Image Slider

-श्रीराम चौक पर बंगाल समाज ने मनाया विजय उत्सव, देशभक्ति और सांस्कृतिक एकता का दिखा संगम
-मजबूत नेतृत्व से देशभर में भाजपा को मिल रहा जनसमर्थन: डॉ. मनोज गोयल

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कौशांबी क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी की बंगाल में सरकार बनने की खुशी उत्साह और उल्लास के साथ मनाई गई। कौशांबी कल्चरल वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में रविवार को श्रीराम चौक पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के लोगों ने एकत्र होकर विजय उत्सव मनाया। इस अवसर पर महान साहित्यकार और नोबेल पुरस्कार विजेता रवींद्रनाथ ठाकुर की जयंती भी श्रद्धापूर्वक मनाई गई, जिससे कार्यक्रम में सांस्कृतिक और राष्ट्रीय भावनाओं का विशेष संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल उपस्थित रहे। उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने पर बधाई दी और इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के विश्वास की जीत बताया। उन्होंने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मजबूत नेतृत्व के कारण भाजपा को देशभर में व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। डॉ. मनोज गोयल ने कहा कि जब विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति जनता के सामने स्पष्ट रूप से दिखाई देती है, तो मतदाता परिवर्तन का निर्णय स्वयं लेते हैं।

उन्होंने कौशांबी में निवास कर रहे बंगाल समाज के लोगों को विशेष रूप से बधाई देते हुए कहा कि यह जीत लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान और सांस्कृतिक श्रद्धांजलि के साथ हुई, जिसमें रवींद्रनाथ ठाकुर के साहित्य और राष्ट्रनिर्माण में उनके योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि ठाकुर ने अपनी लेखनी से भारतीय संस्कृति, मानवता और राष्ट्रवाद की भावना को विश्व स्तर पर प्रतिष्ठित किया। उनके विचार आज भी समाज को सांस्कृतिक समरसता और मानवीय मूल्यों की प्रेरणा देते हैं। श्रीराम चौक पर आयोजित इस समारोह में लोगों ने मिठाइयां बांटकर और एक-दूसरे को बधाई देकर खुशी साझा की। पूरे क्षेत्र में उत्सवी माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल राजनीतिक सफलता का उत्सव मनाना नहीं बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करना भी रहा।

इस अवसर पर डी.के. घटक, सुब्रतो चौधरी, विश्वजीत बनर्जी, पी.बी. राय, तुषार भट्टाचार्य, उज्जवल घोष, अभिजीत साहा, सुवेंदु हरि सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। करवा के महासचिव विनय माहेश्वरी, पप्पू चौपाल के संरक्षक राकेश जाकेतिया, वरिष्ठ भाजपा नेता अवधेश कटिहार, जयपुरिया के महासचिव पवन गुप्ता, उपाध्यक्ष एस.आर. सिंह तथा करवा के पूर्व अध्यक्ष नागेंद्र विजयवर्गीय ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई। इसके अतिरिक्त प्लॉट एरिया की महासचिव उर्मिल अरोड़ा, अजय गुप्ता, के.एल. सचदेवा, गौरव वर्मा, राज शर्मा, उदित शर्मा, प्रदीप भटनागर, अजय जैन, सोनम राय, भाजपा नेत्री रेनू मल्होत्रा, पापिया घटक, सुकन्या चौधरी, उषा हरि, रितु, अशोक अग्रवाल, राजेंद्र गोयल और नरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की भागीदारी ही सबसे बड़ी शक्ति होती है और ऐसे आयोजन समाज को जोडऩे का कार्य करते हैं। बंगाल समाज के सदस्यों ने भी क्षेत्रीय सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। अंत में आयोजकों ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। कौशांबी में आयोजित यह उत्सव राजनीतिक खुशी के साथ-साथ सांस्कृतिक गौरव और सामुदायिक एकता का प्रतीक बनकर सामने आया।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||