-हिंदी भवन में सुबह 11 बजे से शुरू होगी नीलामी, आवासीय से लेकर होटल और स्कूल भूखंड शामिल
-कोयल एंक्लेव, इंदिरापुरम और कौशांबी योजनाओं की प्राइम लोकेशन संपत्तियों पर निवेशकों की नजर
-पहली बार एक साथ नीलामी में ग्रुप हाउसिंग, व्यावसायिक भूखंड, दुकानें और संस्थागत जमीन
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। दिल्ली और नोएडा से सटे क्षेत्रों में संपत्ति खरीदने के इच्छुक निवेशकों और आम नागरिकों के लिए बुधवार का दिन खास रहने वाला है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा विभिन्न योजनाओं की रिक्त 220 संपत्तियों की नीलामी आयोजित की जा रही है, जिसमें आवासीय, व्यावसायिक, संस्थागत और होटल भूखंडों सहित कई महत्वपूर्ण प्रॉपर्टी निवेश के लिए उपलब्ध होंगी।
जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल के निर्देश पर यह नीलामी बुधवार सुबह 11 बजे से लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में आयोजित की जाएगी। नीलामी प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रतिस्पर्धात्मक बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार 16 मई तक इच्छुक आवेदकों से आवेदन प्राप्त किए जा चुके हैं और अब पात्र आवेदकों को खुली बोली के माध्यम से संपत्ति खरीदने का अवसर मिलेगा। जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि इस बार नीलामी में कई ऐसी संपत्तियां शामिल की गई हैं जिन्हें पहली बार बिक्री के लिए प्रस्तुत किया जा रहा है। कोयल एंक्लेव योजना में पांच ग्रुप हाउसिंग भूखंडों के साथ दो प्राथमिक विद्यालय, एक उच्च माध्यमिक विद्यालय और एक हेल्थ सेंटर के लिए आरक्षित भूखंड भी नीलामी में रखे गए हैं। इससे शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
इसके अतिरिक्त कौशांबी योजना में एक होटल भूखंड और एक ओल्ड एज होम के लिए निर्धारित भूमि को भी नीलामी प्रक्रिया में शामिल किया गया है। दिल्ली से निकटता और बेहतर कनेक्टिविटी के कारण इन भूखंडों को निवेशकों के लिए विशेष रूप से आकर्षक माना जा रहा है। इंदिरापुरम विस्तार योजना के ब्लॉक-ए में 19 आवासीय भूखंडों और दो व्यावसायिक भूखंडों की बिक्री की तैयारी की गई है। वहीं इंदिरापुरम योजना के विभिन्न खंडों में भी बड़ी संख्या में व्यावसायिक संपत्तियां नीलामी में शामिल की गई हैं। न्यायखंड में 27 व्यावसायिक भूखंड, अभयखंड में एक व्यावसायिक भूखंड, शक्तिखंड में एक क्योस्क और एक होटल भूखंड तथा ज्ञानखंड क्षेत्र में 12 दुकानों को खरीदारों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। जीडीए अधिकारियों का कहना है कि शहर में तेजी से बढ़ते शहरी विकास और बेहतर आधारभूत सुविधाओं के चलते इन क्षेत्रों में संपत्ति की मांग लगातार बढ़ रही है।
विशेष रूप से दिल्ली-एनसीआर से जुड़े इलाकों में निवेश को सुरक्षित और लाभकारी माना जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण ने विभिन्न श्रेणियों की संपत्तियों को एक साथ नीलामी में शामिल किया है, ताकि आवासीय खरीदारों से लेकर बड़े निवेशकों तक सभी को अवसर मिल सके। प्राधिकरण का उद्देश्य रिक्त पड़ी संपत्तियों का उपयोग सुनिश्चित करने के साथ शहर के योजनाबद्ध विकास को गति देना भी है। नीलामी से प्राप्त राजस्व का उपयोग आधारभूत ढांचे के विकास, नई परियोजनाओं और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में किया जाएगा।
जीडीए अधिकारियों ने इच्छुक प्रतिभागियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पहले स्थल पर पहुंचकर नीलामी प्रक्रिया में भाग लें और आवश्यक दस्तावेज साथ रखें। उम्मीद जताई जा रही है कि इस नीलामी में बड़ी संख्या में निवेशक भाग लेंगे और गाजियाबाद के रियल एस्टेट बाजार को नई गति मिलेगी।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


