गाजियाबाद। जिला एमएमजी अस्पताल में एक्स-रे सेवा एसी खराब होने के कारण गंभीर रूप से प्रभावित हो गई है। अस्पताल में रोजाना लगभग 200 से 250 एक्सरे किए जाते हैं, लेकिन सोमवार से मशीन के अधिक गर्म होने के चलते बार-बार शटडाउन करना पड़ रहा है। इससे मरीजों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है और इलाज में देरी हो रही है। एक्स-रे रूम के बाहर मरीजों की लंबी कतार लग रही है। कई मरीजों को अपने नंबर के लिए एक से डेढ़ घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है। मशीन के बार-बार बंद होने के कारण जांच की प्रक्रिया धीमी हो गई है। स्थिति ऐसी बन गई है कि कुछ मरीज बिना एक्सरे कराए ही वापस लौटने को मजबूर हो रहे हैं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार एक्सरे रूम में लगा एसी खराब हो गया है। इससे मशीन का तापमान बढ़ जाता है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि तकनीशियन को बुला लिया गया है और जल्द ही समस्या का समाधान कर लिया जाएगा ताकि मरीजों को राहत मिल सके।