Image Slider

नई दिल्ली (UPSC Prelims 2026 Strategy). संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा दुनिया की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक है. यूपीएससी सीएसई का पहला पड़ाव प्रारंभिक परीक्षा (Prelims) है. इस साल यूपीएससी प्रीलिम्स परीक्षा 24 मई को होगी. कई लाख युवा यह परीक्षा पहली बार देंगे. उनके लिए चुनौती केवल ज्ञान की नहीं, बल्कि सही गाइडेंस और टाइम मैनेजमेंट की भी है. हर साल करीब 10-12 लाख युवा यूपीएससी सीएसई का फॉर्म भरते हैं. उनमें से 13,000-15,000 ही मुख्य परीक्षा तक पहुंच पाते हैं.

अगर आप पहली बार यूपीएससी सीएसई प्रीलिम्स परीक्षा दे रहे हैं तो अब समय गहन अध्ययन से स्मार्ट वर्क की तरफ मुड़ने का है. अगले दो महीनों में आपका फोकस केवल उन टॉपिक्स पर होना चाहिए, जहां से सबसे ज्यादा सवाल पूछे जाते हैं. बेसिक कॉन्सेप्ट मजबूत करके और करेंट अफेयर्स पर पकड़ के साथ आप अपने पहले अटेंप्ट में ही यूपीएससी सीएसई पास कर सकते हैं. फाइनल रिवीजन करने के लिए तैयारी के साथ शॉर्ट नोट्स भी बनाते जाएं.

UPSC CSE Prelims 2025: तैयारी की शुरुआत कहां से करें?

जो अभ्यर्थी पहली बार यूपीएससी सीएसई 2026 में शामिल हो रहे हैं, उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती सिलेबस समझना है. 24 मई 2026 को होने वाली परीक्षा के लिए आपका आधार NCERT (कक्षा 6-12) होना चाहिए.

  • पॉलिटी: एम. लक्ष्मीकांत (सबसे जरूरी).
  • इकोनॉमी: मृणाल सर के नोट्स या रमेश सिंह.
  • इतिहास: स्पेक्ट्रम (आधुनिक भारत के लिए).
  • पर्यावरण: शंकर आईएएस या दृष्टि आईएएस के नोट्स.

करेंट अफेयर्स का 1.5 साल का चक्र

संघ लोक सेवा आयोग अब केवल पिछले एक साल का नहीं, बल्कि पिछले 18 महीनों के करेंट अफेयर्स पूछ रहा है. जनवरी 2025 से लेकर अप्रैल 2026 तक की प्रमुख घटनाओं, सरकारी योजनाओं (जैसे विकसित भारत @2047) और पर्यावरण संधियों पर गहरी पकड़ बनाएं. ‘पीटी 365’ (PT 365) जैसे वार्षिक संकलन इस समय काफी मददगार साबित होते हैं.

  • रोजाना: द हिंदू या इंडियन एक्सप्रेस के महत्वपूर्ण एडिटोरियल्स पढ़ें.
  • मासिक: किसी भी प्रतिष्ठित संस्थान (जैसे विजन आईएएस या दृष्टि) की मंथली कंपाइलेशन पढ़ें.
  • फोकस: सरकारी योजनाएं, अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन और पर्यावरण से जुड़ी नई संधियां.

हल्के में न लें CSAT को

पिछले कुछ सालों के आंकड़ों पर नजर डालें तो कई मेधावी उम्मीदवार GS-1 में अच्छे मार्क्स स्कोर करने के बावजूद CSAT (पेपर-2) में फेल हो गए. अगर आप गणित में कमजोर हैं तो कॉम्प्रिहेंशन (Comprehension) और लॉजिकल रीजनिंग पर अपनी पकड़ मजबूत करें. 2021 से 2025 तक के यूपीएससी पेपर्स को टाइमर लगाकर हल करना शुरू करें.

समझें मॉक टेस्ट और एलिमिनेशन टेक्नीक

इस बात का ध्यान रखें कि यूपीएससी परीक्षा के लिए केवल सबकुछ पढ़ना काफी नहीं है, उसे लागू करना भी जरूरी है. कम से कम 30-40 फुल लेंथ टेस्ट दें. यहां आपका लक्ष्य केवल स्कोर बढ़ाना नहीं, बल्कि यह सीखना होना चाहिए कि कैसे दो कंफ्यूजिंग ऑप्शंस में से सही उत्तर तक पहुंचा जाए. इसे ही ‘स्मार्ट गेसिंग’ या एलिमिनेशन टेक्नीक कहते हैं.

24 मई के लिए रिवीजन स्ट्रैटेजी

मई के महीने में कुछ भी नया न पढ़ें. इस समय अपना सारा ध्यान सिर्फ डेटा, इंडेक्स, मैप्स (विशेषकर मध्य-पूर्व और यूक्रेन जैसे विवादित क्षेत्र) और संवैधानिक अनुच्छेदों के रिवीजन पर होना चाहिए. रोज सुबह 1 घंटा एक्टिव रिकॉल मेथड से रिवीजन करें. इस टेक्नीक में किताब बंद करके पहले याद की गई चीजों को मन में दोहराया जाता है.

यूपीएससी सिलेबस और परीक्षा पैटर्न

यूपीएससी प्रीलिम्स में दो पेपर होते हैं: पेपर-1 (GS) और पेपर-2 (CSAT).

  • जीएस पेपर-1: इसमें इतिहास, भूगोल, राजनीति, अर्थव्यवस्था, पर्यावरण और विज्ञान-तकनीक से 100 सवाल आते हैं. इसी के आधार पर कट-ऑफ बनती है.
  • सीसैट: यह केवल क्वॉलिफाइंग है (33% अंक अनिवार्य). इसमें मैथ, रीजनिंग और कॉम्प्रिहेंशन शामिल हैं. पहली बार परीक्षा दे रहे उम्मीदवार अक्सर इसे नजरअंदाज करते हैं, जो रिस्की हो सकता है.

दो महीने में यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कैसे करें?

यूपीएससी प्रीलिम्स से पहले के 2 महीने तैयारी के लिहाज से बहुत मुश्किल और महत्वपूर्ण होते हैं. जानिए इस दौरान क्या करना चाहिए:

  • सब्जेक्ट प्रायोरिटी: सबसे पहले पॉलिटी, इकोनॉमी और मॉडर्न हिस्ट्री खत्म करें. इन 3 विषयों से करीब 40-50 सवाल आते हैं.
  • मॉक टेस्ट: हफ्ते में कम से कम 2 फुल लेंथ मॉक टेस्ट दें. मॉक टेस्ट देने से ज्यादा जरूरी उसका एनालिसिस करना है. देखें कि आप कहां गलती कर रहे हैं.
  • PYQ एनालिसिस: पिछले 10 साल के प्रश्नपत्रों को कम से कम 3 बार हल करें. इससे यूपीएससी के पूछने का प्रश्न पैटर्न समझ में आएगा.
  • CSAT पर ध्यान: अगर आपका बैकग्राउंड मैथ नहीं है तो रोज 1 घंटा रीजनिंग और पुराने पेपर्स को दें.

रिवीजन का ‘3-Layer’ फॉर्मूला क्या है?

  • लेयर 1: जो पढ़ा है, उसके शॉर्ट नोट्स या मैप्स को रोज सुबह 1 घंटा रिवाइज करें.
  • लेयर 2: हर संडे को पूरे हफ्ते का रिवीजन.
  • लेयर 3: परीक्षा से 15 दिन पहले नई चीजें पढ़ना बंद कर दें और केवल अपने हाईलाइट किए हुए पॉइंट्स पर फोकस करें.

सेहत का भी रखें ध्यान

पहली बार यूपीएससी प्रीलिम्स परीक्षा देने वालों पर काफी प्रेशर होता है. इस दौरान फिजिकल हेल्थ और मेंटल हेल्थ का ध्यान रखना बहुत जरूरी है. इसके लिए 7 घंटे की नींद और पर्याप्त पानी पीने से याददाश्त (Retention) बढ़ाने में मदद मिलेगी. याद रखें, यूपीएससी केवल ज्ञान की नहीं, बल्कि धैर्य और दबाव झेलने की क्षमता की भी परीक्षा है.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||