उत्तरी दिल्ली के लाहौरी गेट स्थित एक होटल में युवती की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। होटल स्टाफ ने आनन-फानन में मामले की सूचना पुलिस को दी। बाद में युवती को बाड़ा हिन्दू राव अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। छानबीन में पता चला कि युवती के गले पर गहरे निशान थे। उसकी गला घोंटकर हत्या की गई। पुलिस की जांच में पता चला कि दोनों करीब 12 बजे होटल में आए और आरोपी युवक अभिषेक तिवारी करीब 5 बजे दरवाजे को बाहर से ताला लगाकर चला गया। यह सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में दिख रहा।
मृतका की शिनाख्त सौम्या जायसवाल (24) के रूप में हुई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेजा। देर रात पुलिस ने सौम्या के परिवार को खबर दी। बेटी से संपर्क न होने पर परिजन सौम्या को ढूंढ रहे थे। परिवार ने बुधवार शाम को ही जाफराबाद थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। क्राइम टीम व एफएसएल ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने बताया कि लाहौरी गेट थाने में हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस होटल के सीसीटीवी कैमरों से पड़ताल कर रही है। तीन टीमों को आरोपी की तलाश में लगाया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार पोस्टमॉर्टम के बाद सौम्या का शव परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस के मुताबिक सौम्या जायसवाल परिवार के साथ गली नंबर-5, माता मंदिर मार्ग, मौजपुर जाफराबाद में रहती थी। इसके परिवार में पिता अमित जायसवाल, मां ललिता जायसवाल के अलावा एक छोटी बहन नित्या है। अमित घर के नीचे ही परचून की दुकान चलाते हैं, जबकि सौम्या चांदनी चौक स्थित एक कंपनी में अकाउंटेंट थी।
दोपहर से नहीं लग रहा था लड़की का फोन
परिजनों ने बताया कि बुधवार सुबह रोज की तरह सौम्या 11 बजे घर से दफ्तर जाने की बात कर निकली थी। दोपहर के समय परिजनों ने उसे कॉल किया तो उसका फोन नहीं उठा। कई बार कॉल करने के बाद परिजन परेशान हो गए। परिजन चांदनी चौक स्थित उसके दफ्तर पहुंचे तो पता चला कि सौम्या छुट्टी पर है। दोपहर एक बजे उसने मैसेज कर छुट्टी की बात बताई थी। इसके बाद परिवार लगातार उसकी तलाश करता रहा। शाम के समय परिजन जाफराबाद थाने पहुंचे। वहां उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने सीडीआर की मदद से जब उसकी लोकेशन पता की तो वह पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के आसपास मिली। उस आधार पर परिजन वहां पहुंचे और बेटी की तलाश की।
रात दो बजे लाहौरी गेट पुलिस ने परिजनों थाने बुलाया
देर रात करीब दो बजे लाहौरी गेट थाना पुलिस ने सौम्या के परिजनों को खबर देकर थाने बुलाया। बाद में पुलिस परिजनों को मोर्चरी ले गई और वहां सौम्या की लाश की शिनाख्त करवाई। छानबीन हुई तो पता चला कि सौम्या अपने किसी दोस्त के साथ दोपहर के समय पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के नजदीक होटल प्रिंस में पहुंची थी। यहां दोनों ने एक रूम लिया। इसके बाद क्या हुआ, पुलिस पता लगा रही है। सूत्रों ने बताया कि रूम लेने के कुछ देर बाद ही युवक होटल से निकल गया था। होटल स्टाफ जब कमरे में पहुंचा तो वहां पर सौम्या को बिस्तर पर अचेत पाया। इसके बाद अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस आशंका जता रही है कि दोस्त ने ही उसकी हत्या की और फरार हो गया।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



