Image Slider

वाराणसी: उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ले लिया है. बीते बुधवार की शाम को नोएडा-गाजियाबाद समेत यूपी के कई जिलों में तेज धूल भरी आंधी का दौर चला. 19 मार्च को भी मौसम का ये बदला रूख देखने को मिलेगा. मौसम विभाग का अनुमान है कि आज से यानी कि गुरुवार को अगले तीन दिनों तक तेज झोंकेदार हवाओं के बीच बारिश और गरज-चमक की आवाज सुनाई देगी. इस दौरान तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगा. राजधानी लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र से मिले जानकारी के मुताबिक,19 मार्च को यूपी के पूर्वी और पश्चिमी संभाग के कुछ जिलों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है. 19 से 22 मार्च के बीच सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण पूरे प्रदेश में इसका असर देखने को मिलेगा. पश्चिमी यूपी से इसकी शुरुआत होगी. अगले 48 घंटों में पूर्वी यूपी में भी इसका असर देखने को मिलेगा. यहां पढ़ें पल-पल के अपडेट्स…

आगरा-मथुरा में कैसा है मौसम
उत्तर प्रदेश के मथुरा में धूप के साथ हल्की ठंडक. रात को आई तेज आंधी से मौसम में आया बदलाव. दो घंटे बाद हल्की बूंदाबांदी होने की आशंका. आगरा में देर रात आंधी और हल्की बूंदाबादी से मौसम में ठंडक आई है. सुबह से हल्के हल्के बादल छाये हुए हैं. मौसम में गर्मी से राहत मिली है.

कानपुर में मौसम हुआ खुशनुमा
कानपुर में आज सुबह से ही मौसम काफी खुशनुमा बना हुआ है. आसमान में हल्के बादल छाए हैं और धीमी रफ्तार से चल रही ठंडी हवाओं की वजह से गुलाबी ठंडक का अहसास हो रहा है. हालांकि बारिश की संभावना कम है. लेकिन औसतन रोज दिन में तेज धूप भी निकल रही है. जिस वजह से लोगों को दिक्कत भी हो रही है. अयोध्या में आज सुबह से ही मौसम ठीक-ठाक बना हुआ है. हल्के बादल दिख रहे हैं और ठंडी हवा चल रही है, जिससे हल्की ठंड महसूस हो रही है. हालांकि बारिश के आसार नहीं दिख रहे.

मेरठ में बारिश से बढ़ गई ठंड
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ की बात करें तो मेरठ में सुबह के समय ठंड का एहसास हो रहा है. क्योंकि जिस तरह से कल देर रात तक रुक रुक कर बूंदाबांदी हुई है. उससे मौसम में एक बार फिर से ठंडक ने दस्तक दे दी है. हालांकि सुबह के समय मौसम साफ है. लेकिन शाम तक परिवर्तन होने की संभावना है.

सुल्तानपुर में चल रही है ठंडी हवा
सुल्तानपुर में आज सुबह से ही मौसम ठीक-ठाक बना हुआ है. हल्के बादल दिख रहे हैं और ठंडी हवा चल रही है जिससे हल्की ठंड महसूस हो रही है. हालांकि बारिश के आसार नहीं दिख रहे. बीच बीच में धूप भी निकल रही है.

गाजियाबाद में भी छाए रह सकते हैं बादल
गाजियाबाद में कल देर रात तक रुक-रुक कर बारिश होती रही, जिससे मौसम में ठंडक बढ़ गई है. हालांकि आज सुबह बारिश नहीं हुई है. लेकिन हल्की ठंडी हवाएं चल रही हैं. मौसम विभाग के अनुसार आज भी दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है. वहीं चित्रकूट में आज सुबह से धूप है.मौसम में हल्की ठंडक है.हवा चलने से मौसम ठंडा हो गया है.और लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है.बारिश होने की कोई संभावना नहीं है.

बागपत में निकली हल्की धूप
बागपत जिले में आज सुबह से ही मौसम ठीक-ठाक बना हुआ है. हल्की धूप निकली हुई है और तेज ठंडी हवा चल रही है. जिससे हल्की ठंड महसूस हो रही है. तापमान की गिरावट दर्ज की गई है.

मुरादाबाद में सुबह से है हल्की ठंड
मुरादाबाद में सुबह से ही मौसम ठीक है. सुबह शाम की ठंड के अनुसार सुबह हल्की ठंड है. बारिश की अभी कोई संभावना नहीं है. हवा थोड़ी तेज चल रही है धीरे-धीरे धूप निकलने की संभावना है. वर्तमान तापमान की अगर बात की जाए तो फिलहाल 22 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है.

महाराजगंज में मौसम बना सुहावना
महाराजगंज में आज मौसम सुहावना बना हुआ है. वर्तमान तापमान 22°C है और आसमान में ज्यादातर बादल छाए हुए हैं, जिससे हल्की ठंडक महसूस हो रही है. दिन में तापमान धीरे-धीरे बढ़कर 31°C तक पहुंच सकता है. अगले दो दिनों में तापमान में गिरावट की संभावना जताई गई है.

आज यहां करवट लेगा मौसम
मौसम विभाग का अनुमान है गुरुवार (19 मार्च) को सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, फरुखाबाद, हरदोई, आगरा, अलीगढ़, मथुरा, झांसी, जालौन, ललितपुर, महोबा, बांदा, इटावा, मैनपुरी समेत पश्चिमी यूपी के कई जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है. इन जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है.

3 से 7 डिग्री तक गिरेगा पारा
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अगले 3 दिनों में प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की कमी देखने को मिल सकती है. इस दौरान न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आएगी जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. बताते चलें कि अफगानिस्तान के ऊपर एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है. जिसके प्रभाव से यूपी में काले बादलों की परेड देखने को मिलेगी. इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है.

20 मार्च को ज्यादातर जिलों में होगी बारिश
मौसम विभाग का अनुमान है 20 मार्च को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है. वहीं तराई क्षेत्र में ओलावृष्टि की भी संभावना है.इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घण्टे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं भी चल सकती है.

नोएडा-लखनऊ में ऐसा होगा मौसम
प्रदेश के राजधानी लखनऊ में गुरुवार को आसमान में छिटपुट बादल छाएं रहेंगे.आज यहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा. वहीं न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है. अगले 24 घण्टे बाद यहां तेज हवाओं के साथ बारिश को लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं बात नोएडा की करें तो आज वहां हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. यह दौर 3 दिनों तक बना रहेगा. अनुमान है आज यहां न्यूनतम तापमान 16 और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||