Image Slider

-शहर की सामाजिक एकता और सांस्कृतिक पहचान का नया केंद्र बनेगा उत्तरांचल भवन: नगर आयुक्त
– पहले ही दिन 55 सदस्य बने, 200 से अधिक लोगों की ऐतिहासिक भागीदारी
– आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित भवन शहर के आयोजनों का बनेगा नया केंद्र
– सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक पहचान को मिलेगा नया मंच

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा नंदग्राम में निर्मित भव्य उत्तरांचल भवन शहर के सामाजिक एवं सांस्कृतिक जीवन का नया केंद्र बनता दिखाई दे रहा है। शनिवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में आयोजित सदस्यता कार्यक्रम में उत्तराखंड समाज के लोगों की भारी भागीदारी देखने को मिली। लगभग 200 से अधिक लोगों की उपस्थिति के बीच उत्तरांचल भवन की सदस्यता प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हुई, जिसमें पहले ही दिन 55 लोगों ने सदस्यता ग्रहण कर उत्साहपूर्ण शुरुआत की। कार्यक्रम का आयोजन उत्सव जैसे माहौल में हुआ, जहां नगर निगम अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखा। नगर आयुक्त ने स्वयं उपस्थित लोगों का स्वागत किया और भवन को शहरवासियों के लिए समर्पित बताते हुए इसे सामाजिक समरसता का प्रतीक बताया। इस दौरान अपर नगर आयुक्त अवनीन्द्र कुमार, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, उद्यान प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह, संपत्ति प्रभारी पल्लवी सिंह, जलकल केपी आनंद, एकाउट ऑफिसर अनुराग सिंह आदि मौजूद रहे।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने जानकारी देते हुए बताया कि गाजियाबाद नगर निगम द्वारा उत्तरांचल भवन को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया गया है ताकि यह शहर के विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए आदर्श स्थल बन सके। भवन में विशाल हॉल, आकर्षक पोर्च एरिया, डाइनिंग लाउंज, वीआईपी लाउंज, चार सुसज्जित कमरे और लॉन्ड्री की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अतिरिक्त द्वितीय तल पर स्टोर रूम, बाहर पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था तथा पीछे की ओर बड़ा गार्डन एरिया तैयार किया गया है, जिससे बड़े आयोजनों को आसानी से आयोजित किया जा सके। नगर आयुक्त ने कहा कि शहर हित को ध्यान में रखते हुए भवन का निर्माण पूरी योजना और जरूरतों के आकलन के बाद किया गया है। उन्होंने बताया कि उत्तरांचल समाज के सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं कला संबंधी कार्यक्रमों के लिए भवन निशुल्क उपलब्ध रहेगा, जबकि जन्मदिन, सालगिरह, विवाह, रिंग सेरेमनी और अन्य निजी कार्यक्रमों के लिए 11 हजार रुपये प्रतिदिन शुल्क निर्धारित किया गया है। आज से भवन की बुकिंग भी औपचारिक रूप से शुरू कर दी गई है।

कार्यक्रम के दौरान नगर आयुक्त ने समाज में वरिष्ठ नागरिकों के योगदान को सम्मान देते हुए सबसे वरिष्ठ पुरुष और सबसे वरिष्ठ महिला सदस्य को मंच पर आमंत्रित कर सम्मानित किया। इस पहल को उपस्थित लोगों ने विशेष सराहना दी। उत्तराखंड समाज के प्रतिनिधियों एवं विभिन्न समितियों के पदाधिकारियों ने नगर आयुक्त को पुष्प भेंट कर धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि उत्तरांचल भवन लंबे समय से समाज की आवश्यकता था, जिसे नगर निगम ने साकार कर दिया है। लोगों ने भवन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे शहर की बड़ी उपलब्धि बताया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भवन के संचालन और गतिविधियों को लेकर कई सुझाव भी दिए। नगर आयुक्त ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी बैठक में इन बिंदुओं पर चर्चा कर प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने मंच से अपील करते हुए कहा कि उत्तरांचल भवन का सफल संचालन समाज की भागीदारी से ही संभव होगा। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से सदस्य बनने का आह्वान किया ताकि एक सशक्त कार्यकारिणी गठित की जा सके और सभी की सहभागिता से भवन का संचालन पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से किया जा सके। उन्होंने बताया कि प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गाजियाबाद में नागरिक सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है और उत्तरांचल भवन उसी श्रृंखला की महत्वपूर्ण कड़ी है। नगर निगम का उद्देश्य केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं बल्कि उसे सामाजिक गतिविधियों का जीवंत केंद्र बनाना है। उत्तराखंड समाज की विभिन्न समितियों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी करते हुए घोषणा की कि वे अधिक से अधिक लोगों को सदस्यता से जोडऩे के लिए जागरूकता अभियान चलाएंगी।

समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह भवन सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोडऩे का माध्यम बनेगा। नंदग्राम स्थित भव्य उत्तरांचल भवन अब शहर के सामाजिक जीवन में नई ऊर्जा भरने को तैयार है। सदस्यता की शुरुआत के साथ ही यह स्पष्ट हो गया है कि आने वाले समय में यह स्थल गाजियाबाद के सांस्कृतिक, सामाजिक और पारिवारिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है। नगर निगम और समाज की साझी पहल से उत्तरांचल भवन शहर में सामुदायिक एकता और सांस्कृतिक समृद्धि का नया अध्याय लिखने की ओर अग्रसर है।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||