Image Slider

भारतीय राजनीति का रंगमंच भी बड़ा अजीब है; यहां एक तरफ तो वो सिकंदर हैं जिनकी अकूत दौलत का आंकड़ा सुनकर ही आम आदमी की आंखें फटी की फटी रह जाएं और दूसरी तरफ वो चेहरे हैं जो बरसों तक सत्ता के शिखर पर रहने के बावजूद अपनी जेब में चंद लाख रुपये ही समेट पाए हैं. देश की सियासत में इसे लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं. कनकपुरा की चट्टान कहे जाने वाले और कभी तिहाड़ जेल की सलाखों के पीछे 50 दिन गुजारने वाले कांग्रेस के संकटमोचक डीके शिवकुमार कर्नाटक के मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठने जा रहे हैं. एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) के ताजा आंकड़ों के अनुसार 1,413 करोड़ रुपये के मालिक डीके शिवकुमार देश के सबसे अमीर सीएम बनने जा रहे हैं. वहीं दूसरी तरफ पश्चिम बंगाल की दीदी यानी ममता बनर्जी जैसी राजनेता, जिनकी कुल जमा-पूंजी एक अदद लग्जरी गाड़ी की कीमत से भी कम है. वो देश की सबसे गरीब सीएम रह चुकी हैं. चलिए सत्ता और संपत्ति के इस सबसे दिलचस्प और सनसनीखेज खेल के पर्दे को उठाते हैं और जानते हैं कि देश के टॉप-5 सबसे अमीर और सबसे गरीब मुख्यमंत्रियों की इस फेहरिस्त में कौन कहां खड़ा है.

देश के टॉप-5 सबसे अमीर मुख्यमंत्री

भारतीय राजनीति के ये वो रसूखदार नाम हैं, जिनकी चल और अचल संपत्ति अरबों में खेलती है. डीके शिवकुमार की ताजपोशी के बाद अब देश के शीर्ष तीन सबसे अमीर मुख्यमंत्री दक्षिण भारत से आते हैं:

देश के टॉप-5 सबसे अमीर मुख्यमंत्री (ADR रिपोर्ट)

रैंक मुख्यमंत्री का नाम राज्य कुल संपत्ति (लगभग)
1 डीके शिवकुमार कर्नाटक ₹1,413.78 करोड़
2 एन. चंद्रबाबू नायडू आंध्र प्रदेश ₹931 करोड़+
3 सी. जोसेफ विजय तमिलनाडु ₹648 करोड़+
4 पेमा खांडू अरुणाचल प्रदेश ₹332 करोड़+
5 नेफियू रियो नागालैंड ₹46 करोड़+

देश के सबसे कम संपत्ति वाले (सबसे गरीब) मुख्यमंत्री

रैंक मुख्यमंत्री का नाम राज्य / केंद्र शासित प्रदेश कुल संपत्ति (लगभग)
1 ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल ₹15.38 लाख
2 ओमर अब्दुल्ला जम्मू और कश्मीर ₹55.24 लाख
3 पिनाराई विजयन केरल ₹1.18 करोड़
4 भजन लाल शर्मा राजस्थान ₹1.46 करोड़
5 योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश ₹1.54 करोड़

सवाल-जवाब

देश के सबसे अमीर मुख्यमंत्री बनने जा रहे डीके शिवकुमार के पास सबसे महंगी अचल संपत्ति क्या है?

चुनावी हलफनामे के मुताबिक, डीके शिवकुमार के पास ₹1,140.36 करोड़ की भारी-भरकम अचल संपत्ति है. इसमें बेंगलुरु, मैसूर, कनकपुरा और दिल्ली में आलीशान आवासीय संपत्तियों के अलावा बेंगलुरु के गोपालपुरा इलाके में स्थित एक विशाल मॉल (ग्लोबल मॉल) और पुश्तैनी कृषि भूमि शामिल है.

अमीरों की इस लिस्ट में दूसरे और तीसरे नंबर पर मौजूद मुख्यमंत्रियों की मुख्य पहचान क्या है?

इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और हाई-टेक राजनीति के अगुवा एन. चंद्रबाबू नायडू हैं, जिनकी संपत्ति ₹931 करोड़ से अधिक है. वहीं तीसरे नंबर पर तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री और दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार सी. जोसेफ विजय हैं, जिनकी कुल संपत्ति ₹648 करोड़ से अधिक घोषित है.

सबसे कम संपत्ति वाले मुख्यमंत्रियों की सूची में ममता बनर्जी के शीर्ष पर होने की क्या वजह है?

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की कुल घोषित संपत्ति महज ₹15.38 लाख है. उनके पास न तो कोई खुद का वाहन है और न ही कोई अचल संपत्ति जैसे घर या जमीन. वे अपनी आय का जरिया केवल किताबों की रॉयल्टी और सामाजिक कार्यों को बताती हैं, जो उन्हें देश का सबसे कम संपत्ति वाला मुख्यमंत्री बनाता है.

देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस सूची में कहाँ ठहरते हैं?

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देश के सबसे कम संपत्ति वाले मुख्यमंत्रियों में 5वें स्थान पर आते हैं. एक संन्यासी का जीवन जीने वाले योगी आदित्यनाथ की कुल घोषित संपत्ति करीब ₹1.54 करोड़ है, जिसमें मुख्य रूप से उनके बैंक खाते में जमा राशि और कुछ धार्मिक आभूषण शामिल हैं.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||