Image Slider

-महापौर व विधायक ने 2.83 करोड़ के कार्यों का किया शिलान्यास
-विजय नगर को मिलेगी 60 करोड़ की विकास निधि, बनेगा भव्य प्रवेश द्वार: सुनीता दयाल
-पिछड़े क्षेत्र की पहचान बदलने की दिशा में बड़ा कदम: संजीव शर्मा  

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर के विकास को नई गति देने की दिशा में विजय नगर क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली है। शहर की महापौर सुनीता दयाल और विधायक संजीव शर्मा ने शनिवार को संयुक्त रूप से लगभग 2 करोड़ 83 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पार्षदों तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों की मौजूदगी रही। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। लंबे समय से खराब सड़कों, जर्जर नालियों, अव्यवस्थित ग्रीन बेल्ट और जल निकासी की समस्याओं से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है। कार्यक्रम में पार्षद भागवत गुप्ता, संतोष राणा, देवनारायण शर्मा, ओमप्रकाश ओड, पवन गौतम, पूनम सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। महापौर सुनीता दयाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि शहर के विकास में किसी भी क्षेत्र को पीछे नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि एक समय विजय नगर को शहर का पिछड़ा इलाका माना जाता था, लेकिन अब इस क्षेत्र को भी आधुनिक और विकसित क्षेत्रों की श्रेणी में लाने का संकल्प लिया गया है।

उन्होंने बताया कि विजय नगर के विकास के लिए लगभग 60 करोड़ रुपये की बड़ी धनराशि स्वीकृत की गई है, जिससे क्षेत्र की दिशा और दशा दोनों बदलने वाली हैं। महापौर ने बताया कि विजय नगर तिगरी से शहर में प्रवेश करने वाले मार्ग का व्यापक सौंदर्यीकरण कार्य तेजी से चल रहा है। इस मार्ग को आकर्षक और आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है, ताकि नोएडा एवं अन्य शहरों से आने वाले लोगों को गाजियाबाद की सुंदर और व्यवस्थित छवि दिखाई दे। उन्होंने कहा कि शहर का प्रवेश द्वार जितना भव्य होगा, उतनी ही सकारात्मक पहचान शहर की बनेगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि विजय नगर गौशाला फाटक से एनएच-9 तक की सड़क को लगभग 55 करोड़ रुपये की लागत से सीएम ग्रिड योजना में शामिल किया गया है, जिसे स्मार्ट एवं मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद यातायात व्यवस्था सुगम होगी और क्षेत्र के लाखों लोगों को प्रतिदिन लाभ मिलेगा। महापौर ने विधायक संजीव शर्मा की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्रीय विकास कार्यों को प्राथमिकता दिलाने में विधायक की सक्रिय भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि विधायक द्वारा बताए गए विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे जनता को सीधे लाभ मिल सके।

विधायक संजीव शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि इस बार विजय नगर क्षेत्र को व्यापक विकास योजनाओं से जोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि एनएच-9 के चौड़ीकरण, नाला निर्माण और फ्लाईओवर निर्माण जैसे बड़े कार्यों पर तेजी से काम चल रहा है। आने वाले समय में विजय नगर एक विकसित और सुव्यवस्थित क्षेत्र के रूप में अपनी अलग पहचान बनाएगा। उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित समस्याओं को अब प्राथमिकता के आधार पर हल किया जा रहा है। सड़क, जल निकासी और आधारभूत सुविधाओं के बेहतर होने से न केवल स्थानीय नागरिकों को सुविधा मिलेगी बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। शिलान्यास किए गए विकास कार्यों में विजय नगर वार्ड 55 में बिच्छल द्वार से आश्रय स्थल तक साइड पटरी पर इंटरलॉकिंग टाइल व नाली निर्माण कार्य शामिल है, जिसकी लागत लगभग 70 लाख रुपये है। वार्ड 15 स्थित शास्त्री पार्क के समीप ग्रीन बेल्ट पर लगभग 23 लाख 70 हजार रुपये की लागत से बाउंड्री निर्माण कार्य कराया जाएगा। इसी वार्ड में अंबेडकर पार्क के पास ग्रीन बेल्ट पर लगभग 14 लाख 80 हजार रुपये की लागत से बाउंड्री निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा विजय नगर वार्ड 35 में तिगरी गोल चक्कर से शगुन फार्म हाउस तक आरसीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य लगभग 1 करोड़ 12 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा।

वहीं वार्ड 24 महरौली गांव में एनएच-9 स्थित तेजवीर के मकान से शनिदेव मंदिर तक एवीआर रोड एवं नाली निर्माण कार्य लगभग 64 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों ने विकास कार्यों की शुरुआत पर खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री, महापौर और विधायक के समर्थन में नारे लगाए। लोगों का कहना था कि लंबे समय से जिन समस्याओं को लेकर शिकायतें की जा रही थीं, अब उनका समाधान शुरू हो गया है। महापौर ने कहा कि शहर का संतुलित विकास तभी संभव है जब हर क्षेत्र को समान अवसर और सुविधाएं मिलें। विजय नगर को विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए लगातार योजनाएं बनाई जा रही हैं, ताकि यह क्षेत्र भी स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहर की पहचान में अपनी बराबर की भागीदारी निभा सके। गाजियाबाद में विकास कार्य केवल योजनाओं तक सीमित नहीं बल्कि धरातल पर तेजी से लागू किए जा रहे हैं। आने वाले समय में इन परियोजनाओं के पूरा होने के साथ विजय नगर क्षेत्र शहर के विकसित क्षेत्रों की कतार में मजबूती से खड़ा दिखाई देगा।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||