- Hindi News
- National
- Rajya Sabha Election; Odisha Congress MLA Expelled | Haryana Congress Notice
- कॉपी लिंक
ओडिशा में कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले तीन विधायकों को पार्टी से निकाल दिया है। वहीं हरियाणा में पार्टी पांच विधायकों को नोटिस देने की तैयारी कर रही है।
इस बीच हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रामकिशन गुर्जर ने पार्टी छोड़ दी है। उनकी पत्नी और नारायणगढ़ से विधायक शैली चौधरी भी पार्टी से इस्तीफा दे सकती हैं।
ओडिशा में कांग्रेस ने रमेश जेना, दशरथी गोमांगो और सोफिया फिरदौस को पार्टी से निकाला है। इन तीनों विधायकों ने राज्यसभा चुनाव में भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप राय के पक्ष में वोट दिया था। क्रॉस वोटिंग की वजह से कांग्रेस और BJD के संयुक्त उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा।
दरअसल, दोनों राज्यों में कांग्रेस के कुल 8 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की थी। 16 मार्च को 11 सीटों पर हुए चुनाव में 9 सीटें एनडीए के खाते में गईं। 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के चुनाव में 26 पर प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध चुने गए थे।
राज्यसभा चुनाव को स्टेटवाइज समझिए…
हरियाणा: BJP-कांग्रेस को एक-एक सीट, क्रॉस वोटिंग करने वाले 5 MLA को नोटिस देने की तैयोरी में कांग्रेस
हरियाणा में राज्यसभा की 2 सीटों के लिए नतीजा वोटिंग के करीब 9 घंटे बाद आधी रात को 1 बजे जारी हुआ। भाजपा के संजय भाटिया और कांग्रेस के कर्मवीर बौद्ध ने जीत हासिल की है। भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल को हार का सामना करना पड़ा। चुनाव में 90 विधायकों के वोट थे, जिनमें से इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के 2 विधायकों ने वोट नहीं डाला। कांग्रेस के 4 और भाजपा का 1 वोट रद्द हो गया, जिसके चलते 83 वोट वैध माने गए।
भाजपा के 48 वोट थे। एक वोट रद्द हो गया। पहली प्राथमिकता में वाले वोट भाटिया को 39 और नांदल को 8 मिले। कांग्रेस के 37 विधायक थे। 4 वोट रद्द हो गए। 5 ने क्रॉस वोटिंग की। ऐसे में 28 वोट बचे।
संजय भाटिया को पहली प्राथमिकता के 27.66 वोट मिले। निर्दलीय नांदल को 27.34 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के कर्मवीर बौद्ध को 28 वोट मिले। इस प्रकार, नांदल, बौद्ध से केवल 0.66 वोट, यानी एक वोट से भी कम अंतर से हार गए।
अब कांग्रेस पार्टी क्रॉस वोटिंग करने वाले 5 विधायकों को नोटिस देने के तैयारी में है। इससे पहले कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रामकिशन गुर्जर पार्टी छोड़ दी है। वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी विधायक पत्नी शैली चौधरी भी पार्टी छोड़ सकती है।
ओडिशा: BJP की 3, BJD की एक सीट पर जीत; कांग्रेस ने तीन MLA को पार्टी ने निकाला
डिशा में भाजपा के मनमोहन सामल, सुजीत कुमार और NDA समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप रे ने जीत हासिल की। चौथी सीट पर बीजू जनता दल (BJD) के संत्रुप्ता मिश्रा विजयी हुए। BJD के दत्तेश्वर होता को हार का सामना करना पड़ा।
क्रॉस वोटिंग करने पर पार्टी ने रमेश जेना, दशरथी गोमांगो और सोफिया फिरदौस को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास ने कहा कि तीनों विधायकों से इस तरह के कदम की उम्मीद नहीं थी। इन विधायकों के खिलाफ संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत कार्रवाई कराने के लिए विधानसभा स्पीकर से अनुरोध किया गया है, ताकि उन्हें अयोग्य घोषित किया जा सके।
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अरबिंद दास ने बताया कि विधायकों के कदम की समीक्षा के बाद यह कार्रवाई की गई है। पार्टी ने इसे अनुशासनहीनता और पार्टी के हितों के खिलाफ माना है।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



