-गर्मी से राहत देने के लिए जनप्रतिनिधियों व सामाजिक कार्यकर्ताओं की पहल
-स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को लेकर जागरूकता अभियान भी चला
– टीम-100 और नगर निगम अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ कार्यक्रम
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। वैशाली क्षेत्र वार्ड 72 सेक्टर-1 में भीषण गर्मी को देखते हुए सफाई मित्रों के सम्मान और उनकी सेहत को ध्यान में रखते हुए गुरुवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्षेत्रीय पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने टीम-100 के सहयोग से सफाई कर्मचारियों को गमछे वितरित किए तथा उन्हें ठंडे पेय पदार्थ और बिस्किट देकर गर्मी से राहत प्रदान करने का प्रयास किया। कार्यक्रम का उद्देश्य नगर को स्वच्छ रखने में दिन-रात जुटे सफाई कर्मियों के प्रति सम्मान व्यक्त करना और उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम के दौरान पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने कहा कि सफाई मित्र शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। तेज गर्मी के बीच लगातार कार्य करते हुए वे शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में उनका सम्मान करना और उन्हें आवश्यक सहयोग देना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सफाई कर्मचारियों का मनोबल मजबूत रहना बेहद जरूरी है, इसलिए समय-समय पर इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
नगर निगम वसुंधरा जोन के जोनल सफाई इंस्पेक्टर अशोक पाल ने क्षेत्र में चल रहे सफाई कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम लगातार स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अभियान चला रहा है। उन्होंने बताया कि नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण और जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही नागरिकों से भी सहयोग की अपील की गई ताकि स्वच्छता अभियान को और मजबूत बनाया जा सके। इस दौरान स्वच्छ भारत मिशन की टीम ने उपस्थित लोगों को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। टीम के सदस्यों ने बताया कि स्वच्छता रैंकिंग में बेहतर स्थान प्राप्त करने के लिए जनभागीदारी सबसे अहम है। नागरिकों से कूड़ा पृथक्करण, सार्वजनिक स्थानों पर सफाई बनाए रखने और नगर निगम के अभियान में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में टीम-100 गाजियाबाद की ओर से समाजसेवी सुनील वेद, सुभाष शर्मा, एल. शर्मा, घनश्याम गुप्ता, कैलाश गोयल, प्रहलाद सिंह, मनोज जैन, प्रमोद वर्मा और राजू पंजाबी मौजूद रहे।
वहीं नगर निगम की ओर से मुख्य सफाई नायक संदीप तथा सफाई नायक सुमित ने भी भाग लिया। टीम-100 के सदस्य हरविंदर सिंह, इंजीनियर संतोष कौशिक, डॉ. शिवानी अग्रवाल, अशोक शास्त्री, चंद्रभान यादव सहित पिंक पार्क वैशाली से जुड़े रामपाल ठाकुर, बृजमोहन, रजनीकांत और जिले सिंह कौशिक भी कार्यक्रम में शामिल रहे। कार्यक्रम के अंत में सफाई मित्रों ने पार्षद एवं उपस्थित सामाजिक कार्यकर्ताओं का धन्यवाद व्यक्त किया। सफाई कर्मचारियों ने कहा कि इस प्रकार के सम्मान और सहयोग से उन्हें कार्य करने की नई ऊर्जा मिलती है। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय का उदाहरण बताया। भीषण गर्मी के दौर में आयोजित यह कार्यक्रम न केवल सफाई मित्रों के सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी क्षेत्रवासियों तक पहुंचाने में सफल रहा।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||


