Image Slider

होमताजा खबरDelhiदिल्ली में तांडव की रात! शकूर बस्ती से रोहिणी तक आग ही आग, 100 झुग्गियां खाक

Last Updated:

Delhi Fire Tragedy: दिल्ली के शकूर बस्ती, गीता कॉलोनी, रोहिणी और पंजाबी बाग में लगी आग ने न सिर्फ संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया, बल्कि सैकड़ों लोगों को बेघर भी कर दिया. हालांकि राहत की बात यह रही कि इन सभी घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन लोगों का सब कुछ जलकर राख हो गया.

दिल्ली में तांडव की रात! शकूर बस्ती से रोहिणी तक आग ही आग, 100 झुग्गियां खाकZoom

शकूर बस्ती रेलवे कॉलोनी इलाके में आग से 100 से ज्यादा झुग्गियां जलकर खाक हो गईं.

राजधानी दिल्ली में गर्मी बढ़ने के साथ ही आग का भी तांडव दिखने लगा है. यहां एक ही रात में अलग-अलग इलाकों में आग की कई बड़ी घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया. शकूर बस्ती, गीता कॉलोनी, रोहिणी और पंजाबी बाग में लगी आग ने न सिर्फ संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया, बल्कि सैकड़ों लोगों को बेघर भी कर दिया. हालांकि राहत की बात यह रही कि इन सभी घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन लोगों का सब कुछ जलकर राख हो गया.

सबसे बड़ी घटना शकूर बस्ती रेलवे कॉलोनी इलाके में सामने आई, जहां देर रात आग ने विकराल रूप ले लिया. देखते ही देखते 100 से ज्यादा झुग्गियां आग की चपेट में आ गईं और पूरी तरह खाक हो गईं. स्थानीय लोगों के मुताबिक आग की शुरुआत एक झोपड़ी में शॉर्ट सर्किट से हुई, जिसके बाद घनी आबादी और झुग्गियों के पास-पास होने के कारण आग तेजी से फैल गई. लोग अपने परिवार और बच्चों को लेकर जान बचाने के लिए भागते नजर आए. इस दौरान राहत और बचाव कार्य को लेकर सवाल भी उठे, क्योंकि लोगों का आरोप है कि दमकल की गाड़ियां देर से मौके पर पहुंचीं. हालांकि बाद में दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

इसी तरह पूर्वी दिल्ली के गीता कॉलोनी इलाके में भी देर रात एक ट्रांसफार्मर से लगी आग ने 14 फ्लैट्स को अपनी चपेट में ले लिया. संकरी गलियों के बीच दमकल टीमों ने कड़ी मेहनत करते हुए आग बुझाने का काम किया और सबसे बड़ी बात यह रही कि आग में फंसे 14 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. समय रहते राहत पहुंचने से एक बड़ा हादसा टल गया.

वहीं उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-24 स्थित पॉकेट-20 में एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. रात करीब 8:54 बजे दमकल विभाग को सूचना मिली, जिसके बाद छह दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया. करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात 11 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया गया. शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है.

इसके अलावा पश्चिमी दिल्ली के पंजाबी बाग थाना इलाके में स्थित एक रैन बसेरा भी आग की चपेट में आ गया. रात करीब 11:35 बजे लगी इस आग में सीमेंट साइड पर बनी झुग्गियां पूरी तरह जलकर खाक हो गईं. दमकल विभाग ने करीब एक दर्जन गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचकर तेजी से कार्रवाई की और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया. यहां भी गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ.

इन सभी घटनाओं ने एक बार फिर दिल्ली में फायर सेफ्टी और आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. खासतौर पर झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों के लिए आग का खतरा हमेशा बना रहता है, जहां छोटी सी चिंगारी भी बड़े हादसे में बदल जाती है. फिलहाल सभी घटनाओं में पुलिस और दमकल विभाग जांच में जुटे हैं और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है. प्रभावित परिवारों के लिए राहत और पुनर्वास की मांग भी तेज हो गई है.

About the Author

authorimg

Saad Omar

An accomplished digital Journalist with more than 13 years of experience in Journalism. Done Post Graduate in Journalism from Indian Institute of Mass Comunication, Delhi. After Working with PTI, NDTV and Aaj T…और पढ़ें

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||