Image Slider

ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां 22 वर्षीय मोनिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मायके वालों का आरोप है कि पति और ससुराल पक्ष ने प्रॉपर्टी के लिए उसकी हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को जलाने की कोशिश की. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जलती चिता से शव बाहर निकाला. अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है.

क्या है पूरा मामला?
मोनिका मूल रूप से मेरठ की रहने वाली थी. उसके पिता महाराज सिंह नागर किसान थे, जिनकी कुछ साल पहले मौत हो चुकी है. पिता की मौत के बाद मोनिका के नाम दुजाना और बरौला गांव में करीब 5 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी बताई जा रही है. करीब तीन महीने पहले मोनिका ने ग्रेटर नोएडा के रहने वाले अनुज चौहान से कोर्ट मैरिज की थी. परिवार का आरोप है कि अनुज ने पहले प्रेमजाल में फंसाया और बाद में प्रॉपर्टी अपने नाम कराने का दबाव बनाने लगा.

मां मुझे बचा लो… आखिरी कॉल ने बढ़ाया शक
मोनिका की मां रेनू नागर के मुताबिक, 7 मई की दोपहर करीब 2:50 बजे बेटी का फोन आया था. वह रो रही थी और कह रही थी- मम्मी ये लोग मुझे बहुत मार रहे हैं… प्रॉपर्टी अपने नाम कराने का दबाव बना रहे हैं… मुझे बचा लो. कुछ ही देर बाद फोन कट गया. इसके बाद परिवार को शक हुआ और उन्होंने तुरंत रिश्तेदारों को जानकारी दी.

शव जलाने का आरोप
मां का रो-रोकर बुरा हाल है. उनका आरोप है कि जब उनकी बड़ी बेटी खुशी और भांजा विवेक चौधरी घोड़ी बछेड़ा गांव पहुंचे, तब तक ससुराल पक्ष मोनिका के शव को फॉर्च्युनर गाड़ी में लेकर जा चुका था. आरोपी बोडाकी मेट्रो स्टेशन के पीछे पहुंचे और वहां चिता तैयार कर शव जलाने लगे. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिल गई. पुलिस के पहुंचते ही आरोपी मौके से फरार हो गए. पुलिस ने जलती चिता से शव को बाहर निकाला और आग बुझाने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा. बताया जा रहा है कि शव काफी हद तक जल चुका था.

पीछा करने पर आरोपियों ने मारी टक्कर
मोनिका के भांजे विवेक चौधरी ने बताया कि उन्होंने आरोपियों की फॉर्च्युनर गाड़ी का पीछा किया. गाड़ी के शीशे पर धर्मपाल सिंह चौधरी लिखा हुआ था. गैलेक्सी हॉस्पिटल के पास उन्होंने गाड़ी रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी टक्कर मारकर फरार हो गए.

पुलिस क्या कह रही है?
एसीपी प्रशाली गंगवार ने बताया कि शव काफी जल चुका था, इसलिए मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है.

मामले से जुड़े बड़े सवाल
[hans]क्या मोनिका की हत्या प्रॉपर्टी विवाद में हुई?[/hans]
[ans]परिवार का आरोप यही है कि ससुराल वाले प्रॉपर्टी अपने नाम कराने का दबाव बना रहे थे.[/ans]

[hans]क्या मौत के बाद शव जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश हुई?[/hans]
[ans]मायके पक्ष का कहना है कि पुलिस मौके पर नहीं पहुंचती तो शव पूरी तरह जल चुका होता.[/ans]

[hans]क्या मोनिका पहले भी प्रताड़ना की शिकायत कर चुकी थी?[/hans]
[ans]परिवार का दावा है कि शादी के बाद से ही मोनिका को परेशान किया जा रहा था.[/ans]

[hans]अब आगे क्या होगा?[/hans]
[ans]पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद पुलिस हत्या, आत्महत्या या अन्य पहलुओं पर आगे कार्रवाई करेगी.[/ans]

अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर टिकी नजर
पूरा मामला अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर टिका है. अगर रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होती है, तो यह मामला ऑनर, प्रॉपर्टी और घरेलू हिंसा से जुड़ा बड़ा केस बन सकता है. फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||