Last Updated:
तमिलनाडु में मुख्यमंत्री जोसेफ विजय की नई सरकार महिला सुरक्षा को लेकर विपक्ष के निशाने पर आ गई है. सरकार बनने के कुछ ही समय बाद दो सनसनीखेज घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. पहली घटना कोयंबटूर में 10 वर्षीय बच्ची के अपहरण और हत्या की है, जबकि दूसरी घटना चेन्नई में 18 वर्षीय श्रीलंकाई तमिल शरणार्थी युवती येंसी की कथित तौर पर कार से कुचलकर हत्या की है. दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इन घटनाओं के बाद लोगों ने सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और सरकार से जवाब मांगा.
तमिलनाडु में दो हत्याओं के बाद सीएम थलापति विजय की सरकार में महिला सरुक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
तमिलनाडु चुनाव में बहू-बेटियों की सुरक्षा की गारंटी देने का वादा करने वाले मुख्यमंत्री जोसेफ विजय उर्फ थलापति विजय सवालों के घेरे में हैं. विजय को मुख्यमंत्री का कुर्सी संभाले हुए महीने भर का समय भी नहीं बीता है, लेकिन राज्य में हत्या की दो वारदातों से महिला सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं. लोग सड़कों पर उतरकर महिला सुरक्षा पर नई सरकार से सवाल पूछ रहे हैं. वहीं मुख्यमंत्री विजय मीडिया के सामने आकर कुछ भी कहने से बचते दिख रहे हैं.
पहली वारदात
तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले के सुलूर क्षेत्र में 10 साल की बच्ची की हत्या ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है. गुरुवार शाम से लापता बच्ची का शव शुक्रवार को कन्नमपलयम झील के पास घायल अवस्था में मिला. पुलिस जांच में सामने आया है कि बच्ची घर के पास किराने का सामान लेने निकली थी, तभी उसका कथित रूप से अपहरण कर लिया गया. बाद में आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने इस मामले में कार्तिक और मोहन राज नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया. बच्ची के परिजनों और स्थानीय लोगों ने सुलूर पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग की. पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री की ओर से आधिकारिक बयान या आश्वासन मिलने तक शव लेने से इनकार कर दिया. परिवार का कहना है कि उन्होंने बदलाव की उम्मीद में वोट दिया था, लेकिन अब उन्हें सरकार की ओर से कोई भरोसा नहीं मिल रहा है.
दूसरी वारदात
चेन्नई के कोयम्बेडु इलाके में एक बार के बाहर हुए विवाद के बाद 18 वर्षीय श्रीलंकाई तमिल शरणार्थी युवती येंसी की कथित तौर पर कार से कुचलकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. विल्लुपुरम के शरणार्थी शिविर में रहने वाली येंसी इंस्टाग्राम पर बनी एक दोस्त से मिलने चेन्नई आई थी. मुलाकात के बाद वह दोस्तों के साथ एक निजी बार गई, जहां दूसरे समूह से विवाद हो गया.
बार के बाहर दोनों पक्षों के बीच फिर झड़प हुई. इसके बाद एक कार ने येंसी और उसके दोस्तों का पीछा किया. आरोप है कि कार सवारों ने येंसी के टू-व्हीलर को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. एक अन्य युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. प्रारंभिक जांच में कार पर डीएमके का झंडा होने की बात सामने आई है. मुख्य आरोपी समेत छह लोगों को चेन्नई और पुडुचेरी से गिरफ्तार किया गया है.
मुख्यमंत्री थलापति विजय महिला अपराधों पर क्या कहा-
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने वारदात पर मीडिया के सामने आकर कोई बयान नहीं दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- कोयंबटूर में 10 साल की बच्ची के साथ हुई यह घटना बेहद दुखद और झकझोर देने वाली है. समाज में ऐसे अमानवीय और माफ न किए जा सकने वाले अपराधों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.’
विजय सरकार पर उठने लगे सवाल
कोयंबटूर में 10 साल की बच्ची और श्रीलंकाई लड़की की हत्या को लेकर तमिलनाडु की राजनीति भी गरमा गई है. विपक्षी डीएमके ने नई टीवीके सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं. डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन ने दावा किया कि सरकार बनने के मात्र 12 दिनों में 30 से अधिक गंभीर आपराधिक घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें यौन हिंसा, गांजा तस्करी, गुंडागर्दी और बच्ची के अपहरण व हत्या जैसे मामले शामिल हैं.
वहीं राज्य सरकार की ओर से मंत्री एम. एस. संपत ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने का आश्वासन दिया. टीवीके विधायक एनएम सुकुमार ने भी परिवार को न्याय दिलाने की बात कही. दूसरी ओर बीजेपी नेता नारायणन तिरुपति ने घटना की निंदा करते हुए कानून-व्यवस्था की खराब स्थिति के लिए पिछली डीएमके सरकार को जिम्मेदार ठहराया.
About the Author
अभिषेक कुमार News18 की डिजिटल टीम में बतौर एसोसिएट एडिटर काम कर रहे हैं. वे यहां बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तसीगढ़, उत्तराखंड की राजनीति, क्राइम समेत तमाम समसामयिक मुद्दों पर लिखते …और पढ़ें
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



