Image Slider

-नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर निगम मुख्यालय में विशेष व्यवस्था
-रेड लाइट पर ग्रीन नेट, सार्वजनिक स्थलों पर प्याऊ के बाद नई पहल
-पार्षदों ने की सराहना, सभी जोनों में व्यवस्था लागू करने का सुझाव

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए गाजियाबाद नगर निगम ने शनिवार से आमजन को राहत देने के लिए एक सराहनीय पहल शुरू की है। नगर निगम मुख्यालय में आने वाले आगंतुकों के लिए अब नींबू पानी की व्यवस्था की गई है। यह व्यवस्था नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य गर्मी से परेशान लोगों को तत्काल राहत उपलब्ध कराना है। नगर निगम पहले ही शहर के प्रमुख चौराहों पर रेड लाइट के पास ग्रीन नेट लगाकर धूप से बचाव की व्यवस्था कर रहा है तथा सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल के लिए प्याऊ स्थापित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अब निगम मुख्यालय आने वाले नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नींबू पानी वितरण की नई पहल की गई है। गर्मी के मौसम में विभिन्न कार्यों के लिए निगम कार्यालय पहुंचने वाले लोगों को इस व्यवस्था से काफी राहत मिल रही है और आगंतुकों ने नगर निगम प्रशासन का आभार भी व्यक्त किया है। प्रभारी नजारत डॉ. अनुज कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर आयुक्त के निर्देशानुसार यह व्यवस्था विशेष रूप से उन घंटों के लिए की गई है, जब गर्मी अपने चरम पर होती है।

दोपहर 12:30 बजे से लेकर 3:00 बजे तक निगम मुख्यालय आने वाले आगंतुकों को स्वच्छता मानकों का पालन करते हुए तैयार किया गया नींबू पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बढ़ती गर्मी में लोगों को चक्कर, थकान और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से बचाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि नींबू पानी पूरी तरह स्वच्छ वातावरण में तैयार किया जा रहा है और वितरण व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि आगंतुकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेय उपलब्ध हो सके। निगम प्रशासन का मानना है कि छोटे लेकिन प्रभावी प्रयास नागरिकों के लिए बड़ी राहत साबित होते हैं। इस पहल का निरीक्षण करने पहुंचे पार्षदों ने भी व्यवस्था की सराहना की। वार्ड 91 के पार्षद शिवम शर्मा, वार्ड 9 की पार्षद शीतल, वार्ड 96 के पार्षद अजीत निगम तथा वार्ड 32 के पार्षद सुभाष चौधरी ने मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कहा कि भीषण गर्मी के दौर में नागरिकों के लिए इस प्रकार की व्यवस्था बेहद सराहनीय है।

पार्षदों ने सुझाव दिया कि नगर निगम के सभी जोनों में भी इसी प्रकार नींबू पानी या ठंडे पेयजल की व्यवस्था जोनल प्रभारियों के माध्यम से लागू की जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को राहत मिल सके। इस सुझाव पर नगर आयुक्त ने प्रभारी नजारत को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। नगर निगम की इस पहल को नागरिकों द्वारा जनहित से जुड़ा सकारात्मक कदम माना जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि गर्मी के मौसम में आमजन की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और आगे भी नागरिकों को राहत देने के लिए ऐसे प्रयास जारी रहेंगे। भीषण गर्मी के बीच नगर निगम की यह मानवीय पहल न केवल प्रशासनिक संवेदनशीलता को दर्शाती है, बल्कि जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का भी मजबूत संदेश देती है।

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||