Image Slider

Last Updated:

New Flyover in Delhi : दिल्‍लीवासियों को जल्‍द ही एक और फ्लाईओवर का तोहफा मिलने वाला है. सरकार ने इस प्रोजेक्‍ट पर बढ़ी हुई कॉस्‍ट को मंजूरी दे दी है और जून में ही इसे पूरा करने का लक्ष्‍य भी रखा है. इस प्रोजेक्‍ट के शुरू होने के बाद मयूर विहार से एम्‍स तक महज 15 मिनट में पहुंचा जा सकेगा. अभी इस दूरी को तय करने में आधे घंटे से भी ज्‍यादा लग जाते हैं.

मयूर विहार से एम्‍स सिर्फ 15 मिनट में, अभी लग जाते हैं आधे घंटे से ज्‍यादाZoom

मयूर विहार से एम्‍स के बीच नया एलिवेटेड कॉरिडोर बनेगा.

नई दिल्‍ली. राजधानी में रहने वालों को एक और तोहफा जल्‍द मिलने वाला है. मयूर विहार से एम्‍स तक जाने में अभी आधे घंटे से भी ज्‍यादा का समय लग जाता है, जबकि सुबह-शाम के जाम से भी जूझना पड़ता है. लेकिन, दिल्‍ली सरकार ने एलिवेटेड रोड को हरी झंडी दे दी है. इसका निर्माण पूरा होने के बाद मयूर विहार से एम्‍स तक महज 15 मिनट में पहुंचा जा सकेगा. सबसे खास बात ये है कि इस रास्‍ते में अब एक भी लाल बत्‍ती नहीं पडे़गी और वाहन बिना किसी रुकावट के अपना सफर पूरा कर सकेंगे.

दिल्‍ली कैबिनेट ने बारापूला फेज-3 के एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण को हरी झंडी दे दी है. सरकार ने इसके लिए बजट को भी मंजूरी दे दी है और माना जा रहा है कि इसका निर्माण जुलाई तक पूरा हो जाएगा. दिल्‍ली कैबिनेट ने इस प्रोजेक्‍ट के रिवाइज कॉस्‍ट यानी बढ़ी लागत को भी मंजूरी दे दी है, जो कई साल से अटका हुआ था. इस प्रोजेक्‍ट की लागत पहले 1,260 करोड़ रुपये के आसपास बताई गई थी, जो अब 374 करोड़ रुपये और बढ़ गई है. इस बढ़ी लागत को भी दिल्‍ली कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है. प्रोजेक्‍ट पर कुल खर्चा 1,635 करोड़ रुपये आएगा.

सीधे जुड़ जाएंगे पूर्वी और दक्षिणी दिल्‍ली
दिल्‍ली की मुख्‍यमंत्री रेखा गुप्‍ता ने प्रोजेक्‍ट को मंजूरी दिए जाने के बाद कहा कि पूर्वी और दक्षिणी दिल्‍ली के बीच सिग्‍नल फ्री कनेक्टिविटी शुरू होने के बाद नोएडा, मयूर विहार से सराय काले खां, रिंग रोड और एम्‍स तक जाना आसान हो जाएगा. अभी 23 किलोमीटर लंबे इस रास्‍ते को पूरा करने में आधे घंटे से भी ज्‍यादा का समय लग जाता है. ऊपर से सुबह-शाम के जाम की वजह से कई बार यह दूरी एक घंटे से भी अधिक समय की हो जाती है. लेकिन, एलिवेटेड कॉरिडोर तैयार होने के बाद महज 15 मिनट में नोएडा और मयूर विहार से एम्‍स तक पहुंचा जा सकेगा. .

12 साल पहले शुरू हुआ था प्रोजेक्‍ट
आम आदमी पार्टी की सरकार ने अपने पहले शासनकाल में ही इस प्रोजेक्‍ट को मंजूरी दे दी थी. दिसंबर, 2014 में मंजूरी मिलने के बाद इसका निर्माण भी साल 2015 में शुरू हो गया था, जिसके 2017 तक पूरे होने का लक्ष्‍य रखा गया था. हालांकि, इसके बाद कोरोना महामारी और भूमि विवाद की वजह से कई बार प्रोजेक्‍ट का निर्माण रोकना पड़ा. हालात ये हो गए कि शुरुआत के 12 साल बाद भी इसका निर्माण पूरा नहीं हो सका. अब दिल्‍ली की नई सरकार ने इसे जुलाई तक पूरा करने का लक्ष्‍य रखा है, ताकि दिल्‍लीवासियों को जल्‍द ही जाम से छुटकारा दिलाया जा सके.

लाखों लोगों को होगा फायदा
मामले से जुडे़ अधिकारियों का कहना है कि सरकार ने प्रोजेक्‍ट को 30 जून तक पूरा करने का लक्ष्‍य रखा है और इसके शुरू होने के बाद रोजाना लाखों लोगों को फायदा होगा. इससे सराय काले खां, रिंग रोड, डीएनडी फ्लाईवे और एनएच-24 तक आवाजाही भी आसान हो जाएगी. अभी इस प्रोजेक्‍ट के दो फेज पूरे हो चुके हैं और इस पर आवाजाही भी शुरू हो चुकी है. नया एलिवेटेड कॉरिडोर सराय काले खां पर बने फ्लाईओवर के साथ जुड़ जाएगा. यह कॉरिडोर सिर्फ एम्‍स तक ही सीधी कनेक्टिविटी नहीं देगा, बल्कि एनसीआरटीसी, रेलवे स्‍टेशन, आईएसबीटी, डीएमआरसी और दिल्‍ली-मुंबई एक्‍सप्रेसवे तक भी सीधा और आसान रास्‍ता मुहैया कराएगा.

About the Author

authorimg

Pramod Kumar Tiwari

प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्‍वेस्‍टमेंट टिप्‍स, टैक्‍स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||