Bengal Chunav Result 2026 LIVE Updates: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में कुल 294 सीटों पर दो चरणों में वोट डाले गए. पहले चरण में 152 सीटों पर 23 अप्रैल को और दूसरे चरण में 142 सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान हुआ. मतगणना 4 मई को होगी. इस बीच दूसरे चरण की वोटिंग खत्म होते ही एग्जिट पोल के आंकड़े सामने आ गए हैं. जेवीसी के एग्जिट पोल के अनुसार, पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर है. टीएमसी को 131 से 152 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि भाजपा को 138 से 159 सीटें मिल सकती हैं. कांग्रेस के खाते में 0 से 2 सीटें जाने का अनुमान है, जबकि वाम दलों और अन्य के खाते में कोई सीट जाती नहीं दिख रही है. वहीं, जनमत पोल्स के एग्जिट पोल में टीएमसी को 195 से 205 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि भाजपा को 80 से 90 सीटें मिल सकती हैं. कांग्रेस को 1 से 3 सीटें मिलने की संभावना है. वाम दलों को 0 से 1 सीट और अन्य के खाते में 3 से 5 सीटें जा सकती हैं.
वहीं पीपुल्स इनसाइट के एग्जिट पोल के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है. टीएमसी को 138 से 150 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि भाजपा को 144 से 154 सीटें मिल सकती हैं. कांग्रेस के खाते में 0 से 1 सीट और वाम दलों को भी 0 से 1 सीट मिलने की संभावना जताई गई है. पश्चिम बंगाल में सरकार बनाने के लिए किसी भी दल या गठबंधन को 148 सीटों की जरूरत होगी. इस चुनाव में मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच रहा. चुनाव के दौरान दोनों तरफ से एक-दूसरे पर तीखे जुबानी हमले किए गए.
पश्चिम बंगाल में इस बार कुल 6.82 करोड़ से अधिक मतदाता थे. इनमें 3.60 करोड़ से अधिक पुरुष, 3.44 करोड़ से अधिक महिलाएं और 1,382 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल थे. चुनाव आयोग के अनुसार, राज्य में इस बार रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया. अगर मतदान प्रतिशत की बात करें तो पहले चरण में 152 सीटों पर 93.19 प्रतिशत मतदान हुआ, जो राज्य के चुनावी इतिहास में रिकॉर्ड माना गया. वहीं, दूसरे चरण में 142 सीटों पर शाम 5 बजे तक 89.99 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. दोनों चरणों को मिलाकर पश्चिम बंगाल में इस बार मतदान प्रतिशत ऐतिहासिक स्तर पर रहा.
West Bengal Exit Poll Results LIVE: पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी को हराना मुश्किल – तारिक अनवर
पश्चिम बंगाल एग्जिट पोल रिजल्ट लाइव: कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने एग्जिट पोल पर भरोसा जताने से इनकार करते हुए कहा है कि पार्टी को इन अनुमानों पर विश्वास नहीं है. उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल कई बार गलत साबित हुए हैं, इसलिए 4 मई तक किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाज़ी होगी. कांग्रेस नेत ने स्पष्ट किया कि चाहे एग्जिट पोल कांग्रेस के पक्ष में हों या विपक्ष में, पार्टी इन्हें गंभीरता से नहीं लेती. उन्होंने दावा किया कि केरल में कांग्रेस जीत दर्ज करेगी, वहीं पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी को हराना मुश्किल है. असम को लेकर उन्होंने कहा कि रिपोर्ट्स में बीजेपी के वर्चस्व की बात कही जा रही है, लेकिन अंतिम तस्वीर 4 मई को नतीजों के साथ ही साफ होगी.
West Bengal Exit Poll Results LIVE: 4 मई को पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बन रही है – BJP सांसद
पश्चिम बंगाल एग्जिट पोल रिजल्ट लाइव: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद सामने आए एग्जिट पोल को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. इसी कड़ी में भाजपा सांसद सौमित्र खां ने एग्जिट पोल पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्य में सत्ता परिवर्तन का दावा किया है. एक विशेष बातचीत में उन्होंने कहा कि इस बार मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा, जिसके लिए उन्होंने चुनाव आयोग और राज्य पुलिस की सराहना की. सौमित्र खां ने कहा कि मतदान में बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जो लोकतंत्र के प्रति जनता के उत्साह को दर्शाता है. उनके मुताबिक, पश्चिम बंगाल की जनता ने तृणमूल कांग्रेस सरकार को हटाने का मन बना लिया है. उन्होंने यह भी दावा किया कि इस बार मुस्लिम समुदाय ने भी भाजपा को समर्थन दिया, जिसके लिए उन्होंने उनका धन्यवाद किया. भाजपा सांसद ने राज्य में बेरोजगारी को बड़ा मुद्दा बताते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) की सरकार ने विकास कार्यों में बाधा डाली, जिससे जनता परेशान थी. सौमित्र खां ने कहा कि बाहर से आए जैसे आरोपों को भी जनता ने खारिज कर दिया है और खुद को भारत का हिस्सा मानते हुए मतदान किया है. कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों की अपनी संस्कृति और खानपान होता है, जिसे दिखाना स्वाभाविक है. उन्होंने आगे कहा कि एग्जिट पोल को कोई माने या न माने, लेकिन 4 मई को नतीजे सबके सामने होंगे. सौमित्र खां ने विश्वास जताया कि 4 मई को पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने जा रही है, क्योंकि जनता बदलाव के पक्ष में अपना मन बना चुकी है.
West Bengal Exit Poll Results LIVE: एग्जिट पोल के नतीजों के बाद बंगाल में हिंसा, भाजपा के पोलिंग एजेंट के घर पर हमला
पश्चिम बंगाल एग्जिट पोल रिजल्ट लाइव: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के बेहाला पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में हिंसा का मामला सामने आया है. जानकारी के अनुसार, भाजपा के एक पोलिंग एजेंट के घर पर कथित हमला किया गया. भाजपा की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि टीएमसी के गुंडों ने बूथ संख्या 154 के पोलिंग एजेंट प्रसेनजीत ब्रह्मा और उनके भाई अभिजीत ब्रह्मा (जो आरएसएस स्वयंसेवक हैं) के घर पर 29 अप्रैल की शाम को हमला कर दिया. आरोप है कि करीब 50 लोगों की भीड़ ने घर में तोड़फोड़ की और प्रसेनजीत, अभिजीत समेत अन्य स्वयंसेवकों (लिटन, शुभा और सुमित साहू) की पिटाई की. भाजपा ने दावा किया है कि अभिजीत, लिटन और शुभा का जबरन अपहरण भी किया गया. घटना में घायल प्रसेनजीत ब्रह्मा और सुमित साहू को बांगुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. भाजपा ने यह भी आरोप लगाया कि परनाश्री थाने की पुलिस ने शिकायत दर्ज करने से इनकार कर दिया. वहीं, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने इन आरोपों को खारिज करते हुए पलटवार किया है. फिलहाल मामले को लेकर राजनीतिक तनाव बढ़ गया है और प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं.
West Bengal Exit Poll Results LIVE: TMC 200 सीटें जीतकर सत्ता में वापसी करेगी – शिवदासन दासू
पश्चिम बंगाल एग्जिट पोल रिजल्ट लाइव: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर जारी एग्जिट पोल के नतीजों पर V Sivadasan Dasu ने सवाल उठाए हैं. All India Trinamool Congress (टीएमसी) के राज्य सचिव शिवदासन दासू ने कहा कि एग्जिट पोल कभी भी बंगाल में पार्टी के वास्तविक प्रदर्शन को सही ढंग से नहीं दिखा पाए हैं. उन्होंने साल 2021 के चुनाव का हवाला देते हुए बताया कि कई चैनलों ने टीएमसी को बहुमत से कम सीटें दी थीं, लेकिन वास्तविक नतीजों में पार्टी ने स्पष्ट जीत हासिल की थी. दासू ने कहा कि इस बार भी एग्जिट पोल में बीजेपी को बढ़त दिखाई जा रही है, जो वास्तविकता से दूर है. उन्होंने भरोसा जताया कि Mamata Banerjee के नेतृत्व में टीएमसी 200 से अधिक सीटें जीतकर फिर सत्ता में लौटेगी. दासू ने अपने लंबे राजनीतिक अनुभव का हवाला देते हुए कहा कि जमीनी हकीकत एग्जिट पोल से बिल्कुल अलग है.
West Bengal Exit Poll Results LIVE: SIR को मुद्दा बनाकर कोई इलेक्शन नहीं जीत सकता – दिलिप घोष
पश्चिम बंगाल एग्जिट पोल रिजल्ट लाइव: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. खड़गपुर सदर से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार दिलीप घोष ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की सराहना करते हुए कहा कि दो चरणों में चुनाव कराना एक बड़ी चुनौती थी, जिसे सफलतापूर्वक पूरा किया गया. उन्होंने कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में हुए मतदान प्रतिशत को ऐतिहासिक बताया. दिलीप घोष ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) को अनावश्यक मुद्दा बनाया, जबकि इस मुद्दे के सहारे चुनाव नहीं जीता जा सकता. उन्होंने क्रिकेट की भाषा में कहा कि जीत उसी टीम की होती है जो दोनों पारियों में अच्छा प्रदर्शन करती है.
West Bengal Exit Poll Results LIVE: सुप्रिया श्रीनेत को अभी क्यों याद आई मछली-भात?
पश्चिम बंगाल एग्जिट पोल परिणाम लाइव: कांग्रेस नेता Supriya Shrinate ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए बंगाल चुनाव को लेकर दोहरे मापदंड का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर, मनोज तिवारी और हिमंता बिस्वा सरमा जैसे नेताओं ने चुनाव प्रचार के दौरान बंगाल में मछली-भात का आनंद लिया और इसे प्रचार का हिस्सा बनाया. सुप्रिया श्रीनेत का आरोप है कि चुनाव खत्म होते ही यही नेता मांस और मछली की दुकानों को बंद कराने और लोगों को डराने का काम करेंगे. उन्होंने भाजपा पर ढोंग और नफरत फैलाने की राजनीति करने का आरोप लगाया है.
Bengal Chunav Results LIVE: एग्जिट पोल व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी के मौसम पूर्वानुमान – अभिषेक मनु सिंघवी
पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने एग्जिट पोल की विश्वसनीयता पर तीखा तंज कसते हुए उन्हें व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी के मौसम पूर्वानुमान जैसा बताया. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि हर चुनाव में सर्वे एजेंसियां बड़े आत्मविश्वास से तूफान की भविष्यवाणी करती हैं, लेकिन नतीजों के दिन चमकती धूप निकल आती है. सिंघवी ने कहा कि मतदाता चुपचाप अपने फैसले से इन भविष्यवाणियों को गलत साबित कर देते हैं. उनके इस बयान से एग्जिट पोल की सटीकता और भरोसे को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है.
Bengal Chunav Results LIVE: बंगाल में परिवर्तन तय – रामकृपाल यादव
पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: भाजपा नेता राम कृपाल यादव ने कहा कि असम में हमारी फिर से सरकार बनेगी और बंगाल में परिवर्तन होना तय है. कुछ ही दिन का मामला है. जनता के जनादेश का आदर किया जाएगा. उनकी (ममता बनर्जी) सरकार नहीं बनेगी, भाजपा दो तिहाई बहुमत से जीतेगी और बंगाल में कमल खिलेगा.
Bengal Chunav Results LIVE: कार्यकर्ताओं की कठिन मेहनत रंग ला रही – अपराजिता सारंगी
पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी ने एग्जिट पोल के नतीजों पर कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का नेतृत्व और भाजपा के कार्यकर्ताओं की कठिन मेहनत रंग ला रही है. लोगों को भाजपा की विचारधारा और नेतृत्व अच्छा लगा. असम में हमारी सरकार थी और हमारी ही सरकार रहेगी. जो सुशासन का माहौल वहां बनाया गया है, जनता चाहती है कि उसे और आगे ले जाएं. लोग पश्चिम बंगाल में भी डबल इंजन की सरकार चाह रहे हैं. जहां डबल इंजन सरकार है, वहां निश्चित तौर पर डबल फायदा होता है और डबल गति से विकास होता है.’
Bengal Chunav Results LIVE: बंगाल में ढहा ममता का किला तो उसका जिम्मेदार कौन?
पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए मतदान संपन्न हो चुका है. दो चरणों में हुए चुनाव में रिकॉर्ड तोड़ वोटिंग हुई. विधानसभा चुनाव से पहले और उसके दौरान कई ऐसी घटनाएं हुईं और बयान सामने आए, जिससे जनता के बीच टीएमसी को लेकर अच्छा संदेश नहीं गया. यदि 4 मई को एग्जिट पोल नतीजे जैसा ही हाल रहा तो टीएमसी की हार के लिए ये तीन लोग जिम्मेदार हो सकते हैं. हुमायूं कबीर ने ममता बनर्जी की पार्टी से बगावत करते हुए बंगाल में बाबरी मस्जिद बनाने का ऐलान कर दिया. इससे हिन्दुओं के मन में डर बैठना स्वाभाविक है. हुमायूं को टीएमसी ने हालांकि पार्टी से निकाल दिया. वहीं, पार्टी के दिग्गज नेता अभिषेक बनर्जी और जहांगीर खान की बयानबाजियों ने रही सही कसर पूरी कर दी.
Bengal Chunav Results LIVE: कैनिंग पूर्व में 97.7 फीसद मतदान, राज्यभर में टॉप
पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: पश्चिम बंगाल की कैनिंग पूर्व सीट पर इस बार रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया, जहां 97.7 फीसदी वोटिंग हुई. यह राज्य में सबसे अधिक रही. खास बात यह रही कि यह सीट पहले हिंसा के लिए जानी जाती रही है, लेकिन इस बार मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और किसी बड़े उपद्रव की खबर सामने नहीं आई. स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजामों का असर साफ तौर पर देखने को मिला. कैनिंग पूर्व पारंपरिक रूप से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का गढ़ रही है, जिसकी एक बड़ी वजह क्षेत्र में अल्पसंख्यक मतदाताओं की महत्वपूर्ण संख्या मानी जाती है.
Bengal Chunav Results LIVE: कांग्रेस ने भी माना ममता की टीएमसी के खिलाफ जमकर पड़े वोट
पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: बहरामपुर से कांग्रेस उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि सत्ता विरोधी लहर सारी विपक्षी पार्टियों के बीच बंट गई. इसमें TMC कहां किस तरह आएगी यह इतना जल्दी बताना मुश्किल है, लेकिन यह बिल्कुल साफ है कि TMC के खिलाफ बहुत ज्यादा मतदान हुआ है. लेकिन यह वोट सभी विपक्षी पार्टियों में बंट गए हैं, कहीं भाजपा, कहीं कांग्रेस, कहीं CPI(M), कहीं हुमायूं कबीर की पार्टी, कहीं ISF लेकिन विपक्ष में भी भाजपा के पास ज्यादा वोट जाएगा, यह मेरा मानना है.
West Bengal Assembly Elections Results LIVE: जनता ने पश्चिम बंगाल में निर्भय होकर मतदान किया – पीएम मोदी
बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम लाइव: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दावा किया कि इस बार राज्य में लोग निर्भीक माहौल में मतदान कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि बीते छह-सात दशकों में ऐसा वातावरण देखना मुश्किल था. गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने बताया कि बड़ी संख्या में मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं और लंबी कतारें लोकतंत्र के प्रति उत्साह को दर्शाती हैं. उन्होंने इसे संविधान और लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक बताया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील करते हुए कहा कि 4 मई को आने वाले नतीजे विकसित भारत के संकल्प को और मजबूत करेंगे.
Bengal Chunav Results LIVE: पश्चिम बंगाल में किसने डुबोई दीदी की लुटिया
पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: एग्जिट पोल के नतीजों के बाद अब एक ही सवाल है – पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की लुटिया किसने डुबोई? दरअसल, मतदान से पहले तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी ने खुलेआम कहा था कि 4 मई के बाद बता देंगे कि किसमें कितनी पावर है. वहीं, दूसरी तरफ फालटा सीट से टीएमसी कैंडिडेट जहांगीर खान ने कहा कि जब वे निकलेंगे तो सब हवा में उड़ जाएंगे. इन दोनों नेताओं के बयान से जनता में अच्छा संकेत कतई नहीं गया और डर का माहौल बन गया. उसका असर वोटिंग और उसके बाद एग्जिट पोल के नतीजों पर भी दिखा है. अब तो 4 मई को ही पता चलेगा कि टीएमसी को अंतिम तौर पर इन बयानों का कितना खामियाजा भुगतना पड़ा.
Bengal Chunav Results LIVE: ‘बंगाल में बदलाव की बयार, ‘डबल इंजन’ की उम्मीद से सियासी हलचल तेज’
पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: पश्चिम बंगाल में मनोज कुमार सिंह ने बड़े राजनीतिक बदलाव होने के संकेत दिए हैं. मैटराइज न्यूज कम्युनिकेशंस प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर मनोज कुमार सिंह ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि इस बार बंगाल में व्यापक परिवर्तन का माहौल दिखाई दे रहा है. मनोज कुमार सिंह ने कहा कि पिछले 50 वर्षों से राज्य में ‘डबल-इंजन सरकार’ नहीं रही है यानी केंद्र और राज्य में एक ही पार्टी की सरकार का अभाव रहा है. उनका मानना है कि जनता अब इस स्थिति को बदलना चाहती है, क्योंकि लोगों को विश्वास है कि केंद्र और राज्य में एक ही दल की सरकार होने से विकास को गति मिलती है. उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता लंबे समय से भय, भूख और भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं से जूझ रही है और अब इससे मुक्ति चाहती है. उन्होंने दावा किया कि युवाओं ने इस बार बदलाव के लिए सक्रिय अभियान चलाया है और वे मौजूदा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व से छुटकारा पाने की बात कर रहे हैं.
Bengal Chunav Results LIVE: रुझानों को सच मानना जल्दबाजी, 4 तारीख का करें इंतजार – संत वरुण दास
पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 142 सीटों पर मतदान की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. बुधवार को अयोध्या के प्रमुख संतों डॉ. देवेशाचार्य जी महाराज और आर्य संत वरुण दास जी महाराज ने बंगाल की राजनीतिक स्थिति और एग्जिट पोल के रुझानों पर प्रतिक्रिया दी. डॉ. देवेशाचार्य जी महाराज ने आध्यात्मिक विश्वास के आधार पर जीत का दावा किया हैं, तो दूसरी ओर आर्य संत वरुण दास जी महाराज ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया और सटीक आंकड़ों के लिए मतगणना के दिन का इंतजार करने की सलाह दी. सिद्ध पीठ हनुमानगढ़ी के महंत डॉ. देवेशाचार्य जी महाराज ने बंगाल में सत्ता परिवर्तन का भरोसा जताया. उनका कहना है कि एग्जिट पोल के नतीजे हकीकत में बदलने जा रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल में मां काली और कपिल मुनि भगवान का आशीर्वाद लिया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव परिणामों में देखने को मिलेगा.’ दूसरी ओर आर्य संत वरुण दास जी महाराज ने एग्जिट पोल को लेकर थोड़ा सतर्क रुख अपनाया. उन्होंने कहा कि हर एग्जिट पोल अपनी अलग कहानी कहता है. उन्होंने कहा, ‘हर एग्जिट पोल अलग परिणाम बताता है, लेकिन कुछ एग्जिट पोल अतीत में सही साबित हुए हैं, लेकिन कई बार जमीनी नतीजे इनसे बिल्कुल उलट भी आए हैं.’ उन्होंने आगे कहा कि एग्जिट पोल को पूरी तरह सत्य मान लेना जल्दबाजी होगी. सच्चाई 4 मई को मतगणना के बाद ही सामने आएगी. फिलहाल हर कोई अपने पक्ष के हिसाब से अंदाजा लगा रहा है, जो लोकतंत्र में स्वाभाविक है.’
Bengal Chunav Results LIVE: पश्चिम बंगाल में अब तक हुए चुनावों में कैसा रहा हाल
पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: पश्चिम बंगाल के चुनाव के संदर्भ में अगर बीते वर्षों की बात करें तो 1951 विधानसभा चुनाव में 43.12, 1951 में लोकसभा चुनाव में 40.49 फीसदी, 1957 विधानसभा चुनाव में 47.64, 1957 लोकसभा चुनाव में 47.67, 1962 विधानसभा चुनाव में 55.55, 1962 लोकसभा चुनाव में 55.75 प्रतिशत मतदान हुआ था. इसके अलावा, 1967 विधानसभा चुनाव में 66.10 और लोकसभा चुनाव में 66.03, 1969 विधानसभा चुनाव में 66.51, 1971 विधानसभा चुनाव में 62.03, 1971 लोकसभा में 61.93, 1972 विधानसभा चुनाव में 60.82, 1977 विधानसभा चुनाव में 56.15, 1977 लोकसभा चुनाव में 60.24, 1980 लोकसभा चुनाव में 70.62 और 1982 विधानसभा चुनाव में 76.96 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई थी. वहीं, 1984 लोकसभा चुनाव में 78.61,1987 विधानसभा चुनाव में 75.66, 1989 लोकसभा चुनाव में 79.67, 1991 विधानसभा चुनाव में 76.80 और लोकसभा चुनाव में 76.73, 1996 विधानसभा चुनाव में 82.94 और लोकसभा चुनाव में 82.66 प्रतिशत मतदान हुआ था. इसके साथ ही, 1998 लोकसभा चुनाव में 79.27, 1999 लोकसभा में 75.05, 2001 विधानसभा चुनाव में 75.29, 2004 लोकसभा चुनाव में 78.04, 2006 विधानसभा में 81.58, 2009 लोकसभा में 81.42, 2011 विधानसभा चुनाव में 84.72, 2014 लोकसभा चुनाव में 82.22, 2016 विधानसभा में 83.02, 2019 लोकसभा में 81.76, 2021 विधानसभा में 82.30 और 2024 लोकसभा चुनाव में 79.55 फीसदी मतदान हुआ था.
Bengal Chunav Results LIVE: बंगाल में दूसरे चरण में भी रिकॉर्ड तोड़ वोटिंग
पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: बंगाल विधानसभा के दूसरे चरण के लिए मतदान बुधवार सुबह 7:00 बजे प्रारंभ हुआ. शाम 7.45 बजे तक 91.66 फीसदी मतदान हुआ. पुरुष 91.07, महिला 92.8 और थर्ड जेंडर के 91.28 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया. हालांकि इस आंकड़े में बदलाव हो सकता है. वहीं, पहले चरण में 93.19 फीसदी मतदान हुआ था. दोनों चरणों का संयुक्त मतदान प्रतिशत 92.47 फीसदी रहा है. इससे पहले, पश्चिम बंगाल में सबसे अधिक 84.72 फीसदी मतदान विधानसभा चुनाव 2011 हुआ था.
Bengal Chunav Results LIVE: पश्चिम बंगाल तकरीबन 7 करोड़ मतदाताओं ने डाला वोट
पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: पश्चिचम बंगाल मतदाताओं की संख्या पर नजर डालें तो पहले चरण में 3 करोड़ 60 लाख और दूसरे चरण में 3 करोड़ 21 लाख लोगों ने वोट डाले. पुरुष मतदाताओं ने पहले चरण में एक करोड़ 84 लाख और दूसरे चरण में एक करोड़ 65 लाख वोट डाले. महिलाओं ने पहले चरण में 1 करोड़ 76 लाख और दूसरे चरण में 1 करोड़ 57 लाख वोट डाले. पश्चिम बंगाल के 5,343 पोलिंग स्टेशनों का डेटा अभी तक अपडेट नहीं किया गया है. इसलिए मतदान का प्रतिशत बढ़ सकता है.
Bengal Chunav Results LIVE: पश्चिम बंगाल चुनाव में टूटा मतदान का रिकॉर्ड, 1951 से ऐसा रहा मतदाताओं का मिजाज
पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम लाइव: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान खत्म होने पर चुनाव आयोग ने आंकड़े जारी करते हुए खुशी जताई है. स्वतंत्रता के बाद पहली बार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में सर्वाधिक मतदान 91.66 फीसदी दर्ज की गई है. यह आंकड़ा शाम 7.45 बजे तक का है. अब तक यह रिकॉर्ड त्रिपुरा के पास था, जहां 2013 में 91.82 फीसदी वोटिंग हुई थी. मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रिकॉर्ड मतदान के लिए पश्चिम बंगाल की जनता को बधाई दी. सीईओ कार्यालय की ओर से बताया गया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने निर्वाचन आयुक्त डॉ. एसएस संधू और डॉ. विवेक जोशी के साथ मिलकर लाइव वेबकास्टिंग के माध्यम से मतदान पर कड़ी निगरानी रखी, जिसे पश्चिम बंगाल (द्वितीय चरण) के सभी मतदान केंद्रों पर सुनिश्चित किया गया था.
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



