-अपराध पर सख्ती और त्योहारों पर सतर्कता, पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
-पुलिस कार्यालय सभागार में हुई अपराध नियंत्रण समीक्षा बैठक, सभी डीसीपी व एसीपी रहे मौजूद
-ऑपरेशन प्रहार, मिशन शक्ति और लंबित विवेचनाओं के निस्तारण पर जोर
-ईद-उल-फितर और आगामी परीक्षाओं को लेकर सुरक्षा व यातायात व्यवस्था पर विशेष निर्देश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी त्योहारों और परीक्षाओं को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता पुलिस आयुक्त जे. रविंद्र गौड़ ने की। बैठक में अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण और आगामी त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय/अपराध केशव कुमार चौधरी, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था/यातायात राजकरन नैय्यर, पुलिस उपायुक्त सिटी धवल जायसवाल, पुलिस उपायुक्त ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल, पुलिस उपायुक्त देहात सुरेन्द्रनाथ तिवारी, डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन, एडीसीपी पीयूष सिंह, अपर पुलिस उपायुक्त कविनगर सूर्यबली मौर्य, अपर पुलिस उपायुक्त नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद, अपर पुलिस उपायुक्त मसूरी लिपि नागायच, अपर पुलिस उपायुक्त कोतवाली उपासना पाण्डेय, अपर पुलिस उपायुक्त वेव सिटी प्रियाश्री पाल, अपर पुलिस उपायुक्त इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव, अपर पुलिस उपायुक्त मोदीनगर भास्कर वर्मा, अपर पुलिस उपायुक्त अंकुर विहार ज्ञानप्रकाश राय सहित सभी सर्किल सहायक पुलिस आयुक्त उपस्थित रहे।
पुलिस आयुक्त ने जिले की कानून-व्यवस्था की स्थिति की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के लिए ठोस और प्रभावी रणनीतियों को जमीन पर लागू किया जाए। समीक्षा बैठक में सबसे पहले अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ की प्रगति पर चर्चा की गई। पुलिस आयुक्त ने इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और ऐसे तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जाए, जो कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपराधियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई को और तेज किया जाए, ताकि जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
बैठक के दौरान महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति’ अभियान की भी समीक्षा की गई। पुलिस आयुक्त ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मिशन शक्ति के तहत चलाए जा रहे कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाया जाए तथा महिला सुरक्षा से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, स्कूल-कॉलेजों और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की सतर्कता बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए। समीक्षा गोष्ठी में लंबित विवेचनाओं के निस्तारण को लेकर भी विशेष रूप से चर्चा की गई। पुलिस आयुक्त ने कहा कि लंबित मामलों का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विवेचना की गुणवत्ता में सुधार किया जाए और सभी मामलों में आवश्यक साक्ष्यों के आधार पर मजबूत कार्रवाई की जाए। बैठक में आगामी परीक्षाओं के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई।
पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाए और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनुचित गतिविधि को रोकने के लिए विशेष निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं के दौरान छात्रों और अभिभावकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क रहे। इसके अलावा आगामी त्योहार ईद-उल-फितर को देखते हुए भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों, बाजारों, मस्जिदों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि पर कड़ी नजर रखने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है और इसके लिए सभी अधिकारी पूरी सतर्कता के साथ कार्य करें।
पुलिस आयुक्त जे. रविंद्र गौड़ ने बैठक के अंत में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से गश्त बढ़ाएं और आम जनता के साथ संवाद बनाए रखें। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और सामाजिक शांति बनाए रखने के लिए पुलिस को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि समाज में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बनाए रखना भी है। यदि सभी अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करेंगे तो निश्चित रूप से जिले में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा नागरिकों को सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।
- व्हाट्स एप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- टेलीग्राम के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
- हमें फ़ेसबुक पर फॉलो करें।
- हमें ट्विटर पर फॉलो करें।
———-
🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।
Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||



