही है और झूठी व मानहानिकारक खबरों के खिलाफ कार्रवाई करेगी.

TMC Crisis Live: TMC के बागी सांसद BJP में विलय नहीं कर सकते: साकेत गोखले

टीएमसी संकट लाइव: तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद साकेत गोखले ने पार्टी के बागी सांसदों पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि अलग गुट बनाकर या BJP नेतृत्व वाले NDA के साथ जाने की कोशिशों का दल-बदल कानून के तहत कोई कानूनी आधार नहीं है. गोखले ने आरोप लगाया कि कुछ सांसद पैसों के लालच में आकर राजनीतिक खेल खेल रहे हैं, लेकिन उन्हें कानूनी परिणामों की समझ नहीं है. साकेत गोखले ने कहा कि 91वें संविधान संशोधन के बाद राजनीतिक दल में ‘स्प्लिट’ यानी अलग गुट बनाने का प्रावधान खत्म हो चुका है. उनके मुताबिक केवल संसदीय दल नहीं, बल्कि पूरी राजनीतिक पार्टी का किसी दूसरे दल में विलय होने पर ही उसे कानूनी मान्यता मिल सकती है. उन्होंने कहा कि अगर TMC के अधिकांश सांसद भी BJP के साथ जाने का समर्थन करें, तब भी इसे वैध विलय नहीं माना जाएगा, जब तक पूरी तृणमूल कांग्रेस BJP में शामिल न हो जाए. गोखले ने चेतावनी दी कि NDA का समर्थन करना या पार्टी व्हिप के खिलाफ जाना दल-बदल माना जा सकता है. उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि औपचारिक इस्तीफा दिए बिना भी सांसदों को पार्टी छोड़ने वाला माना जा सकता है. उन्होंने साफ कहा, जो भी खेल खेला जाएगा, उसका नतीजा अयोग्यता होगा.

TMC Crisis Live: मदन मित्रा के घर ED की रेड, बेड के नीचे मिले कैश और दस्तावेज

टीएमसी संकट लाइव: नगर पालिका भर्ती घोटाले की जांच के तहत प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शनिवार को TMC विधायक और पूर्व मंत्री मदन मित्रा के दक्षिणेश्वर स्थित आवास पर छापेमारी की. सूत्रों के मुताबिक ED अधिकारियों ने घर की गहन तलाशी के दौरान मदन मित्रा के बेड के नीचे से कुछ नकदी और कई अहम दस्तावेज बरामद किए. जांच एजेंसी को तलाशी के दौरान छह बैंक खातों से जुड़ी जानकारी भी मिली है, जिसकी अब विस्तार से जांच की जाएगी. ED इन दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन को कथित अवैध नगर पालिका नियुक्तियों से जोड़कर देख रही है. फिलहाल बरामद नकदी की सही रकम और जब्त दस्तावेजों की प्रकृति को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इस कार्रवाई ने TMC की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं.

TMC Crisis Live: कई घंटे की तलाशी के बाद अभिषेक बनर्जी के घर से निकली पुलिस टीम

टीएमसी संकट लाइव: सालबोनी थाने की पुलिस, जो तृणमूल कांग्रेस महासचिव अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित कालीघाट आवास पहुंची थी, कई घंटे तक जांच और तलाशी के बाद वहां से लौट गई. सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई अभिषेक बनर्जी के करीबी सहयोगी और निजी सहायक सुमित रॉय से जुड़े एक मामले के सिलसिले में की गई. पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी और बड़ी संख्या में TMC कार्यकर्ता व मीडिया कर्मी आवास के बाहर मौजूद रहे. हालांकि जांच से जुड़ी पूरी जानकारी अभी आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आई है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि पुलिस सुमित रॉय से जुड़े मामले में पूछताछ और सबूत जुटाने पहुंची थी. इस दौरान ममता बनर्जी भी अभिषेक बनर्जी के घर पर मौजूद रहीं.

TMC Crisis Live: दिल्ली में बागी नेताओं से मिल सकते हैं सुवेंदु अधिकारी

टीएमसी संकट लाइव: पश्चिम बंगाल की सियासत में जारी हलचल के बीच मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी रविवार को एक बार फिर दिल्ली दौरे पर आ सकते हैं. सूत्रों के मुताबिक वह राजधानी में TMC के बागी नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं. बताया जा रहा है कि सोमवार को सुवेंदु अधिकारी सभी बागी सांसदों के साथ लोकसभा स्पीकर से भी मुलाकात कर सकते हैं, जिससे बंगाल की राजनीति में हलचल और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं.

TMC Crisis Live: नगर पालिका भर्ती घोटाले में मदन मित्रा से जुड़े 7 ठिकानों पर ED की रेड

टीएमसी संकट लाइव: तृणमूल कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री मदन मित्रा की मुश्किलें बढ़ गई हैं. नगर पालिका भर्ती घोटाले की जांच के तहत प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उनसे जुड़े सात ठिकानों पर छापेमारी की है. अधिकारियों के मुताबिक ED की कोलकाता यूनिट नगर निकायों में कथित अनियमित नियुक्तियों की जांच कर रही है. जांच एजेंसी का दावा है कि अब तक जुटाए गए सबूतों से संकेत मिले हैं कि मदन मित्रा ने कथित तौर पर अयोग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति कराने के बदले बिचौलियों के जरिए नकदी और सोना रिश्वत के रूप में लिया. जांच में कामरहाटी नगर पालिका समेत कई निकायों में 125 से ज्यादा कथित अवैध नियुक्तियों से उनका नाम जोड़ा गया है. ED की टीम अब पैसों के लेनदेन, भर्ती प्रक्रिया और बिचौलियों की भूमिका से जुड़े अतिरिक्त सबूत जुटाने में लगी है.

TMC Crisis Live: सालबोनी जमीन घोटाला केस में अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची पुलिस

टीएमसी संकट लाइव: पश्चिम बंगाल में शनिवार सुबह ही राजनीतिक हलचल तब तेज हो गई जब सालबोनी थाने की पुलिस तृणमूल कांग्रेस महासचिव अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित आवास पहुंची. यह कार्रवाई कथित जमीन घोटाला मामले की जांच से जुड़ी बताई जा रही है. सूत्रों के मुताबिक पुलिस टीम शुक्रवार रात कोलकाता पहुंची और करीब 2 बजे अभिषेक बनर्जी के घर गई. यह घटनाक्रम पूर्व मेदिनीपुर विधायक और TMC जिला अध्यक्ष सुजॉय हाजरा की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद सामने आया है. हाजरा पर सालबोनी जमीन घोटाले में शामिल होने का आरोप है और उनके खिलाफ कानून की नौ धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल वह पुलिस हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ जारी है. सूत्रों का कहना है कि हाजरा से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस कोलकाता पहुंची और जांच के तहत अभिषेक बनर्जी के आवास तक गई.

TMC Crisis Live: सिग्नेचर स्कैम में अभिषेक बनर्जी और कुणाल घोष को CID का समन

टीएमसी संकट लाइव: तृणमूल कांग्रेस के लिए मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. कथित सिग्नेचर फर्जीवाड़ा मामले में CID ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी और वरिष्ठ नेता कुणाल घोष को समन भेजा है. सूत्रों के मुताबिक अभिषेक बनर्जी को रविवार को एक बार फिर भवानी भवन स्थित CID मुख्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया गया है. वहीं TMC के मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुणाल घोष को भी उसी दिन जांच एजेंसी के सामने पेश होने का निर्देश दिया गया है. यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब पश्चिम बंगाल में TMC पहले से ही अंदरूनी बगावत और राजनीतिक दबाव का सामना कर रही है. सिग्नेचर फर्जीवाड़ा मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है और जांच एजेंसी इस केस से जुड़े कई लोगों से पूछताछ कर चुकी है. अब अभिषेक बनर्जी और कुणाल घोष को समन भेजे जाने से बंगाल की राजनीति में हलचल और तेज हो गई है.

TMC Crisis Live: रात 3 बजे अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची पुलिस, मदन मित्रा के आवास पर ED की दस्तक

टीएमसी संकट लाइव: तृणमूल कांग्रेस में जारी सियासी संकट के बीच शनिवार तड़के बड़ा घटनाक्रम सामने आया. सूत्रों के मुताबिक सालबोनी थाने की पुलिस रात करीब 3 बजे TMC महासचिव अभिषेक बनर्जी के आवास पहुंची. हालांकि पुलिस के इस दौरे की वजह फिलहाल साफ नहीं हो सकी है. इसके कुछ देर बाद पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और TMC प्रमुख ममता बनर्जी भी सुबह करीब 4 बजे अभिषेक बनर्जी के घर पहुंचीं, जिससे राजनीतिक हलचल और तेज हो गई. इसी बीच प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी वरिष्ठ TMC नेता मदन मित्रा के आवास पर पहुंचकर कार्रवाई की. लगातार हो रही इन घटनाओं ने पार्टी के भीतर चल रहे संकट और बागी सांसदों के दबाव के बीच तनाव को और बढ़ा दिया है. फिलहाल अधिकारियों की ओर से पुलिस कार्रवाई के उद्देश्य को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||