Saajan Movie Superhit Song : 90 के दशक में जहां नदीम-श्रवण, आनंद-मिलिंद, अनु मलिक के रोमांटिक गानों ने जवां दिलों में प्यार का खूबसूरत अहसास जगाया, वहीं कुछ गाने ऐसे भी कंपोज किए गए जो टूटे दिलों की आवाज बने. 90 के दशक में ऐसा ही एक दर्द भरा सुपरहिट नगमा रिलीज हुआ था, जिसे चार सिंगर्स ने गाया. हर सिंगर ने गाना अलग-अलग गाया. यानी फिल्म में चार मौके ऐसे आए जब यह गाना सुनाई दिया. जब फिल्म रिलीज हुई तो फिल्म ने इतिहास रच दिया. फिल्म का म्यूजिक ब्लॉकबस्टर निकला. आज ही इस मूवी के गाने शादी-पार्टी, आर्केस्ट्रा और गीत-संगीत की महफिल में सुनाई देते हैं. वो सुपरहिट गाना कौन सा है, वो चार सिंगर कौन हैं, आइये जानते हैं……..
1990 में ‘आशिकी’ फिल्म के ब्लॉकबस्टर म्यूजिक से नदीम-श्रवण की जोड़ी बॉलीवुड इंडस्ट्री में छा गई थी. ‘आशिकी’ के गाने गांव-गांव पहुंचे. कुमार सानू-अनुराधा पौडवाल की आवाज से सजे इन गानों ने पान की दुकान-बस, टैंपों में खूब धूम मचाई. अगले साल 1991 में एक बार फिर से नदीम-श्रवण का म्यूजिक सुपर-डुपर हिट रहा. दोनों ने बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर का अवॉर्ड भी जीता. कुमार सानू को एक बार फिर से बेस्ट प्लेबैक सिंगर का अवॉर्ड मिला. हम बात कर रहे हैं 1991 में रिलीज हुई संजय दत्त-सलमान खान और माधुरी दीक्षित स्टारर फिल्म ‘साजन’ की. इस फिल्म के सभी गाने सुपरहिट थे. आज भी हिट हैं. फिल्म का एक गाना 4 सिंगर्स ने गाया था. वो गाना था : जिये तो जिये कैसे, बिन आपके.
‘जिये तो जिये कैसे, बिन आपके’ एक गजलनुमा गीत है जो जुदाई के दर्द को बयां करता है. फिल्म में यह गाना संजय दत्त, सलमान खान और माधुरी दीक्षित पर फिल्माया गया है. जिन चार सिंगर्स ने यह गाना गाया है, उनमें पंकज उदास, कुमार सानू, अनुराधा पौडवाल, एसपी बालासुब्रमणयम शामिल हैं. हर सिंगर ने अपनी जादुई आवाज से इस गाने को कर्णप्रिय बना दिया.
‘साजन’ फिल्म 30 अगस्त 1991 को रिलीज हुई थी. सलमान खान, संजय दत्त और माधुरी दीक्षित लीड रोल में थी. माधुरी ने अपनी बेजोड़ अदाकारी, प्यार भरी मुस्कान, डांसिंग स्टाइल से सबको दीवाना बना लिया था. 90 के दशक में माधुरी दीक्षित सबसे बड़ी फीमेल स्टार थीं. फिल्म का निर्देशन लॉरेंस डिसूजा ने किया था. इस म्यूजिकल रोमांटिक ड्रामा के प्रोड्यूसर सुधाकर बोकाडे थे. म्यूजिक नदीम श्रवण का था. गीतकार समीर अंजान थे. फिल्म का सबसे बड़ प्लस प्वॉइंट इसका सुपरहिट म्यूजिक था.
Add News18 as
Preferred Source on Google
‘साजन’ फिल्म में कुल 9 गाने रखे गए थे. कुमार सानू ने फिल्म में कुल दो गाने गाए. उनका एक गाना अलका याज्ञनिक के साथ ड्यूएट था. गाने के बोल थे : ‘मेरा दिल भी कितना पागल है, जो प्यार से तुमसे करता है…’ इस गाने के लिए कुमार सानू को फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला था. फिल्म का एक और गाना ‘जिये तो जिये कैसे, बिन आपके’ गाना भी उन्होंने गाया था. कुमार सानू के दोनों गाने संजय दत्त पर फिल्माए गए थे.
‘जिये तो जिये कैसे, बिन आपके’ गजल एसपी बालासुब्रमणयम ने गाया था. गाना सलमान खान पर फिल्माया गया था. ‘आशिकी’ के बाद ‘साजन’ नदीम-श्रवण की दूसरी फिल्म थी. फिल्म से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा यह भी है कि इस मूवी में पहले लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल म्यूजिक दे रहे थे. चार गाने पहले ही रिकॉर्ड हो चुके थे. बाद में यह फिल्म हमें मिली लेकिन लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल से अनुमति ली थी.
‘जिये तो जिये कैसे, बिन आपके’ का एक वर्शन अनुराधा पौडवाल ने भी गाया था. गाना माधुरी दीक्षित पर फिल्माया गया था. अनुराधा पौडवाल की वजह से ही नदीम-श्रवण की जोड़ी को प्रसिद्धि मिली. अनुराधा ही वो सिंगर हैं जिन्होंने उनके नाम की सिफारिश टी-सीरीज के मालिक गुलशन कुमार से मिलवाया था. फिर ‘आशिकी’ फिल्म बनी. इस फिल्म के गानों ने नदीम-श्रवण-कुमार सानू की जिंदगी बदल दी.
‘जिये तो जिये कैसे, बिन आपके’ का एक वर्शन गजल गायक पंकज उधास ने गाया था. गाना फिल्म में यह गजल गाते नजर आते हैं. माधुरी दीक्षित-सलमान खान भी उसी महफिल में नजर आते हैं. इससे पहले पंकज उधास 1986 की ‘नाम’ फिल्म में ‘चिट्ठी आई है, आई है, आई है, चिट्ठी आई है’ गजल गाते नजर आए थे. यह भी दिलचस्प संयोग है कि पंकज उधास की दोनों गजलें पॉप्युलर हुईं. दोनों फिल्में सुपरहिट साबित हुईं.
‘साजन’ फिल्म का एक गाना नदीम-श्रवण ने जबरन रखवाया था. गीतकार समीर अंजान ने पूरा किस्सा साझा किया था. फिल्म की रिलीज डेट अनाउंस हो गई थी. समीर अनजान ने नदीम-श्रवण से ‘साजन’ का टाइटल सॉन्ग लिखने की इच्छा जताई. नदीम ने कहा कि मुखड़ा सुनाइये. समीर ने सुनाया ‘देखा है पहली बार, साजन की आंखों में प्यार’. गाना 5 मिनट में पूरा हुआ. जैसे ही नंदीम ने प्रोड्यूसर सुधाकर बोकाडे को फोन मिलाया तो वो नाराज हो गए. फिर सलमान खान से बात की गई. माधुरी दीक्षित और सलमान अगले दिन के ऊंटी गए. एक दिन में ही वो गाना रिकॉर्ड हुआ और इतिहास बन गया
माधुरी दीक्षित ने अपने एक इंटरव्यू में बताया था कि इंडस्ट्री के कई लोगों ने ‘साजन’ फिल्म में काम नहीं करने की सलाह दी थी. लोग कहते थे कि संजय दत्त एक्शन हीरो है, उसे फिल्म में हैंडीकैप्ड दिखाया जाना है. यह फिल्म नहीं चलेगी. फिल्म ने रिलीज होते ही तहलका मचा दिया. सब लोग हैरान रह गए. ‘साजन’ फिल्म 1991 की सबसे ज्याद पैसा कमाने वाली फिल्म थी. करीब ढाई करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने 18 करोड़ का वर्ल्ड वाइड कलेक्शन किया था. माधुरी दीक्षित-संजय दत्त को इस फिल्म के लिए 12-12 लाख रुपये मिले थे जबकि सलमान खान को 11 लाख रुपये मिले थे.
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



