- जिले के सभी थाना क्षेत्रों में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, पुलिस ने दुकानदारों को दी चेतावनी
- नगर कोतवाली क्षेत्र में एसीपी उपासना पाण्डेय की सक्रिय निगरानी, सड़क पर उतरी पुलिस
- यातायात सुधार और आमजन की सुविधा को प्राथमिकता, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई तय
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर को अतिक्रमण मुक्त और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद द्वारा शनिवार को व्यापक स्तर पर ‘दो गज पीछे’ अभियान चलाया गया। पुलिस आयुक्त जे. रविन्द्र गौड़ के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ चलाए गए इस अभियान के तहत पुलिस टीमों ने बाजारों, मुख्य मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पहुंचकर दुकानदारों व अतिक्रमण करने वालों को जागरूक किया। अभियान का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों को अवरोध मुक्त बनाकर नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना रहा। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों से संवाद स्थापित करते हुए स्पष्ट किया कि सड़क और फुटपाथ आमजन की सुविधा के लिए होते हैं, न कि व्यापारिक विस्तार के लिए। पुलिस टीमों ने दुकानों के बाहर लगाए गए अवैध स्टॉल, सामान और अस्थायी ढांचे हटाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि बार-बार चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अब सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगर कोतवाली क्षेत्र में इस अभियान की कमान एसीपी कोतवाली उपासना पाण्डेय ने संभाली।
उनके नेतृत्व में पुलिस टीम ने बाजारों और प्रमुख मार्गों पर पैदल गश्त करते हुए दुकानदारों से सीधे बातचीत की और नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। एसीपी उपासना पाण्डेय ने मौके पर ही कई स्थानों पर अतिक्रमण हटवाया और स्पष्ट संदेश दिया कि शहर की व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
एसीपी उपासना पाण्डेय ने कहा कि अतिक्रमण केवल यातायात बाधित नहीं करता बल्कि आपातकालीन सेवाओं, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की आवाजाही में भी बड़ी समस्या पैदा करता है। उन्होंने दुकानदारों से अपील करते हुए कहा कि प्रशासन के साथ सहयोग करते हुए अपनी दुकानों को निर्धारित सीमा के भीतर संचालित करें। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि चेतावनी के बाद भी नियमों की अनदेखी करने वालों पर चालान, जब्ती और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान उपासना पाण्डेय की कार्यशैली विशेष रूप से देखने को मिली।
उन्होंने केवल कार्रवाई तक सीमित न रहते हुए जागरूकता को प्राथमिकता दी। दुकानदारों को समझाया गया कि व्यवस्थित बाजार ही ग्राहकों को आकर्षित करते हैं और साफ-सुथरी व खुली सड़कें शहर की पहचान बनाती हैं। उनकी सक्रियता से पुलिस और व्यापारियों के बीच संवाद का सकारात्मक माहौल भी बना। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ‘दो गज पीछे’ अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई नहीं बल्कि सतत अभियान के रूप में चलाया जाएगा। नगर क्षेत्र में नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर सीधे दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान कई दुकानदारों ने स्वयं आगे बढ़कर सड़क से सामान हटाया और पुलिस की पहल की सराहना की।
पुलिस कमिश्नरेट का मानना है कि शहर को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन और नागरिकों की साझी जिम्मेदारी जरूरी है। एसीपी उपासना पाण्डेय ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं बल्कि शहर की व्यवस्था को बेहतर बनाना है, ताकि आमजन बिना बाधा के आवागमन कर सके। शनिवार को चलाए गए इस अभियान के बाद नगर क्षेत्र में प्रशासनिक सक्रियता साफ दिखाई दी। बाजारों में सड़कें अपेक्षाकृत खुली नजर आईं और यातायात व्यवस्था में सुधार देखने को मिला। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी इसी तरह अभियान जारी रहेगा, जिससे गाजियाबाद को अतिक्रमण मुक्त और अनुशासित शहर के रूप में विकसित किया जा सके।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



