-जनसुनवाई औपचारिकता नहीं, जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद है: विक्रमादित्य सिंह मलिक
-निर्माण और जलकल विभाग की शिकायतें सबसे अधिक, अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश
-शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने रखीं मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से नगर निगम मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित ‘संभव’ जनसुनवाई कार्यक्रम में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने स्वयं नागरिकों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान अधिकांश शिकायतें निर्माण एवं जलकल विभाग से संबंधित प्राप्त हुईं, जिन पर नगर आयुक्त ने सख्त रुख अपनाते हुए तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के आदेश दिए। कार्यक्रम में नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ‘संभव’ जनसुनवाई में सभी विभागों के अधिकारी अनिवार्य रूप से समय पर उपस्थित रहें, ताकि नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता नहीं बल्कि जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद का प्रभावी माध्यम है। जनसुनवाई के दौरान कुल 18 संदर्भ प्राप्त हुए, जिनमें निर्माण विभाग से सात, जलकल विभाग से चार, उद्यान विभाग से दो, संपत्ति विभाग से दो, स्वास्थ्य विभाग से एक, अतिक्रमण से संबंधित एक तथा अन्य विभाग से एक संदर्भ शामिल रहा।
नगर आयुक्त ने प्राप्त शिकायतों के क्रम में विभागीय टीमों को तत्काल मौके पर भेजकर कार्रवाई शुरू कराई। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, संपत्ति प्रभारी पल्लवी सिंह, मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे और नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। संभव जनसुनवाई में कवि नगर, मोहन नगर, विजयनगर, सिटी क्षेत्र, वसुंधरा और इंदिरापुरम सहित शहर के विभिन्न इलाकों से पहुंचे नागरिकों ने जल निकासी, सड़कों की मरम्मत, सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण तथा संपत्ति संबंधी समस्याएं नगर आयुक्त के समक्ष रखीं।
शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागीय टीमों को मौके पर भेजा गया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को बेहतर नगर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



