Image Slider

साहिबाबाद। लिंकरोड थाने में राजनगर एक्सटेंशन स्थित मोनिका ऑर्गेनिक फर्म के मालिक सुमित कुमार ने पांच लोगों पर धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोपी औद्योगिक क्षेत्र साइट चार स्थित पील बाग टी के निदेशक सचिन गुप्ता, शिखा वैश्य, रोहित पाल समेत अन्य कर्मचारी हैं। सभी पर 6.16 लाख रुपये के मखाने मंगाकर भुगतान न करने का आरोप है। मामला फरवरी माह का है और पुलिस ने 7 मई को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।

मोनिका आर्गेनिक फर्म के मालिक सुमित कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पील बाग टी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने उनकी फर्म से 6.16 लाख के मखाने का ऑर्डर दिया था। अनुबंध के मुताबिक उन्होंने 25 फरवरी को मखाने का ऑर्डर भेज दिया। लेकिन कई दिन तक आरोपियों ने माल के एवज में भुगतान नहीं किया। लगातार रुपये मांगने पर आरोपियों ने 4.25 लाख रुपये के चेक दिए लेकिन वह भी बाउंस हो गए। आरोपी कंपनी के निदेशक व अन्य कर्मचारी भी टालमटोल करते रहे। जब उन्हें यह अंदेशा हुआ कि अब आरोपी रकम नहीं देंगे तो पुलिस से शिकायत की। प्रभारी एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी इस तरह 14.22 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज होने की बात सामने आई है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||