Image Slider

कानपुर: मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव और युद्ध का असर अब धीरे-धीरे भारतीय बाजारों में भी दिखाई देने लगा है. पहले इसका असर एक्सपोर्ट पर देखने को मिल रहा था, लेकिन अब इंपोर्ट भी प्रभावित होने लगा है. खासकर ड्राई फ्रूट्स और दलहन जैसी चीजों की सप्लाई पर इसका असर पड़ रहा है. इसकी वजह से कानपुर के बाजारों में भी हलचल शुरू हो गई है और कई चीजों के दाम बढ़ने के संकेत मिलने लगे हैं.

दरअसल भारत में बड़ी मात्रा में ड्राई फ्रूट्स विदेशों से आयात किए जाते हैं. बादाम, पिस्ता, किशमिश, अंजीर और खजूर जैसे मेवे ईरान, अफगानिस्तान और कई खाड़ी देशों से आते हैं. लेकिन मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ने और समुद्री रास्तों पर आई दिक्कतों की वजह से माल की आवाजाही प्रभावित हो रही है. इसका असर अब धीरे-धीरे भारतीय बाजारों में भी महसूस किया जाने लगा है.

दलहन और ड्राई फ्रूट्स के बढ़ रहे दाम

कानपुर के व्यापारियों का कहना है कि अभी शहर के कई बाजार गंगा मेला तक बंद रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद थोक बाजार में कीमतों को लेकर हलचल दिखाई देने लगी है. व्यापारियों के मुताबिक, दलहन और ड्राई फ्रूट्स के दाम धीरे-धीरे बढ़ने लगे हैं.

थोक बाजार में दिखने लगी तेजी

कानपुर के व्यापारी नेता ज्ञानेश मिश्रा का कहना है कि दलहन के दाम में अभी से तेजी देखने को मिल रही है. वहीं ड्राई फ्रूट्स के दाम भी धीरे-धीरे बढ़ने लगे हैं. उन्होंने बताया कि अगर मिडिल ईस्ट में चल रहा तनाव और युद्ध ऐसे ही चलता रहा, तो आने वाले दिनों में कीमतों में और तेजी आ सकती है.

ज्यादातर ड्राई फ्रूट्स विदेशों से आते हैं और अगर वहां से सप्लाई प्रभावित होती है, तो उसका सीधा असर बाजार पर पड़ता है. व्यापारियों का कहना है कि फिलहाल बाजार में जो पुराना स्टॉक है, उसी से काम चल रहा है. लेकिन अगर नई खेप समय पर नहीं पहुंची, तो आने वाले समय में कीमतों में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है.

नवरात्र और गर्मी से पहले बढ़ती है मांग

व्यापारियों के अनुसार, आने वाले समय में ड्राई फ्रूट्स की मांग भी बढ़ने वाली है. दरअसल कुछ ही दिनों में नवरात्र का पर्व शुरू होने वाला है. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग व्रत रखते हैं और ड्राई फ्रूट्स का इस्तेमाल ज्यादा करते हैं. इसके अलावा गर्मी का मौसम भी करीब है. गर्मियों में भी लोग बादाम, किशमिश और अन्य मेवों का सेवन ज्यादा करते हैं. ऐसे में बाजार में इनकी मांग बढ़ जाती है. अगर उसी समय विदेशों से आने वाली सप्लाई प्रभावित हुई, तो कीमतों में तेजी आना तय माना जा रहा है. इसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ सकता है.

व्यापारियों की नजर हालात पर

फिलहाल कानपुर के व्यापारी अंतरराष्ट्रीय हालात पर नजर बनाए हुए हैं. उनका कहना है कि अगर स्थिति जल्द सामान्य हो जाती है, तो बाजार में ज्यादा असर नहीं पड़ेगा. अगर मिडिल ईस्ट में तनाव लंबे समय तक जारी रहा, तो ड्राई फ्रूट्स और दलहन के दाम और बढ़ सकते हैं. दुनिया में चल रहे हालात का असर अब स्थानीय बाजारों तक पहुंचने लगा है. आने वाले कुछ हफ्तों में यह साफ हो जाएगा कि इसका बाजार और आम लोगों की जेब पर कितना असर पड़ता है.

———-

🔸 स्थानीय सूचनाओं के लिए यहाँ क्लिक कर हमारा यह व्हाट्सएप चैनल जॉइन करें।

 

Disclaimer: This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Ghaziabad365 || मूल प्रकाशक ||