Image Slider

-अफकॉम एयरलाइंस, AISATS और एयरपोर्ट प्रबंधन के बीच त्रिपक्षीय समझौता
-यात्री उड़ानों के साथ 15 जून से कार्गो सेवाएं शुरू करने की तैयारी तेज
-वैश्विक बाजारों से जुड़ेगा उत्तर भारत, लॉजिस्टिक्स सेक्टर को मिलेगा बड़ा बूस्ट

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्री उड़ानों के साथ-साथ अब एयर कार्गो सेवाएं शुरू करने की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। एयरपोर्ट प्रबंधन और AISATS ने चेन्नई स्थित कार्गो एयरलाइन अफकॉम होल्डिंग्स लिमिटेड के साथ त्रिपक्षीय समझौता किया है। इस साझेदारी के तहत अफकॉम एयरपोर्ट पर अपने मालवाहक विमान तैनात करेगी और कार्गो संचालन को मजबूती देगी। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का संचालन 15 जून से शुरू होने की संभावना है। शुरुआती चरण में घरेलू उड़ानों और कार्गो सेवाओं की शुरुआत की जाएगी। एयर कार्गो इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने की जिम्मेदारी पहले ही एयर इंडिया SATS एयरपोर्ट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड (AISATS) को दी जा चुकी है। अब अफकॉम के जुड़ने से एयरपोर्ट को उत्तर भारत के बड़े लॉजिस्टिक्स और कार्गो हब के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

समझौते के तहत तीनों कंपनियां मिलकर अंतरराष्ट्रीय बाजारों की पहचान करेंगी और कार्गो मांग के अनुसार मजबूत नेटवर्क तैयार करेंगी। साथ ही एयरपोर्ट से मालवाहक सेवाओं के दीर्घकालिक विस्तार और स्थिर संचालन के लिए संयुक्त विपणन रणनीति भी बनाई जाएगी। YIAPL की मुख्य परिचालन अधिकारी किरण जैन ने कहा कि अफकॉम और AISATS के साथ यह साझेदारी नोएडा एयरपोर्ट पर मजबूत एयर कार्गो इकोसिस्टम तैयार करने में अहम साबित होगी। इससे उत्तर भारत को वैश्विक बाजारों से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।अफकॉम एयरलाइंस फिलहाल तीन बोइंग 737-800 मालवाहक विमानों का संचालन करती है।

कंपनी बैंकॉक, यांगून, हनोई, कोलंबो, माले और दुबई जैसे प्रमुख अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक सेवाएं उपलब्ध करा रही है। एयरलाइन विशेष रूप से नाशवान वस्तुओं, इलेक्ट्रॉनिक्स और खतरनाक सामानों के परिवहन में विशेषज्ञता रखती है। AISATS के सीईओ रामनाथन राजामणि ने कहा कि नोएडा एयरपोर्ट पर आधुनिक और भविष्य के अनुरूप कार्गो ढांचा विकसित करना समय की आवश्यकता है। कंपनी कार्गो हैंडलिंग, संचालन क्षमता और ग्राहक-केंद्रित सेवाओं के जरिए एयरपोर्ट को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी कार्गो केंद्र बनाने में सहयोग करेगी।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||