Image Slider

Last Updated:

Ghaziabad News: गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत पुलिस ने 1600 से अधिक अपराधियों को चिन्हित किया है, जिनमें कई हिस्ट्रीशीटर भी शामिल हैं. आइए जानते हैं कि पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर आम जनता का क्या कहना है.

Ghaziabad: गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत पुलिस ने 1600 से अधिक अपराधियों को चिन्हित किया है, जिनमें कई हिस्ट्रीशीटर भी शामिल हैं. पुलिस टीमें लगातार गली-गली जाकर संदिग्धों और अपराधियों के ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. इसके साथ ही ड्रोन कैमरों और डॉग स्क्वायड की मदद से पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है. करीब 8 से 10 लाख आबादी वाले खोड़ा की सीमाएं नोएडा और दिल्ली से जुड़ी हैं, जिसके चलते अन्य जिलों और राज्यों में अपराध करने वाले कई अपराधी यहां आकर छिप जाते हैं.

सूर्या हत्याकांड के बाद पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है. मुख्य आरोपी असद मुठभेड़ में मारा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए ऐसे अभियान को लगातार चलाने की मांग की है और अपराधियों के खिलाफ तुरंत एक्शन को लेकर खुश हैं.

ऑपरेशन क्लीन स्वीप से होगी तुरंत कार्रवाई
खोड़ा निवासी सुमित कुमार पांडे ने बताया कि वह कई सालों से खोड़ा क्षेत्र में रह रहे हैं. उनका कहना है कि दिल्ली और नोएडा से सटा होने के कारण दूसरे जिलों में अपराध करने वाले कई अपराधी यहां आकर छिप जाते हैं. संकरी गलियां और घनी आबादी होने के कारण पुलिस की गश्त हर जगह प्रभावी ढंग से नहीं हो पाती, जिसका फायदा अपराधी उठाते हैं. ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत 1600 से अधिक अपराधियों को चिन्हित किया गया है और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.

नोएडा और दिल्ली सीमाओं से जुड़ा खोड़ा
खोड़ा क्षेत्र में मेडिकल स्टोर संचालक असीम चौधरी ने बताया कि वह पिछले 22 वर्षों से क्षेत्र में मेडिकल स्टोर चला रहे हैं. उनका कहना है कि हिस्ट्रीशीटर और आदतन अपराधियों को पकड़कर जेल भेजा जाना चाहिए. यदि क्षेत्र में गुंडे और अपराधी नहीं रहेंगे तो अपराध अपने आप कम हो जाएगा. उन्होंने कहा कि खोड़ा की सीमाएं नोएडा और दिल्ली से जुड़ी होने के कारण कई अपराधी वारदात के बाद यहां छिप जाते हैं. महिलाओं और व्यापारियों के खिलाफ बढ़ते अपराधों को देखते हुए ऐसे लोगों पर कठोर कार्रवाई बेहद जरूरी है. उनका मानना है कि ऑपरेशन क्लीन से लोगों को राहत मिलेगी और क्षेत्र अपराध मुक्त बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा.

अपराधियों के छिपने का अड्डा
योगेश भाटी ने कहा कि खोड़ा अत्यधिक घनी आबादी वाला क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में लोग किराये पर रहते हैं. कई बार किरायेदारों का सत्यापन नहीं होने के कारण अपराधी प्रवृत्ति के लोग भी आसानी से यहां रह लेते हैं. उन्होंने पुलिस की ओर से चलाए जा रहे अभियान का स्वागत करते हुए कहा कि इससे अपराधियों में डर का माहौल बनेगा. उनका कहना है कि कई अपराधी दिल्ली और नोएडा में वारदात करने के बाद खोड़ा में आकर छिप जाते हैं, इसलिए यह अभियान बेहद जरूरी था.

घनश्याम तिवारी ने कहा कि अपराधियों के मन में कानून और पुलिस का भय होना जरूरी है. उन्होंने कहा कि सूर्य प्रताप हत्याकांड के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी असद के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसे मुठभेड़ में मार गिराया और अन्य आरोपियों को जेल भेजा. अब ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत चिन्हित अपराधियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है, जिससे क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है.

अपराध मुक्त बनेगा खोड़ा
खोड़ा निवासी संजय तिवारी ने कहा कि सूर्य प्रताप की हत्या ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया था. उन्होंने कहा कि अपराधी प्रवृत्ति के लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई होनी चाहिए. पुलिस का यह अभियान जारी रहा, तो अपराधियों में भय पैदा होगा और खोड़ा को अपराध मुक्त बनाने में मदद मिलेगी.

About the Author

authorimg

आर्यन सेठ

आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||