- सरकार की प्राथमिकता, पासपोर्ट सेवाएं हों पारदर्शी और समयबद्ध: अनुज स्वरूप
- पहले 45 पासपोर्ट और 5 पीसीसी आवेदन, अब रोजाना 90 पासपोर्ट और 10 पीसीसी होंगे स्वीकार
- पासपोर्ट सेवाओं की बढ़ती मांग को देखते हुए क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय का अहम निर्णय
- क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ने नागरिकों से ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ही आवेदन करने की अपील
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। बुलंदशहर के नागरिकों के लिए पासपोर्ट सेवाओं को लेकर एक बड़ी राहतभरी खबर सामने आई है। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद ने पासपोर्ट से जुड़ी सेवाओं को अधिक सुगम और नागरिकों के लिए सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र (पीओपीएसके) बुलंदशहर में पासपोर्ट और पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट (पीसीसी) आवेदनों की संख्या को दोगुना कर दिया है। इस फैसले से क्षेत्र के हजारों नागरिकों को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र बुलंदशहर में प्रतिदिन 45 पासपोर्ट आवेदनों और 5 पीसीसी आवेदनों को स्वीकार किया जाता है। हालांकि नागरिकों की बढ़ती संख्या और सेवाओं की मांग को देखते हुए अब इस व्यवस्था में बदलाव किया गया है। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 16 मार्च 2026 से इस केंद्र पर प्रतिदिन 90 पासपोर्ट आवेदन और 10 पीसीसी आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। यानी अब पहले के मुकाबले दोगुनी संख्या में आवेदनों की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।
इस निर्णय से विशेष रूप से उन नागरिकों को राहत मिलेगी, जिन्हें पासपोर्ट बनवाने के लिए लंबे समय तक अपॉइंटमेंट का इंतजार करना पड़ता था। अब आवेदन क्षमता बढऩे से अपॉइंटमेंट जल्दी उपलब्ध होंगे और नागरिकों को पासपोर्ट से संबंधित सेवाओं के लिए अधिक प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ेगी। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप (भारतीय विदेश सेवा) ने बताया कि यह सुविधा विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि पासपोर्ट सेवाओं को अधिक पारदर्शी, समयबद्ध और सुगम बनाना सरकार की प्राथमिकता है। इसी दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि नागरिकों को अपने जिले या नजदीकी क्षेत्र में ही बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि आवेदन क्षमता बढऩे से पासपोर्ट बनवाने की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक तेज और व्यवस्थित होगी।
इससे न केवल बुलंदशहर बल्कि आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को भी लाभ मिलेगा। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे पासपोर्ट से संबंधित किसी भी सेवा के लिए आवेदन करने से पहले आधिकारिक वेबसाइट www.passportindia.gov.in पर लॉग इन करें और उपलब्ध स्लॉट के अनुसार अपॉइंटमेंट बुक करें। इसके बाद निर्धारित तिथि पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र पहुंचकर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पासपोर्ट सेवाओं के लिए केवल अधिकृत वेबसाइट के माध्यम से ही आवेदन किया जाए और किसी भी प्रकार के फर्जी एजेंटों या अनधिकृत माध्यमों से बचा जाए। इससे नागरिकों को सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से पासपोर्ट सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
गौरतलब है कि डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों की स्थापना का मुख्य उद्देश्य पासपोर्ट सेवाओं को छोटे शहरों और कस्बों तक पहुंचाना है, ताकि नागरिकों को बड़े शहरों में जाकर लंबी दूरी तय न करनी पड़े। बुलंदशहर में आवेदनों की संख्या दोगुनी किए जाने का यह फैसला इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने भी इस फैसले का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे पासपोर्ट बनवाने की प्रक्रिया अब अधिक आसान और तेज हो जाएगी।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



